08/04/2026
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को जान से मारने की धमकी, प्रशासन में मचा हड़कंप
प्रतापगढ़/प्रयागराज। ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से वह “गौ माता - राष्ट्रमाता” अभियान के तहत देशभर में गौ संरक्षण को लेकर सक्रिय हैं और आगामी 3 मई से उत्तर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में “गविष्ठी यात्रा” निकालने की तैयारी कर रहे हैं।
इसी बीच 1 अप्रैल 2026 को ज्योतिर्मठ के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक और धमकी भरे टेक्स्ट मैसेज भेजे गए। नंबर ब्लॉक करने के बाद भी 6 अप्रैल को वॉइस मेल के जरिए दो ऑडियो संदेश भेजे गए, जिनमें अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए शंकराचार्य को अतीक अहमद की तरह मारने की धमकी दी गई।
सूत्रों के अनुसार, इन संदेशों में न सिर्फ अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया गया, बल्कि यह भी कहा गया कि यात्रा के दौरान ही उनकी हत्या कर दी जाएगी। मामले की जानकारी सामने आने के बाद सनातन धर्म से जुड़े लोगों में आक्रोश है।
जानकारी देते हुए राजा सक्षम सिंह योगी ने बताया कि शंकराचार्य जी को लगातार इस प्रकार की धमकियां मिल रही हैं, जो बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

27/03/2026