09/08/2026
अमरावती में पासपोर्ट एनओसी को लेकर विवाद:
एमआईएम नेता अब्दुल नाजीम ने दी आमरण अनशन की चेतावनी
अमरावती:-
अमरावती महानगरपालिका के नगरसेवक और एआईएमआईएम (AIMIM) महाराष्ट्र के महासचिव अब्दुल नाजीम अब्दुल रऊफ ने नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले नागरिकों के पासपोर्ट वेरिफिकेशन और जन्म प्रमाण पत्र के मुद्दे पर एक आधिकारिक पत्र लिखकर पुलिस प्रशासन को घेरा है। उन्होंने मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन और आमरण अनशन पर बैठने का अल्टीमेटम दिया है।
क्या है पूरा मामला?
नगरसेवक अब्दुल नाजीम द्वारा नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को भेजे गए पत्र के अनुसार, नागपुरी गेट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुस्लिम बहुल इलाकों से बड़ी संख्या में नागरिक हज व उमराह यात्रा के लिए और छात्र उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाते हैं। इन नागरिकों और छात्रों को नए पासपोर्ट के लिए आवेदन करते समय पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।पत्र में आरोप लगाया गया है कि जिन आवेदकों के पास जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate) नहीं है, उन्हें पुलिस विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) देने से इनकार किया जा रहा है। एनओसी न मिलने के कारण पासपोर्ट कार्यालय ऐसे आवेदकों के पासपोर्ट जारी नहीं कर पा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों और छात्रों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नियमों का हवाला
एमआईएम नेता ने भारत सरकार द्वारा २४ फरवरी २०२५ को जारी राजपत्र (Gazette) का हवाला देते हुए कहा कि सरकार के संशोधित नियमों के अनुसार, जन्म तिथि के प्रमाण के तौर पर केवल जन्म प्रमाण पत्र ही अनिवार्य नहीं है। इसके स्थान पर टी.सी. (Transfer Certificate), पैन कार्ड, पेंशन ऑर्डर, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदान कार्ड (Voter ID) या अन्य सरकारी दस्तावेजों को भी जन्म तिथि के वैध प्रमाण के रूप में मान्यता दी गई है।उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि केंद्र सरकार के इन नियमों का पालन करते हुए अन्य दस्तावेजों के आधार पर भी नागरिकों को तत्काल एनओसी जारी की जाए।
७ दिन का अल्टीमेटम और आमरण अनशन की चेतावनी
अब्दुल नाजीम ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि वे अगले ७ दिनों के भीतर केंद्र सरकार के नियमों को स्वीकार करते हुए लंबित पासपोर्ट आवेदनों को मंजूरी दें। यदि पुलिस विभाग इस पर सकारात्मक कदम नहीं उठाता है, तो वे आगामी शुक्रवार (१४ अगस्त २०२६) को जुमे की नमाज के बाद दोपहर ३:०० बजे से नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के सामने अपने कार्यकर्ताओं के साथ आमरण अनशन (भूख हड़ताल) पर बैठेंगे।
Asaduddin Owaisi
Imtiaz jaleel