06/08/2026
कहानी सफलता की: 570 नंबर के भी नहीं मिली MBBS सीट।
बिना कोचिंग के 2 महीने में 5 सरकारी नौकरी।
प्रथम न्याय न्यूज। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के शाहपुर गांव की रहने वाली 21 वर्षीय शुभांगी मिश्रा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से यह साबित कर दिया कि एक असफलता कभी भी मंजिल नहीं रोक सकती। NEET परीक्षा में 570 अंक हासिल करने के बावजूद उन्हें MBBS में प्रवेश नहीं मिला, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और महज दो महीने के भीतर पांच सरकारी नौकरियों में चयनित होकर युवाओं के लिए प्रेरणा बन गईं।
शुभांगी ने शहडोल के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर से 12वीं तक की पढ़ाई हिंदी माध्यम से की। कोविड-19 के दौरान उन्होंने बिना किसी कोचिंग के अंग्रेजी माध्यम की पुस्तकों से स्व-अध्ययन कर NEET की तैयारी की। पहले प्रयास में उन्हें 400 अंक मिले, जबकि दूसरे प्रयास में 570 अंक प्राप्त हुए। इसके बावजूद MBBS सीट नहीं मिलने पर उन्होंने अपना लक्ष्य बदला और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गईं।
रोजाना 8 से 10 घंटे की पढ़ाई और अनुशासित दिनचर्या के दम पर शुभांगी का चयन मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (कांस्टेबल), पुलिस उपनिरीक्षक (SI), सहायक उपनिरीक्षक (ASI स्टेनो), एसएससी स्टेनोग्राफर तथा उपनिरीक्षक (सूबेदार एम) सहित कुल पांच सरकारी नौकरियों में हुआ। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक के रूप में प्रशिक्षण ले रही हैं, लेकिन उनका अंतिम लक्ष्य अभी भी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त करना है।
शुभांगी अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार को देती हैं। उनके पिता श्याम कुमार मिश्रा शहडोल जोन कार्यालय में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनका कहना है कि शुभांगी बचपन से ही अनुशासित रही हैं। तैयारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी और मोबाइल का उपयोग केवल ऑनलाइन पढ़ाई एवं अध्ययन सामग्री के लिए किया।
शुभांगी का संदेश है कि किसी एक परीक्षा में असफल होने का मतलब यह नहीं कि आपकी क्षमता समाप्त हो गई है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदार हो और अनुशासन जीवन का हिस्सा बन जाए, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। उनका मानना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर प्रयास ही मंजिल तक पहुंचाता है।