02/08/2026
पीपीएन (पीजी) कॉलेज में बीबीए एवं बीसीए के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत
कानपुर। पीपीएन (पीजी) कॉलेज, कानपुर में बीबीए एवं बीसीए पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं, प्लेसमेंट, खेल, एनसीसी तथा करियर विकास के विभिन्न अवसरों से अवगत कराना था।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनूप कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं कौशल विकास के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने महाविद्यालय में उपलब्ध आधुनिक पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, डिजिटल शिक्षण संसाधनों तथा छात्र हित में संचालित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. बी. डी. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, निरंतर सीखने तथा अपने व्यक्तित्व एवं व्यावसायिक कौशल का विकास करने का संदेश दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
क्रीड़ा एवं खेल विभागाध्यक्ष प्रो. सुनील शुक्ला ने महाविद्यालय की खेल सुविधाओं एवं विभिन्न खेल गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
प्लेसमेंट एवं करियर काउंसलर प्रो. आभा सिंह एवं प्रो. सुमन सिंह ने प्लेसमेंट प्रक्रिया, करियर काउंसलिंग, व्यक्तित्व विकास, कौशल प्रशिक्षण तथा इंटर्नशिप की विस्तृत जानकारी दी। वहीं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट दिनेश सिंह ने एनसीसी प्रशिक्षण, प्रमाणपत्रों तथा रक्षा सेवाओं एवं अन्य सरकारी नौकरियों में उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला।
बीसीए विभाग के सहायक आचार्य आदर्श कुमार गुप्ता, समरीन कमर ज़ाफ़री, इकरा रियाज़ एवं विशाल श्रीवास्तव तथा बीबीए विभाग के सहायक आचार्य बाला चारी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शैक्षणिक उत्कृष्टता, कौशल विकास एवं सफल करियर के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी गई। सभी शिक्षकों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को सफल शैक्षणिक जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।