01/06/2026
*संभावित बाढ़-2026 को लेकर तैयारियों की व्यापक समीक्षा*
*जन-जागरूकता, राहत एवं बचाव व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश*
*बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहा बाढ़ सुरक्षा सप्ताह अभियान*
प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय
जिला जनसंपर्क कार्यालय
मधेपुरा, दिनांक : 01 जून 2026
डीआरडीए परिसर स्थित झल्लू बाबू सभागार में बिहार सरकार की विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की माननीय मंत्री सह प्रभारी मंत्री, मधेपुरा श्रीमती शीला कुमारी की अध्यक्षता में संभावित बाढ़-2026 की पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बाढ़ राहत सामग्री, नाव एवं मोटरबोट की उपलब्धता, बाढ़ राहत शिविर, सामुदायिक रसोई, मानव एवं पशु स्वास्थ्य सेवाएं, शुद्ध पेयजल, क्षतिग्रस्त बांधों की मरम्मत, जल निकासी, अनुग्रह अनुदान तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 153 लाइफ जैकेट, 12,821 पॉलीथिन शीट उपलब्ध हैं तथा एसडीआरएफ की 24 सदस्यीय टीम तैनात है। निजी नाव मालिकों के साथ इकरारनामा के तहत 70 नावों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। संभावित बाढ़ के दौरान उपयोग हेतु शरण स्थलों एवं सामुदायिक रसोई स्थलों का भी चिन्हांकन कर लिया गया है।
बैठक में यह भी बताया गया कि बाढ़ प्रभावित प्रखंडों एवं अंचलों में 15 मई से 15 जून 2026 तक बाढ़ सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही 38 गोताखोरों को बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पटना द्वारा मास्टर प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षित किया गया है, जिनका एनडीआरएफ, गाईघाट (पटना) में आवासीय प्रशिक्षण भी निर्धारित है।
आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता हेतु जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC) स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष संख्या 06476-222220 तथा मोबाइल संख्या 9122771077 है।
बैठक में माननीय सांसद, विधायकगण, जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। अंत में प्रभारी मंत्री ने जन-धन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को पूरी सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Disaster Management Department Govt. of Bihar
01/06/2026
*भीषण गर्मी में पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित*
*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक : 01 जून 2026
भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, मधेपुरा द्वारा जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है।
यह नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक कार्यरत रहेगा। आमजन चापाकल खराब होने, पेयजल आपूर्ति में बाधा अथवा पेयजल से संबंधित अन्य समस्याओं की शिकायत नियंत्रण कक्ष में दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, मधेपुरा ने आम नागरिकों से अपील की है कि पेयजल संबंधी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या :
📞 **06476-223382*
📞 *_06476-223381_**
जिला प्रशासन द्वारा आमजन को भीषण गर्मी के दौरान निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने तथा जनसुविधाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Public Health Engineering Department, Government of Bihar
01/06/2026
*विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, 20 सूत्री बैठक में प्रभारी मंत्री ने दिए निर्देश*
*पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचे योजनाओं का लाभ : शीला कुमारी*
प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय
मधेपुरा, दिनांक : 01 जून 2026
जिले के समग्र विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज समाहरणालय सभागार, मधेपुरा में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार की विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की माननीय मंत्री सह मधेपुरा जिला की प्रभारी मंत्री श्रीमती शीला कुमारी ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभुक तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता विकास योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन के माध्यम से आम नागरिकों के जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार लाना है।
समीक्षा के दौरान विभागवार उपलब्धियों, चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों एवं समिति के सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न स्थानीय मुद्दों, सुझावों एवं समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया तथा उनके त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में गति लाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं जवाबदेही आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।
बैठक में सुपौल के माननीय सांसद श्री दिलेश्वर कामैत, बिहार विधानसभा के माननीय उपाध्यक्ष सह आलमनगर विधायक श्री नरेन्द्र नारायण यादव, मधेपुरा विधायक प्रोफेसर चन्द्रशेखर यादव, सिंहेश्वर विधायक श्री रमेश ऋषि, जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक श्री संदीप सिंह, उप विकास आयुक्त श्री अनिल बसाक सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा सुशासन एवं जनसेवा की भावना के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
30/05/2026
प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
दिनांक : 30 मई 2026
*मधेपुरा में स्वच्छ ऊर्जा विस्तार को मिली नई गति*
*PNG एवं LPG आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़, उपभोक्ताओं को मिल रही निर्बाध एवं समयबद्ध सेवा*
मधेपुरा, 30 मई 2026।
जिले में स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी पहल की जा रही है। पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन विस्तार कार्य तथा एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी के फलस्वरूप ऊर्जा सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
जिले में वर्तमान में 5 से अधिक वाणिज्यिक PNG कनेक्शन संचालित हैं। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित एजेंसियों को लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करते हुए कनेक्शन विस्तार अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है, ताकि अधिकाधिक उपभोक्ताओं को स्वच्छ एवं सुविधाजनक ईंधन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
जिला आपूर्ति कार्यालय से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित कुल 4,04,080 घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित एलपीजी गैस आपूर्ति उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) के 1,33,293, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के 2,27,472 तथा भारत पेट्रोलियम (BPCL) के 43,315 उपभोक्ता शामिल हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वच्छ ईंधन की सुविधा प्राप्त हो रही है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 14.2 किलोग्राम क्षमता के 11,367 घरेलू गैस सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम क्षमता के 902 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं समयबद्ध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में 4,980 गैस सिलेंडरों की सफलतापूर्वक होम डिलीवरी की गई है, जो बेहतर आपूर्ति प्रबंधन एवं प्रशासनिक सतर्कता का प्रमाण है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि ऊर्जा सेवाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के लिए नियमित समीक्षा की जा रही है। साथ ही नागरिकों से PNG एवं LPG जैसी स्वच्छ ऊर्जा सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा एवं स्वच्छ जीवनशैली को बढ़ावा देने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
30/05/2026
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
*प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक -30-05-2026
***********************
दो दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, उप विकास आयुक्त अनिल बसाक, अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सुश्री आम्रपाली कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा खिडलाड़ियो से परिचय प्राप्त कर किये।
जिलाधिकारी मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन ने कहा की मधेपुरा में प्रतिभा की कमी नहीं है इन्हें तरासने की जरूरत है जिले के हर एक गाँव, पंचायतों तथा अनुमंडल से भी खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित हो इसके लिए बैडमिंटन संघ द्वारा आगामी टूर्नामेंट हेतु प्रचार प्रसार कराया जाए साथ ही बैडमिंटन संध के अध्यक्ष इंद्रनिल घोष द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा स्वास्थ्य अनुदेशक श्री अरुण कुमार ने किया। मौके पर बैडमिंटन संघ के सचिव राजीव रंजन, त्रिदीप गांगुली, अरविंद कुमार, बंटी कुमार राजा कुमार, टेबुल टेनिस संघ सचिव प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, कबड्डी संघ के सचिव रौशन कुमार, शतरंज संघ के सचिव अनुज कुमार, शिक्षक राकेश कुमार जया भारती मिथिलेश कुमार, विनय कुमार, रत्नेश कुमार, संतोष कुमार मिथिलेश कुमार आदि उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
29/05/2026
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
*प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक - 29/05/2026
************************
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने की जनसुनवाई, नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया आवश्वासन
आज समाहरणालय, मधेपुरा स्थित जिलाधिकारी कक्ष में जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन द्वारा आम जनता से मुलाकात कर जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं कुल 49 आवेदनों को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु तत्काल निर्देश दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि हर आवेदन का निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शी एवं न्यायोचित तरीके से किया जाएगा।
जिला प्रशासन, मधेपुरा जनसहभागिता एवं जनसुनवाई को सर्वोपरि महत्व देता है तया आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए सतत प्रतिबद्ध है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
28/05/2026
आज दिनांक 28-05-2026 को जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन द्वारा एस०बी०आई० रोड, हीरो शोरूम एवं वार्ड संख्या-16 में निर्माणाधीन नाला का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं तकनीकी मानकों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक को कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जल निकासी व्यवस्था को सुचारू एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि नाला निर्माण कार्य पूर्ण होने से स्थानीय लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन भी सुगम होगा। उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर संबंधित विभाग के पदाधिकारी, अभियंता एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
27/05/2026
प्रेस विज्ञप्ति
सादर सूचित करना है कि युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, जिला नियोजनालय, मधेपुरा के तत्त्वावधान में दिनांक-26.05.2026 (मंगलवार) को संयुक्त श्रम भवन, मधेपुरा परिसर में एक दिवसीय जॉब कैम्प का आयोजन किया गया। एक दिवसीय जॉब कैम्प में नियोजक के रूप में SVATANTRA MICROFIN PRIVATE LIMITED, Rambagh, Kali Mandir, Purnea (Bihar) ने भाग लिया।
शिविर में रोजगार हेतु कुल 152 (एक सौ बावन) अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिसमें कुल-130 (एक सौ तीस) अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। साक्षात्कार के उपरांत कुल 50 (पचास) अभ्यर्थियों को SFO (Svatantra Field Officer) के पद पर चयन किया गया।
रोजगार शिविर में जिला कौशल प्रबंधक श्री मनीष गुप्ता, SVATANTRA MICROFIN PRIVATE LIMITED, Purnea (Bihar) के क्षेत्रीय एच०आर० मैनेजर, पूर्णियाँ श्री कृष्ण कुमार एवं यूनिट मैनेजर, त्रिवेणीगंज (सुपौल) श्री शिव शंकर कुमार, जिला नियोजनालय के निम्न वर्गीय लिपिक श्री रंजीत कुमार, डाटा इन्ट्री ऑपरेटर श्री बिमल कुमार, कार्यालय परिचारी श्री गणेश कुमार, सुरक्षा प्रहरी श्री नीतीश कुमार एवं श्री कौशल कुमार तथा सफाईकर्मी श्रीमती अंजनी कुमारी एवं श्री रोशन कुमार मल्लिक कैम्प के सफल आयोजन हेतु उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar