29/10/2026
पंचायती राज आम चुनाव-2026
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्ट्रांग रूम और मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
-निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने एवं निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न करवाने के दिए निर्देश
श्रीगंगानगर, 29 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव तथा पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर ने श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय एवं राजकीय विधि महाविद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप की गई तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सूरतगढ़ तथा श्रीविजयनगर उपखंड क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अमित यादव ने कहा कि पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के चुनाव निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन किया जाए। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखी जाए तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने मतदान कार्य में नियोजित कार्मिकों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर निर्वाचन कार्य से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखी जाएं तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी विभागों के अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर ने निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रखी जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों से निर्वाचन तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम एवं मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखा जाए। साथ ही, निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिकों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए चुनाव संबंधी दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर निरीक्षण के समय एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, सूरतगढ़ एसडीएम श्री भारत जय प्रकाश मीणा, श्रीविजयनगर एसडीएम श्री साक्षी पुरी, सूरतगढ़ डीएसपी श्री पारसमल, श्री मलकीत सिंह, संबंधित तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
State Election Commission, Rajasthan DIPR, Department of Information & Public Relations, Rajasthan