21/08/2021
कोटा। चिकित्सा एवं जनसम्पर्क मंत्री डॉ. रघु शर्मा और स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने कोटा जिले को चिकित्सा के क्षेत्र में नई सौगात देते हुए 16.53 करोड़ रूपये के नवीन कार्यों का लोकार्पण किया। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि पिछले ढाई सालों में चिकित्सा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य करते हुए राजस्थान देश में अग्रणी पंक्ति में शामिल हुआ है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल ऑक्सीजन के क्षेत्र में राजस्थान आत्मनिर्भर बनने जा रहा है। 400 स्थानों पर ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है। 50 हजार ऑक्सीजन कंसनट्रेटर की खरीद भी की गई है। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि कोटा में चिकित्सा के क्षेत्र में पिछले ढाई सालों में 350 करोड़ की राशि के नवीन कार्य कराये गये है, 50 करोड़ रूपये की लागत से कुन्हाड़ी में नवीन जिला चिकित्सालय का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जेकेलोन अस्पताल में नवीन नीकु वार्ड आधुनिक सुविधायुक्त है, प्रगतिरत् कार्य पूरा होने पर नीकु में 258 बेड की क्षमता तथा पीकु में 263 बेड की क्षमता हो जायेगी तथा आईसीयू के भी 300 बेड हो जायेंगे। उन्होेंने कहा कि एमबीएस व जेकेलोन नवीन ब्लॉक का निर्माण चल रहा है, इनके लिए 8 करोड़ रूपये की लागत के उपकरण भी प्राप्त हो गये है जो शीघ्र शुरू कर दिये जायेंगे।
इन कार्यों का लोकार्पण- मेडिकल कॉलेज में 525 लाख रूपये की लागत की नवनिर्मित एमडीआरयू लेब का लोकार्पण किया इस पर 47.44 लाख रूपये एक वर्ष के संचालन पर व्यय होंगे। 99.75 लाख रूपये लागत की 3 जीवन रक्षक उपकरण युक्त एम्बूलेंस विथ नेगेटिव प्रेशर को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ही 800 लाख की लागत से मुख्यमंत्री की बजट घोषणा में नवनिर्मित किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट का लोकार्पण किया। सुपर स्पेश्यलिटी चिकित्सालय में 115.94 लाख की लागत से निर्मित ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का लोकार्पण कर पौधारोपण भी किया। जेके लोन अस्पताल में 65 लाख रूपये की लागत से नवस्थापित 4-डी कलर डॉप्लर सोनोग्राफी मशीन का फीता काटकर लोकार्पण किया। इससे गर्भ में पल रहे शिशु की विशेष रूप से जन्मजात अंगों की कुरूपता की जांच की जा सकेगी। महिलाओं एवं शिशु से संबंधित रोगों के निदान में सुविधा होगी। इससे मांसपेशियों एवं जोड़ों की सोनोग्राफी भी कराई जा सकेगी।

21/08/2021
17/06/2021
08/06/2021
07/06/2021