25/09/2026
*पंडित दीनदयाल के विचार आज भी प्रासंगिक, अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी*
भाजपा बहरागोड़ा मंडल कार्यालय में मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर के अध्यक्षता में शुक्रवार को जनसंघ के प्रमुख विचारक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान और अंत्योदय के लिए समर्पित रहा। उन्होंने एकात्म मानववाद का विचार देकर भारतीय राजनीति को नई दिशा प्रदान की। उनका स्पष्ट मानना था कि देश की प्रगति तभी सार्थक मानी जाएगी, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच सेवा भाव से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के साथ-साथ जनसेवा को प्राथमिकता देना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
डॉ. गोस्वामी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज की सेवा का साधन माना। उनके आदर्शों को आत्मसात करना और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनकी जयंती पर सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव,सुमन कल्याण मंडल,काजल महाकुड,ज्योत्स्नामई बैरा,अपूर्व सुंदर दास, भक्तिश्री पांडा,कवीन्द्र नाथ कुंडू,दीपांकर साव, नारायण मंडी, खोकन पाल,प्रह्लाद घोष, श्यामसुंदर पाल,राजू महतो,शांति गिरि उपस्थित थे।