09/10/2026
यातायात पुलिस की "शोर- नो मोर" अभियान के तहत कार्यवाही: रॉयल एनफील्ड सहित 5 मोटरसाइकिलों के काटे चालान, 5 मॉडिफाइड साइलेंसर बरामद
शांति, सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से छतरपुर पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित मानकों के विपरीत तेज एवं कर्कश ध्वनि उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण का कारण बनते हैं, साथ ही सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों का ध्यान भटकाकर दुर्घटना प्रभावी हैं।
इसी क्रम में छतरपुर जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। छतरपुर नगर के विभिन्न चेकिंग पॉइंट पर यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
"शोर- नो मोर" अभियान के तहत आज यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक बृहस्पति साकेत के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने रॉयल एनफील्ड सहित 5 मोटरसाइकिलों के विरुद्ध कार्रवाई की। जांच के दौरान निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगे पाए जाने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पांचों मोटरसाइकिलों के चालान किए गए। साथ ही, पांचों मोटरसाइकिलों से अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाकर बरामद किए गए।
छतरपुर पुलिस की वाहन चालकों से अपील-
छतरपुर पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वे अपने वाहनों में शासन द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर अथवा अन्य ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों का उपयोग न करें। यातायात नियमों का पालन करें तथा वाहन चलाते समय अन्य राहगीरों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा का ध्यान रखें। नियमों का उल्लंघन करने और दुर्घटना की आशंका उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Home Department of Madhya Pradesh Madhya Pradesh Police Jansampark Madhya Pradesh DIG Chhatarpur Range PRO Jansampark Chattarpur