23/03/2026
आज सदर प्रखंड अंतर्गत तुईवीर एवं किड़ीगोट गांव में आगामी 25 मार्च को चाईबासा स्थित शहीद पार्क में शहीद दिवस मनाए जाने को लेकर तैयारी बैठक आयोजित की गई। तुईवीर गांव की बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण मुंडा श्री मैथ्यू देवगम ने की, जबकि किड़ीगोट गांव में बैठक की अध्यक्षता खूंटकट्टी रैयत रक्षा समिति के अध्यक्ष श्री बलभद्र संवैयां ने की।
बैठक में दोनों गांवों के सभी रैयतों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में शहीद पार्क पहुंचकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें। साथ ही, अपने वीर शहीद पूर्वजों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर झारखंड पुनरुत्थान अभियान के केंद्रीय महासचिव श्री अमृत माझी, खूंटकट्टी रैयत रक्षा समिति के सचिव श्री केदार नाथ कालुंडिया सहित दोनों गांवों के दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।
18/03/2026
कोल्हान के शहीदों को श्रद्धांजलि देने 25 मार्च को जुटेंगे ग्रामीण
आज सदर प्रखंड अंतर्गत कातिगुटू गांव में आगामी 25 मार्च को चाईबासा स्थित शहीद पार्क में शहीद दिवस मनाए जाने के संबंध में तैयारी बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम मुंडा श्री सिद्धयू पूर्ति ने की।
बैठक में गांव के रैयतों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें।
झारखंड पुनरुत्थान अभियान के केंद्रीय महासचिव श्री अमृत माझी ने कहा कि अंग्रेजों को इस बात का एहसास हो गया था कि कोल्हान के हो लड़ाके अपनी जान दे देंगे, लेकिन अपनी खूंटकट्टी जमीन नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कोल्हान के आदिवासियों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। फलस्वरूप आज भी मानकी-मुंडा स्वशासन व्यवस्था विद्यमान है।
बैठक में सुरा पूर्ति, सैमुअल पूर्ति, पादरी पूर्ति, चंपाई पूर्ति, विजय पूर्ति, खूटकट्टी रैयत रक्षा समिति के सचिव केदार नाथ कालुंडिया सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।
03/03/2026
Punjab National Bank ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) में निःशुल्क जुट प्रोडक्ट उद्यमी प्रशिक्षण शुरू
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए सुनहरा अवसर है। Punjab National Bank Rural Self Employment Training Institute (RSETI) द्वारा 14 दिवसीय निःशुल्क जुट प्रोडक्ट उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण भारत सरकार से मान्यता प्राप्त है तथा पूर्णतः नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक युवक-युवतियाँ भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित होगा। संस्थान की ओर से प्रतिभागियों को भोजन, छात्रावास, कॉपी-किताब एवं ड्रेस निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान जुट उत्पाद निर्माण की संपूर्ण जानकारी दी जाएगी तथा सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक कौशल और मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
पंजीयन की अंतिम तिथि: 08.03.2026
प्रशिक्षण प्रारंभ तिथि: 09.03.2026
आवश्यक दस्तावेज:
5 पासपोर्ट साइज फोटो, राशन कार्ड, आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, स्कूल प्रमाण पत्र एवं बैंक पासबुक।
स्थान: आरसेटी, पंजाब नेशनल बैंक, दवानसाईं, सरायकेला।
संपर्क नंबर: 7479717293, 9199646025, 8789471135, 7250286385, 7007609159, 6200940892.