PRO Jansampark Indore

  • Home
  • PRO Jansampark Indore
Call Website Contact the organization

PRO Jansampark Indore PROjansampark Indore, Government of Madhya Pradesh
(1)

*शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न*--*शास्त्रीय एवं लोक कलाओं की म...
08/10/2026

*शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न*
--
*शास्त्रीय एवं लोक कलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध*
इंदौर, 08 अक्टूबर 2026
शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, किला भवन, इंदौर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) एवं ‘विकसित भारत @ 2047’ के अंतर्गत अखिल भारतीय शिक्षा समागम की थीम “एनईपी—शिक्षा से विकसित भारत” पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं विभिन्न लोक कलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर भारतीय कला एवं संस्कृति के विविध रंगों को साकार किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मां कनकेश्वरी महाविद्यालय, इंदौर के प्राचार्य डॉ. संजय सोनी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा एक के बाद एक आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
छात्राओं तनवी खोंडे, शांभवी खरे एवं मानसी नागर ने भक्तिभाव से परिपूर्ण ‘शिव स्तुति’ नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक भाव से भर दिया। शास्त्रीय गायन में वैदही जैन ने अपनी सुरीली तानों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। हर्षिता जारिया, पायल यादव, प्रगति शाह एवं ध्यानी शाह ने प्रसिद्ध ठुमरी “सब बन ठन आई श्यामा प्यारी रे” पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर बृज संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी।
लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों में जानवी श्रोत्रिय ने लोकगीतों की प्रस्तुति दी, जबकि झनकार गोले एवं संगीता कोरी ने बुंदेली लोकगीत प्रस्तुत कर लोक परंपराओं की समृद्ध विरासत से दर्शकों को परिचित कराया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर चेतना जाधम, मानसी नागर, शांभवी खरे, गुंजन चांडक एवं मिताली कश्यप ने गरबा लोक नृत्य की ऊर्जावान प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने पूरे सभागार को उत्सव और उल्लास के रंग में सराबोर कर दिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. संजय सोनी ने छात्राओं की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ कला एवं संस्कृति से जुड़ाव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कला एवं शिक्षा के समन्वय को रेखांकित किया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी. पी. बैरागी, एनईपी प्रभारी डॉ. मनीषा जोशी एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. देवेंद्र कुमरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन डॉ. योगिता मंडलिक ने किया। अंत में प्रो. सादिक खान ने आभार व्यक्त किया।
आयोजन में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने छात्राओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय शास्त्रीय एवं लोक संस्कृति की समृद्ध परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।



#इंदौर
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh

*विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु समुदाय के लिए समस्या निवारण शिविर आयोजित*---*विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं आवश्यक दस्तावे...
08/10/2026

*विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु समुदाय के लिए समस्या निवारण शिविर आयोजित*
---
*विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए प्राप्त किए गए आवेदन**
इंदौर, 08 अक्टूबर 2026
विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु समुदाय के सदस्यों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने तथा विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज बनवाने में आने वाली कठिनाइयों के निराकरण के उद्देश्य से विभागीय निर्देशानुसार गुरूवार को श्री वैष्णव इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड साइंस, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, सेक्टर-बी, गुमास्ता नगर, स्कीम नंबर-71, इंदौर में समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।
विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु समुदाय के अनेक सदस्य अपनी पारंपरिक व्यावसायिक गतिविधियों के कारण समय-समय पर अपने मूल निवास स्थान से अन्य स्थानों पर प्रवास करते हैं। इसके कारण उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में स्वरोजगार योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, विमुक्त-घुमंतु जाति प्रमाण-पत्र, आधार पहचान-पत्र, फेरी प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, पात्रता पर्ची, वृद्धावस्था एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पेयजल, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा सहित शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।
शिविर में विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु कल्याण विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, लोकसेवा केन्द्र, ई-गवर्नेंस विभाग, जन अभियान परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा हितग्राहियों को संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उनके आवेदन प्राप्त किए गए।
इस अवसर पर परिचर्चा का आयोजन भी किया गया। परिचर्चा में समुदाय के सदस्यों के साथ-साथ महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों से अवगत कराया। सहायक संचालक श्री अनिल सोनी ने विभागीय योजनाओं एवं उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र संयोजक श्री विजय जायसवाल ने आभार व्यक्त किया। शिविर में बड़ी संख्या में समुदाय के हितग्राही, समाजसेवी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

#इंदौर #विमुक्तघुमंतु #जनसेवा
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh

*इंदौर में टी.बी. मुक्त पंचायतों का सम्मान, जिला स्तरीय JOSH टीम के कार्यों का शुभारंभ*---*टी.बी. उन्मूलन के लिए युवाओं ...
08/10/2026

*इंदौर में टी.बी. मुक्त पंचायतों का सम्मान, जिला स्तरीय JOSH टीम के कार्यों का शुभारंभ*
---
*टी.बी. उन्मूलन के लिए युवाओं की सहभागिता से बढ़ेगा जनजागरूकता अभियान*
इंदौर, 08 अक्टूबर 2026
टी.बी. मुक्त भारत अभियान को गति देने तथा जिले में टी.बी. उन्मूलन के लिए जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यक्रम गुरुवार को एम.जी.एम. मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी ऑडिटोरियम, ढक्कन वाला कुआं, इंदौर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला स्तरीय ज्वाइंट स्क्वायड फॉर हेल्थ (JOSH) टी.बी. मुक्त भारत टीम के कार्यों का शुभारंभ किया गया। साथ ही दिल्ली से राष्ट्रीय स्तर पर JOSH अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री शंकर लालवानी ने जिले में JOSH कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा टी.बी. मुक्त घोषित पंचायतों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंदौर हर क्षेत्र में अग्रणी रहा है और सामूहिक प्रयासों से इंदौर जिला भी शीघ्र ही टी.बी. मुक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने टी.बी. मुक्त भारत के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को देश के सामने रखा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से टी.बी. के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को उपचार के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
इंदौर जिले में विकासखंड स्तर पर 12 टी.बी. मुक्त भारत समितियों का गठन किया गया है। प्रत्येक समिति में प्रथम श्रेणी अधिकारी को टीम लीडर बनाया गया है। टीम में 5 मेरा युवा भारत वालेंटियर तथा 5 एनसीसी कैडेट्स शामिल हैं। JOSH टीम के सदस्य आमजन को टी.बी. की रोकथाम, जांच एवं उपचार के संबंध में परामर्श देने के साथ ही टी.बी. मरीजों को निर्धारित औषधियों का पूरा डोज लेने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके माध्यम से टी.बी. से संबंधित भ्रम एवं भ्रांतियों को दूर करने तथा उपचार के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि JOSH कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को टी.बी. उन्मूलन अभियान से जोड़ना एक महत्वपूर्ण पहल है। युवाओं के माध्यम से जब लोगों को सही परामर्श और जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, तो टी.बी. से जुड़े भ्रम एवं भ्रांतियां दूर होंगी तथा मरीजों में उपचार पूरा करने के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से टी.बी. उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने में जिले को महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
टी.बी. मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पंचायती राज विभाग एवं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के संयुक्त प्रयासों से वर्ष 2025 में इंदौर जिले की 135 ग्राम पंचायतों को चरणबद्ध रूप से टी.बी. मुक्त घोषित किया गया है। इनमें 37 ग्राम पंचायतों को स्वर्ण पदक, 47 को रजत पदक तथा 51 ग्राम पंचायतों को कांस्य पदक प्रदान किया गया। कार्यक्रम में संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा अपनी-अपनी पंचायतों के लिए पदक ग्रहण किए गए।
कार्यक्रम में जिला क्षय अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र जैन, जिला युवा अधिकारी श्री पंकज गोस्वामी, शहरी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, पुरस्कृत ग्राम पंचायतों के सरपंच, JOSH टीम के सदस्य तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
---
#इंदौर
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Indore Commissioner

*सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में Arduino एवं Internet of Things (IoT) कार्यशाला आ...
08/10/2026

*सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में Arduino एवं Internet of Things (IoT) कार्यशाला आयोजित*
इंदौर, 08 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय राजेंद्र नगर में कार्यशाला आयोजित की गई। छात्राओं में नवीनतम तकनीकी ज्ञान, नवाचार एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करने के उद्देश्य से Arduino एवं Internet of Things (IoT) विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग ब्रांच की लगभग 80 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती विजया शिंदे ने तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ नवीनतम तकनीकों के व्यावहारिक ज्ञान को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। विभागाध्यक्ष श्री आशीष शर्मा ने Internet of Things (IoT) की उपयोगिता एवं वर्तमान तकनीकी परिदृश्य में इसकी बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नई तकनीक सीखने के लिए आह्वान किया।
कार्यशाला में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा छात्राओं को Arduino की मूलभूत अवधारणाओं, IOT, विभिन्न सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इंटरफेसिंग तथा IoT के व्यावहारिक अनुप्रयोगों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों एवं प्रायोगिक कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लिया तथा तकनीकी अवधारणाओं को प्रयोग के माध्यम से समझा। कार्यक्रम में अतिथियों एवं प्रशिक्षकों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यशाला में महाविद्यालय की कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष श्री आशीष शर्मा, सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी श्री संजय गुप्ता, श्री मंदीप सुराली तथा AVM Infotech Pvt. Ltd. से पधारे विशेषज्ञ प्रशिक्षक कार्यशाला में वरिष्ठ रोबोटिक्स प्रशिक्षक एवं डेवलपर श्री सौरभ शर्मा तथा रोबोटिक्स इंजीनियर प्रशिक्षक श्री अनुज गौर उपस्थित रहे।

---- #इंदौर
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh

*सेवा मेरा योगदान अभियान अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिए मार्गदर्शन सत्र आयोजित*----*मार्गदर्शन सत्र में काउंसलर्स द्वारा दि...
08/10/2026

*सेवा मेरा योगदान अभियान अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिए मार्गदर्शन सत्र आयोजित*
----
*मार्गदर्शन सत्र में काउंसलर्स द्वारा दिव्यांगजनों की काउंसिलिंग की गई*
----
*कार्यक्रम में सांसद श्री लालवानी ने दिव्यांग रुद्राक्ष को दिया नियुक्ति-पत्र*

इंदौर, 8 अक्टूबर 2026
सेवा मेरा योगदान अभियान (सेवा संकल्प-2026) के अंतर्गत आज प्रशासनिक संकुल स्थित देवी अहिल्याबाई होलकर ऑडिटोरियम-210 में दिव्यांगजनों के लिए कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार विषय पर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद श्री लालवानी ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री अजीत श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री पवन चौहान एवं मध्यप्रदेश दिव्यांगजन कल्याण प्रकोष्ठ के श्री अजीत सिंह कुशवाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मार्गदर्शन सत्र में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, रोजगार कार्यालय, कौशल विकास विभाग, NRLM एवं NULM द्वारा संचालित विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दिव्यांगजनों को दी गई। साथ ही विभिन्न काउंसलर्स द्वारा उनकी व्यक्तिगत काउंसलिंग कर उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप रोजगार के अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर सांसद श्री शंकर लालवानी ने दिव्यांगजन श्री रुद्राक्ष चौहान को डी-मार्ट में नियुक्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीमती शिखा मालाकार ने उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
---
#इंदौर
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh

07/10/2026

*सोयाबीन कटाई के बाद नरवाई नहीं जलायें किसान, पर्यावरण और मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बचायें*
इंदौर, 7 अक्टूबर 2026
इंदौर जिले में सोयाबीन फसल की कटाई का कार्य प्रारंभ हो गया है। सोयाबीन की कटाई के पश्चात खेतों में बचे फसल अवशेष (नरवाई) को जलाने की प्रवृत्ति से पर्यावरण प्रदूषण के साथ-साथ मिट्टी की संरचना एवं उर्वरा शक्ति भी प्रभावित होती है। नरवाई जलाना खेती के लिए नुकसानदायक होने के साथ ही पर्यावरण एवं जन-धन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। जिला प्रशासन, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा किसानों से नरवाई नहीं जलाने की अपील की गई है।
फसल अवशेष प्रबंधन के संबंध में जिले के समस्त विकासखण्डों की प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों, राजस्व विभाग के पटवारी एवं पंचायत विभाग के पंचायत सचिव के माध्यम से किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान तथा इसके उचित प्रबंधन के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

*नरवाई जलाने पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि का प्रावधान*

मध्यप्रदेश शासन के प्रावधानों के अनुसार नरवाई जलाने पर पर्यावरण क्षति के रूप में आर्थिक दण्ड का प्रावधान निर्धारित किया गया है। इसके तहत 2 एकड़ तक भूमि वाले व्यक्ति, निकाय अथवा कृषक द्वारा नरवाई जलाने पर प्रति घटना 2 हजार 500 रुपये, 2 से 5 एकड़ तक भूमि वाले कृषक द्वारा नरवाई जलाने पर प्रति घटना 5 हजार रुपये तथा 5 एकड़ से अधिक भूमि वाले कृषक द्वारा नरवाई जलाने पर प्रति घटना 15 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि के रूप में आर्थिक दण्ड निर्धारित है। नरवाई में आग लगाने पर पुलिस द्वारा प्रकरण भी कायम किया जा सकता है।

*नरवाई जलाने से मिट्टी एवं पर्यावरण को नुकसान*

सोयाबीन एवं अन्य फसलों के अवशेषों को जलाने से भूमि में मौजूद लाभदायक सूक्ष्म जीवाणु एवं केंचुए नष्ट हो जाते हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है। लगातार नरवाई जलाने से भूमि कठोर होने के साथ उसकी जल धारण क्षमता भी कम होती है। इसके अलावा खेतों के आसपास खड़ी फसलों में आग फैलने से जन-धन की हानि की आशंका रहती है। नरवाई जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है तथा वातावरण के तापमान में वृद्धि होने से पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

*नरवाई प्रबंधन के अपनायें वैज्ञानिक उपाय*

किसान भाई नरवाई जलाने के बजाय इसके उचित प्रबंधन के लिए स्ट्रॉ रीपर (भूसा मशीन) से भूसा तैयार कर सकते हैं। वेलर मशीन के माध्यम से फसल अवशेषों की बेल बनाकर कागज उद्योग, बायोमास तथा डेयरी में उपयोग किया जा सकता है। मल्चर मशीन से फसल अवशेषों को बारीक काटकर खेत में जैविक खाद के रूप में उपयोग किया जा सकता है। इसी प्रकार कम्बाइन हार्वेस्टर के साथ स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम वाले हार्वेस्टर का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

खेत में कल्टीवेटर, रोटावेटर अथवा डिस्क हैरो आदि कृषि यंत्रों की सहायता से फसल अवशेषों को भूमि में मिलाने से आगामी फसल के लिए आवश्यक जीवांश एवं पोषक तत्वों की उपलब्धता बढ़ती है। इससे मिट्टी की संरचना एवं उर्वरा शक्ति को बनाए रखने में मदद मिलती है। फसल अवशेषों का उपयोग पशुओं के लिए भूसा तैयार करने में भी किया जा सकता है।

*किसान नरवाई का उचित प्रबंधन कर अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर सकते हैं*

जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों ने किसानों से अपील की है कि फसल कटाई के पश्चात नरवाई में किसी भी स्थिति में आग न लगायें। नरवाई का उचित प्रबंधन कर पशुओं के लिए भूसा, खेत के लिए जैविक खाद एवं अन्य उपयोगी सामग्री तैयार की जा सकती है। इससे भूमि एवं पर्यावरण को होने वाले नुकसान से बचाने के साथ ही फसल उत्पादन के अतिरिक्त आय के अवसर भी प्राप्त किए जा सकते हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे स्वयं नरवाई न जलायें तथा अन्य किसानों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
--
#इंदौर #नरवाई_प्रबंधन #कृषि
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh

*सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित*इंदौर, 7 अक्टूबर 2026 शासकीय महाविद्यालय खजराना, इंदौर में महाविद...
07/10/2026

*सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित*
इंदौर, 7 अक्टूबर 2026
शासकीय महाविद्यालय खजराना, इंदौर में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना शर्मा के मार्गदर्शन में रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मेदांता फाउंडेशन, इंदौर की विशेषज्ञ टीम द्वारा लगभग 98 छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालयीन स्टाफ का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों की ब्लड प्रेशर, वजन, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन एवं ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। जांच के उपरांत आवश्यकता अनुसार स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मेदांता फाउंडेशन, इंदौर के सीएसआर मैनेजर श्री अनिल शर्मा एवं डायटिशियन डॉ. कन्हैया चौरसिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्री अनिल शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के महत्व की जानकारी दी। वहीं डॉ. कन्हैया चौरसिया ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, उचित डाइट लेने की विधि तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी प्रदान की।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उचित उपचार एवं आवश्यक सावधानियां अपनाई जा सकती हैं।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय रेड रिबन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनस्विनी मुकुल द्वारा किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें समय रहते स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा। शिविर में विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

#इंदौर #सेवा_संकल्प_अभियान

07/10/2026

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई: अत्यधिक गंदगी में केक निर्माण पाए जाने पर आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबन हेतु भेजा गया, तीन प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने लिए गए*

इंदौर, दिनांक 07 अक्टूबर 2026।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्य प्रदेश, भोपाल के निर्देशन में तथा कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला इंदौर द्वारा आगामी त्योहारी अवधि को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच हेतु निरंतर निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज विभिन्न खाद्य निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

*आयुष बेकरी, छोटा बांगड़दा में अत्यधिक गंदगी के बीच केक निर्माण, खाद्य पंजीयन निलंबन हेतु प्रेषित*

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा आयुष बेकरी, छोटा बांगड़दा, इंदौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण परिसर में अत्यधिक गंदगी पाई गई। प्रतिष्ठान के बाहर कचरा डंप किया हुआ था तथा उसी स्थान के समीप केक का बेस तैयार किया जा रहा था।

केक तैयार करने की प्रिपरेशन टेबल पर चींटियां एवं मक्खियां चलती हुई पाई गईं। इसके अतिरिक्त फ्रीजर एवं फ्रिज की सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब पाई गई तथा वहां एक्सपायर्ड चेरी का उपयोग किया जाना पाया गया।

मौके पर खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र एवं पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए।

निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी प्राप्त हुई कि प्रतिष्ठान में तैयार किए जाने वाले केक का आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सेल्समैन के माध्यम से विक्रय किया जाता है।

खाद्य पदार्थों के निर्माण में पाई गई गंभीर स्वच्छता संबंधी अनियमितताओं एवं लोक स्वास्थ्य के हित को दृष्टिगत रखते हुए प्रतिष्ठान के खाद्य पंजीयन को वर्तमान में निलंबित किए जाने हेतु प्रकरण पंजीयन प्राधिकारी की ओर प्रेषित किया जा रहा है।

*दीपनीषा गृह उद्योग, सांवरिया नगर में सुधार सूचना पत्र जारी*

दीपनीषा गृह उद्योग, सांवरिया नगर का निरीक्षण किया गया। आगामी त्योहारी अवधि को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य निर्माण में संलग्न कर्मचारियों को साफ-सुथरे कपड़े पहनने तथा हेड कैप एवं एप्रन का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान प्रसंस्करण हेतु आरओ पानी का उपयोग नहीं किया जाना पाया गया। साथ ही वाशिंग एरिया के लिए पृथक व्यवस्था नहीं पाई गई। पैकेजिंग संबंधी लेबल भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किया गया।

खाद्य सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित किए जाने हेतु प्रतिष्ठान को सूचना पत्र जारी किया जा रहा है।

मौके पर प्रभारी विक्रेता श्री दीपक गुप्ता की उपस्थिति में राजगिरा लड्डू का खाद्य नमूना संग्रहित किया गया, जिसे जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

*किशन चिप्स एंड फूड प्रोडक्ट पर सुधार सूचना पत्र, चिप्स का नमूना लिया गया*

किशन चिप्स एंड फूड प्रोडक्ट, सांवेर रोड इंडस्ट्रियल एरिया, सेक्टर एफ, इंदौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र एवं पेस्ट कंट्रोल संबंधी अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। साथ ही खाद्य सामग्री एवं अन्य मटेरियल के रखरखाव की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई।

उक्त अनियमितताओं के संबंध में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने हेतु प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है।

मौके पर श्री किशन कुमावत की उपस्थिति में चिप्स का खाद्य नमूना संग्रहित किया गया, जिसे जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

*त्योहारी अवधि को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों पर निगरानी जारी*

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा आगामी त्योहारी अवधि को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य कर्मियों की स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच लगातार की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

#इंदौर
Food Safety and Standards Authority of India
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh

*शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय में वन्यजीव संरक्षण एवं प्रबंधन पर सात दिवसीय व्याख्यान श्रृंखल...
07/10/2026

*शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय में वन्यजीव संरक्षण एवं प्रबंधन पर सात दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला का समापन*
इंदौर, 07 अक्टूबर 2026
शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय किला भवन इंदौर में इकोक्लब एवं जूलॉजी विभाग द्वारा आयोजित “वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन” विषय पर सात दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला का समापन 7 अक्टूबर 2026 को हुआ। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी के मार्गदर्शन में इकोक्लब प्रभारी डॉ. पूजा जैन द्वारा किया गया।
सात दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला के समापन अवसर पर डिजिटल पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विषयों पर रचनात्मक डिजिटल पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के निर्णायक डॉ. सुभाष सोनी एवं डॉ. अनिता मुकाती रहे।
प्रतियोगिता में एम. साक्षी अहिरवार ने प्रथम, गार्गी लोदवाल ने द्वितीय तथा करिश्मा बोरासी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता एवं प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण-पत्र के साथ इको-फ्रेंडली पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वन्यजीव एवं जैव विविधता का संरक्षण केवल वन विभाग या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। छात्राओं में वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करना इस व्याख्यान श्रृंखला का प्रमुख उद्देश्य रहा। सात दिवसीय आयोजन के माध्यम से छात्राओं को वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन के महत्व से अवगत कराया गया तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. अनिता मुकाती, प्रो. ऋतु मथुरिया, डॉ. अमरीश निगम, डॉ. आशीष कपूर, प्रो. खुशबू निगम सहित महाविद्यालय की छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


#इंदौर

07/10/2026

*इंदौर में जिला स्तर पर बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान की कार्यशाला आयोजित*
----
*28 विभागों से संबंधित 222 सुधारों के क्रियान्वयन पर हुआ मंथन*
इंदौर, 7 अक्टूबर 2026
भारत सरकार के निर्देशानुसार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज इंदौर में डिस्ट्रिक्ट बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान (District Business Reform Action Plan) संबंधित कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन एमपीआईडीसी (MPIDC), भोपाल मुख्यालय के माध्यम से किया गया। कार्यशाला कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।
कार्यशाला में बताया गया कि भारत सरकार के DPIIT द्वारा निर्धारित बिजनेस रिफॉर्म्स को मध्यप्रदेश में प्रभावी रूप से लागू किया जाना है। इसके अंतर्गत जिले में 28 विभागों से संबंधित कुल 222 रिफॉर्म्स का क्रियान्वयन किया जाना है। एमपीआईडीसी भोपाल के श्री पुनीत जैन ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में व्यवसाय शुरू करने और उसका विस्तार करने वाले उद्यमियों को विभिन्न शासकीय सेवाएं को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना है। व्यवसाय शुरू करने के लिए उद्यमियों को विभिन्न विभागों से सेवाएं, अनुमतियां एवं एनओसी प्राप्त करनी होती हैं। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इन सेवाओं के लिए किए गए आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण हो तथा आवश्यक निरीक्षण भी निर्धारित समय पर पूर्ण किए जाएं।
कार्यशाला में सभी संबंधित सेवाओं को अधिक से अधिक ऑनलाइन करने, समयबद्ध निरीक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उद्यमियों को आवश्यक हैंड होल्डिंग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को इस दिशा में प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यशाला में बताया गया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के इन सुधारों का व्यापक उद्देश्य मध्यप्रदेश में व्यवसाय एवं निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना, अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करना, नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करना तथा रोजगार के अवसर बढ़ाना है। इससे प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है। कार्यशाला में एमपीआईडीसी के श्री अतुल उनीयाल ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी। कार्यशाला में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के महाप्रबंधक श्री स्वप्निल गर्ग, सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, उपसंचालक कृषि श्री संदीप यादव सहित शिक्षा, परिवहन, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
----


#इंदौर
Jansampark Madhya Pradesh

Address

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, फर्स्ट फ्लोर, रूम नंबर 101

452004

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when PRO Jansampark Indore posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to PRO Jansampark Indore:

Shortcuts

  • Want your organization to be the top-listed government service?

Share