09/10/2026
उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र- टोंटो का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने एवं मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का दिया निर्देश
--------------------------
पंचायत भवन में संचालित सुदृढ़ीकरण कार्य का भी लिया जायजा, गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं पूर्णता सुनिश्चित करने पर दिया जोर
=================
पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता सुश्री ईरा जोरवाल एवं टोंटो अंचलाधिकारी की उपस्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र- टोंटो का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्था एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न पंजियों, ड्यूटी रोस्टर, नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (एएनसी), कोल्ड चेन पॉइंट, दवा भंडारण तथा रेबीज एवं सर्पदंश के उपचार में उपयोग होने वाली आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से संचालित जागरूकता कार्यक्रमों, बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में आने वाले मरीजों तथा भर्ती मरीजों की संख्या से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसवपूर्व जांच, बच्चों का समयबद्ध टीकाकरण, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं उचित भंडारण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित उपचार की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दिशा में स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखते हुए मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
◆ बड़ाझींकपानी पंचायत भवन में संचालित सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त श्री मनीष कुमार सहित उपस्थित पदाधिकारियों ने बड़ाझींकपानी पंचायत भवन में संचालित सुदृढ़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता तथा भवन में उपलब्ध कराई जा रही आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सुदृढ़ीकरण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए। कार्य में प्रयुक्त होने वाली निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा प्राक्कलन के अनुरूप सभी कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने निर्देशित किया कि कार्य की नियमित निगरानी करते हुए इसे पूर्ण किया जाए, ताकि पंचायत भवन का उपयोग ग्रामीणों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी रूप से किया जा सके। पंचायत भवन ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक गतिविधियों, जनसमस्याओं के समाधान एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए भवन को सुव्यवस्थित, उपयोगी एवं आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाना सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं एवं पंचायत भवन के सुदृढ़ीकरण कार्य की नियमित निगरानी की जाए। जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के साथ-साथ पंचायत स्तर पर आधारभूत संरचनाओं का विकास कर आमजनों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।
=================