01/06/2026
जिला कलक्टर का बाड़मेर शहर में आकस्मिक दौरा, समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
आमजन ने जिला कलक्टर से रुबरु होकर अपनी परिवेदनाएं बताई
नाला निर्माण, विद्युत ट्रांसफार्मर पर सुरक्षा प्रबंधन के साथ नियमित सफाई एवं जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
बाड़मेर, 01 जून। जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने सोमवार शाम को बाड़मेर शहर के विभिन्न वार्डों का आकस्मिक दौरा कर आमजन से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने बिजली, पानी, सड़क, सफाई एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति की विस्तार से जानकारी लेने के साथ जन समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर विभागीय अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने सोमवार को गेहूं रोड़ स्थित कचरा संग्रहण स्थल, कुड़ला स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं नंदी गोशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इनके बारे में विस्तार से जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जनता से रू-ब-रू, समस्याओं का त्वरित समाधान के निर्देश
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने वार्डवार भ्रमण के दौरान स्थानीय निवासियों खासकर महिलाओं से मुलाकात की। कई महिलाओं और आम नागरिकों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताईं, जिनमें पेयजल की कमी, बिजली आपूर्ति में अनियमितता, सीवरेज की समस्या, सड़कों की खस्ता हालत और कचरा प्रबंधन जैसी शिकायतें प्रमुख थीं।
जिला कलक्टर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद नगर परिषद, पीएचईडी, डिस्कॉम के विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और जल्दी से जल्दी आमजन को राहत पहुंचे। उन्होंने श्मशान घाट के प्रवेश द्वार पर स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर के आगे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने आमजन की परिवेदनाएं सुनते हुए नाले की सफाई करवाने एवं जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इससे पहले नवले की चक्की के पास नाले की सफाई एवं गेहूं रोड़ से हिंगलाज मंदिर तक सड़क निर्माण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को नियमित फॉलो-अप करने और रिपोर्ट देने के भी निर्देश दिए।
कचरा ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने गेहूं रोड़ स्थित नगर परिषद के कचरा ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, क्षमता, कचरा प्रसंस्करण की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने यहां पर पौधारोपण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रस्तावित नवीन कचरा संग्रहण स्थल के बारे में जानकारी ली।
कुंडला में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन
जिला कलक्टर ने कुंडला क्षेत्र में स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का जायजा लिया। उन्होंने प्लांट के सुचारू संचालन, ट्रीटमेंट की गुणवत्ता और पर्यावरण मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-साफ कहा कि सीवरेज का ट्रीटेड पानी यदि किसी उद्देश्य के लिए उपयोग किया जा रहा है तो उसकी नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने नाला निर्माण के बारे में आवश्यक निर्देश दिए।
नंदी गोशाला का निरीक्षण
जिला कलक्टर ने नंदी गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गोशाला में उपलब्ध चारे की मात्रा, गुणवत्ता, पानी की व्यवस्था, गोवंशों की देखभाल और गो संरक्षण की समग्र स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गोशाला को और बेहतर बनाने तथा पशुओं की देखभाल में किसी प्रकार की कमी नहीं आने देने के निर्देश दिए। इस दौरान पुरुषोत्तम खत्री ने गोशाला संचालन के बारे में अवगत कराया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत, उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर, यूआईटी सचिव विवेक व्यास, श्रवण सिंह चांदावत, नगर परिषद आयुक्त भगवत सिंह परमार समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-

01/06/2026
01/06/2026
01/06/2026
01/06/2026