DPRO Bilaspur

Call Directions Website Contact the organization

DPRO Bilaspur Government news and information

News Clippings 04/10/2026
04/10/2026

News Clippings 04/10/2026

03/10/2026
सीर उत्सव में खेल गतिविधियों ने बढ़ाया उत्साह, महिला मंडलों और युवाओं को मिला प्रतिभा प्रदर्शन का मंचघुमारवीं, 03 अक्तूब...
03/10/2026

सीर उत्सव में खेल गतिविधियों ने बढ़ाया उत्साह, महिला मंडलों और युवाओं को मिला प्रतिभा प्रदर्शन का मंच

घुमारवीं, 03 अक्तूबर : सीर उत्सव-2026 के तहत घुमारवीं में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिला मंडलों, युवाओं के साथ-साथ पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास और वन विभाग की टीमों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेल गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने का अवसर मिला।

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि सीर उत्सव को केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए खेल एवं सामाजिक गतिविधियों को भी इसमें शामिल किया गया है। विभिन्न आयु वर्गों और महिला मंडलों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सीर उत्सव के तहत महिला मंडलों के लिए कबड्डी, रस्साकशी, बोरा दौड़ और तीन टांग दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कबड्डी प्रतियोगिता में आठ महिला मंडलों ने भाग लिया, जिसमें बरोटा महिला मंडल प्रथम तथा सनौर महिला मंडल द्वितीय स्थान पर रहा। वन विभाग की टीम ने भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिता में लगभग 11 टीमों ने भाग लिया। इसमें आंगनबाड़ी घुमारवीं की टीम प्रथम तथा पुलिस विभाग की टीम द्वितीय स्थान पर रही। रस्साकशी में महिला मंडलों के अलावा स्वास्थ्य, बाल विकास, शिक्षा, वन तथा पुलिस विभाग की महिला प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों और प्रतिभागियों को निर्धारित पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

बास्केटबॉल प्रतियोगिता में लगभग 10 टीमों ने भाग लिया। इसमें घुमारवीं की टीम विजेता तथा कुठेड़ा की टीम उपविजेता रही। फुटबॉल प्रतियोगिता में छह टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें ब्लेजर एफसी प्रथम तथा घुमारवीं फुटबॉल क्लब द्वितीय स्थान पर रहा। हैंडबॉल प्रतियोगिता मोरसिंघी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि वॉलीबॉल प्रतियोगिता विशेष रूप से महिला मंडलों के लिए आयोजित की गई।

बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भी विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंडर-17 वर्ग में अंशुमन और समर प्रथम तथा शुभकरण और दिव्यांश द्वितीय स्थान पर रहे। महिला ओपन वर्ग में रिया प्रथम तथा रिया परमार द्वितीय स्थान पर रहीं। 65 प्लस वर्ग में विकास और प्रिंस प्रथम तथा प्रोफेसर राकेश कुमार और रजत द्वितीय स्थान पर रहे। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मनोज और रॉकी चंदेल प्रथम तथा सुरजीत परमार और सुरजीत पटेल द्वितीय स्थान पर रहे। ओपन वर्ग में वंश और रिदम उप्पल प्रथम तथा चंदन ठाकुर और क्रिस द्वितीय स्थान पर रहे।
सभी विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर “सशक्त नारी, सशक्त समाज” थीम पर जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। सुबह करीब 10 बजे जगन पैलेस घुमारवीं से एमफोरयू होटल तक आयोजित रैली में महिलाओं के सम्मान, समान अधिकार, आत्मसम्मान और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। रैली में महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज में महिलाओं को समान अवसर और सम्मान प्रदान करने का आह्वान किया।

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं और महिला सशक्तिकरण जैसी गतिविधियों से सीर उत्सव को व्यापक सामाजिक सरोकारों से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं व महिलाओं को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी रहेंगे।
-000- राजेश धर्मानी Er Rajesh Dharmani

03/10/2026

रौड़ा अनुभाग के अंतर्गत कल शहर के कुछ स्थानों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति

बिलासपुर 03 अक्तूबर: सहायक अभियंता विद्युत उप मण्डल-।। ई. रविन्द्र चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कल यानी 04 अक्तूबर को रौड़ा अनुभाग के अंतर्गत बिजली की लाईनों की आवश्यक मरम्मत तथा पेडों की कांट-छांट के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

उन्होंने बताया कि रौड़ा अनुभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र गुरूद्वारा चौक, दबड़ा मुहल्ला, साई होस्टल, लुहणू रेन शल्टर तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
-000-

सीर उत्सव के अवसर आयोजित हो रही वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता, भाग ले रहे 24 प्रतिभागीघुमारवीं पुलिस थाना परिसर की दीवार में उ...
03/10/2026

सीर उत्सव के अवसर आयोजित हो रही वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता, भाग ले रहे 24 प्रतिभागी

घुमारवीं पुलिस थाना परिसर की दीवार में उकेरी जा रही है सुंदर कलाकृतियां

घुमारवीं (बिलासपुर), 03 अक्तूबर: जिला स्तरीय सीर उत्सव के अवसर पर वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में कुल 24 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जो घुमारवीं थाना परिसर की दीवारों पर सुंदर कलाकृतियों को तैयार कर रहे हैं।

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के प्रयासों से पहली बार वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर के विभिन्न स्थानों से पहुंचे युवा चित्रकार अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इन कलाकृतियों के माध्यम से जिला बिलासपुर सहित प्रदेश की समृद्ध लोक कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित करने का प्रयास किया जा रहा है।

सर्वश्रेष्ठ कलाकृति उकेरने वाले युवा चित्रकारों को उत्सव आयोजन समिति द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा।
-000- राजेश धर्मानी

सीर उत्सव के अवसर पर सिविल अस्पताल घुमारवीं में रक्तदान शिविर आयोजिततकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने स्वयं रक्तदान ...
03/10/2026

सीर उत्सव के अवसर पर सिविल अस्पताल घुमारवीं में रक्तदान शिविर आयोजित

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को किया प्रेरित

घुमारवीं (बिलासपुर), 03 अक्तूबर: सीर उत्सव के अंतर्गत शनिवार को सिविल अस्पताल घुमारवीं में शंकर सेवा एवं लंगर समिति भराड़ी के सौजन्य से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगभग 40 यूनिट रक्तदान किया।

रक्तदान शिविर में नगर व ग्राम नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भी स्वयं रक्तदान किया तथा उपस्थित लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आएं और समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से जरूरत के समय अस्पतालों में मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है तथा दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार में रक्त की आवश्यकता पूरी की जा सकती है।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में किसी भी प्रकार की भ्रांति नहीं होनी चाहिए। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया रक्तदान सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलता है।

उन्होंने सीर उत्सव के दौरान इस सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन के लिए शंकर सेवा एवं लंगर समिति भराड़ी का आभार व्यक्त किया तथा रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के उपरांत रक्त एकत्रित किया गया।

शिविर में स्थानीय लोगों एवं युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
-000- राजेश धर्मानी Er Rajesh Dharmani

सीर उत्सव के अवसर पर घुमारवीं में रोजगार मेले का हुआ आयोजन16 से अधिक कंपनियों ने 400 से अधिक युवाओं के लिए साक्षात्कारतक...
03/10/2026

सीर उत्सव के अवसर पर घुमारवीं में रोजगार मेले का हुआ आयोजन

16 से अधिक कंपनियों ने 400 से अधिक युवाओं के लिए साक्षात्कार

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लॉन्च किया मील ऐप

घुमारवीं (बिलासपुर), 03 अक्तूबर: सीर उत्सव के अवसर पर घुमारवीं में श्रम, रोजगार तथा विदेशी नियोजन विभाग तथा बीबीएनआईए के सहयोग से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने रोजगार मेले का शुभारंभ किया।

इस रोजगार मेले में 16 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया और 400 से अधिक युवाओं ने कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। इस दौरान लगभग 200 युवाओं का चयन किया गया, जबकि अन्य अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए संबंधित कंपनियों के मुख्य कार्यालयों में बुलाया गया है। रोजगार मेले में स्थानीय युवाओं के साथ आईटीआई घुमारवीं के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया और रोजगार एवं इंटर्नशिप के अवसरों के लिए कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। इससे विद्यार्थियों को वास्तविक भर्ती प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने में उद्योगों की आवश्यकताओं और उपलब्ध मानव संसाधन के कौशल के बीच मौजूद स्किल गैप एक बड़ी चुनौती है। इसे दूर करने के लिए प्रदेश सरकार युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार तथा इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) प्रौद्योगिकी जैसे उभरते क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए ग्रीन जॉब्स के सृजन के लिए प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के तहत शीघ्र ही अल्पकालीन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि घुमारवीं में मुख्यमंत्री द्वारा बजट में घोषित कौशल अकादमी को भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। इस अकादमी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल मार्केटिंग, डेटा एनालिटिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे आधुनिक एवं मांग वाले क्षेत्रों में विशेष पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके तहत युवाओं को फिनिशिंग कोर्स और रोजगारपरक कौशल का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता के साथ व्यावहारिक दक्षता भी विकसित कर सकें।

श्री धर्माणी ने कहा कि तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आईटीआई विद्यार्थियों के लिए ‘रोजगार सेतु’ वेब पोर्टल भी शुरू किया गया है। आने वाले समय में इसका विस्तार करते हुए इंजीनियर ग्रेजुएट, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा धारक, फार्मेसी डिप्लोमा धारक सहित विभिन्न वर्गों के युवाओं को भी इससे जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा एवं प्रशिक्षण के बाद रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए एक प्रभावी व्यवस्था उपलब्ध हो।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि सीर उत्सव के अवसर पर आयोजित यह रोजगार मेला युवाओं को स्थानीय स्तर पर निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, ताकि घुमारवीं और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक कौशल से प्रशिक्षित कर उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना भी है।

इस अवसर पर रोजगार मेले में भाग लेने वाली विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। रोजगार मेले में टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस, एसआईएस इंडिया, ऑरो टेक्सटाइल इंडिया, इंडिया फर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस, श्रीराम फाइनेंस, ज्यूपिटर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, शिवम इंस्टीट्यूट फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग घुमारवीं, रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड, एलआईसी ऑफ इंडिया, ल्यूमिनस पावर टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, मेराक्वी वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, अंबर इंश्योरेंस, हैवेल्स इंडिया, पार्क हॉस्पिटल पंचकूला, अल्फाइंडिया सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

युवाओं को उद्योगों से जोड़ने के लिए मंत्री राजेश धर्माणी ने लॉन्च किया मील ऐप

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को उद्योगों से जोड़ने के उद्देश्य से मील’ ऐप लॉन्च किया। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं और उद्योगों के बीच प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करेगा तथा विद्यार्थियों को उनकी योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप रोजगार, इंटर्नशिप एवं अन्य करियर अवसर उपलब्ध करवाने में सहायता करेगा।

उन्होंने कहा कि ऐप पर विद्यार्थी निःशुल्क पंजीकरण कर अपनी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी एवं अन्य कौशल, अनुभव, रुचि और करियर संबंधी प्राथमिकताओं की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। वहीं, बीबीएनआई एसोसिएशन से जुड़ी 600 से अधिक औद्योगिक इकाइयों की आवश्यकताओं का मिलान ऐप पर उपलब्ध विद्यार्थी डेटाबेस से किया जाएगा। किसी उद्योग को विशेष योग्यता या कौशल वाले उम्मीदवार की आवश्यकता होने पर उपयुक्त विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें संबंधित उद्योग से जोड़ा जाएगा।
-000- राजेश धर्मानी Er Rajesh Dharmani District Employment Exchange Bilaspur HP

News Clippings 03/10/2026
03/10/2026

News Clippings 03/10/2026

सीर उत्सव के अवसर पर घुमारवीं में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन500 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ, तकनीकी शिक्षा मंत्री ...
02/10/2026

सीर उत्सव के अवसर पर घुमारवीं में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

500 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया शुभारंभ

घुमारवीं (बिलासपुर), 02 अक्तूबर: सीर उत्सव के अवसर पर सिविल अस्पताल घुमारवीं में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य संस्थानों से चिकित्सकों की विशेष टीमों ने अपनी सेवाएं प्रदान की, जिसके दौरान 500 से अधिक मरीजों की ओपीडी की गई।

स्वास्थ्य शिविर में आईजीएमसी चमियाना से कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच एवं परामर्श किया। क्षेत्रीय अस्पताल से त्वचा रोग, नेत्र रोग एवं मनोरोग विशेषज्ञों ने सेवाएं प्रदान कीं। वहीं, आदर्श स्वास्थ्य संस्थान घुमारवीं अस्पताल की ओर से मेडिसिन, सर्जरी, दंत चिकित्सा, ऑर्थाेपेडिक्स, एनेस्थीसिया तथा रेडियोलॉजी विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। इस बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न गंभीर एवं सामान्य रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श उपलब्ध करवाया गया।

इस अवसर पर राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि घुमारवीं सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि घुमारवीं सिविल अस्पताल में पहली बार रेडियोलॉजिस्ट की नियमित तैनाती हुई है और अब अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा लोगों को मिलना शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि करीब 30 वर्ष पहले अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन खरीदी गई थी, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध न होने के कारण इसका उपयोग नहीं हो पाया। मुख्यमंत्री सुक्खू के प्रयासों से अब यहां रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध करवाया गया है। आवश्यक अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पिछले 3-4 दिनों से लोगों को अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है।

मंत्री ने कहा कि अस्पताल में इन-हाउस अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और उन मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए अल्ट्रासाउंड करवाने हेतु बाहर जाना पड़ता था। अब उन्हें यह सुविधा अस्पताल परिसर में ही उपलब्ध हो रही है, जिससे समय और अतिरिक्त परेशानी दोनों से राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि घुमारवीं अस्पताल में शीघ्र ही नेत्र रोगों से संबंधित ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए सीएमओ तथा अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अब तक 150 से अधिक मेजर सर्जरी की जा चुकी हैं, जिनमें अपेंडिक्स सहित विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन शामिल हैं।

राजेश धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं अस्पताल के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। अस्पताल में लिफ्ट स्थापित की जा रही है तथा ऑपरेशन थिएटर के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरणों में से कुछ उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। अन्य आवश्यक उपकरणों के लिए भी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि धन की उपलब्धता के साथ आगामी एक-दो माह में अस्पताल की ओर से भेजी गई आवश्यक उपकरणों की मांग को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि घुमारवीं सिविल अस्पताल की सेवाओं में लगातार विस्तार का परिणाम यह है कि आज अस्पताल में मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले जहां अस्पताल के वार्डों में बिस्तर खाली रहते थे, वहीं वर्तमान में स्थिति यह है कि अस्पताल में बिस्तर खाली मिलना मुश्किल होता है। अस्पताल की ओपीडी कई बार 900 से 1000 तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में लोगों के बढ़ते विश्वास और स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सुधार को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा ‘व्यवस्था परिवर्तन’ अब स्वास्थ्य क्षेत्र में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध हों और उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख न करना पड़े।

इस अवसर पर मंत्री ने एचपीवी वैक्सीनेशन करवाने वाली छह बालिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी पात्र बेटियों को एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस संबंध में चलाए जा रहे जागरूकता प्रयासों में सहयोग करें।

कार्यक्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

’’बॉक्स’’

सीर उत्सव के अवसर पर घुमारवीं सिविल अस्पताल में शुरू हुआ प्रोजेक्ट ‘सारथी’

सीर उत्सव के अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने घुमारवीं सिविल अस्पताल में प्रोजेक्ट ‘सारथी’ का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत एनएसएस एवं एनसीसी कैडेट्स स्वैच्छिक रूप से अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों की सहायता करेंगे। कैडेट्स विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों तथा पहली बार अस्पताल आने वाले मरीजों को आवश्यक मार्गदर्शन देने के साथ अस्पताल में भीड़ को व्यवस्थित करने और विभिन्न सेवाओं तक पहुंचने में सहयोग करेंगे।

मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रोजेक्ट ‘सारथी’ के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ने के साथ अस्पताल की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। अस्पताल प्रशासन द्वारा कैडेट्स को बैचवार समय-सारणी उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि वे अपनी सुविधा एवं इच्छानुसार सेवा दे सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल पहले पीजीआई में शुरू की गई थी और अब इसे घुमारवीं सिविल अस्पताल में भी शुरू किया गया है।
-000- राजेश धर्मानी Er Rajesh Dharmani

Address

Near DC Office Bilaspur
Bilaspur
174001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when DPRO Bilaspur posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to DPRO Bilaspur:

Shortcuts

Share