30/05/2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय सैनिक संस्था के अध्यक्ष कर्नल टी.पी. त्यागी के नेतृत्व में संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की।प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के साथ विभिन्न विषयों पर विचार साझा करते हुए सैनिकों और पूर्व सैनिकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
इस अवसर पर सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के कल्याण, राष्ट्रनिर्माण में उनकी भूमिका, समाज में उनके योगदान तथा उनसे जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। राज्यपाल ने कहा कि देश की सुरक्षा, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करने में सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
Lt Gen Gurmit Singh
30/05/2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज नई दिल्ली में प्रो के.पी. सिंह द्वारा संपादित पुस्तकों ‘द लीडरशिप फनल’ एवं ‘थॉट टू इंक’ का लोकार्पण किया। यह पुस्तकें राज्यपाल के उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, जनसेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना को समर्पित हैं।
विमोचन के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ये पुस्तकें केवल प्रकाशन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, जनसेवा के संकल्प और राष्ट्रहित के दृष्टिकोण का जीवंत दस्तावेज हैं। उन्होंने कहा कि ‘द लीडरशिप फनल’ उनके व्यक्तिगत कार्यकाल की नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के युवाओं, महिलाओं, सैनिकों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों और कर्मयोगियों की सामूहिक यात्रा को प्रतिबिंबित करती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में चार दशकों से अधिक सेवा और राज्यपाल के रूप में दायित्व निर्वहन के दौरान ‘राष्ट्र प्रथम’ उनके जीवन का मूल आधार रहा है। राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत का मार्ग विकसित राज्यों से होकर गुजरता है और उत्तराखण्ड को शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, पर्यटन, संस्कृति एवं आध्यात्मिकता के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि ‘थॉट टू इंक’ केवल विचारों का संग्रह नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद का प्रयास है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये पुस्तकें युवाओं, शोधार्थियों, प्रशासकों और समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरित करेंगी।
राज्यपाल प्रो के.पी. सिंह, प्रकाशक श्री संदीप जैन एवं अटल प्रकाशन की टीम को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए उनके शोध, समर्पण और परिश्रम की सराहना की।
Lt Gen Gurmit Singh
29/05/2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज शिलांग में मेघालय के राज्यपाल सी.एच. विजयशंकर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उनके मध्य आत्मीय एवं सार्थक संवाद हुआ। बैठक के दौरान विभिन्न समसामयिक विषयों, सुशासन, विकास, सांस्कृतिक समृद्धि तथा राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही जनकल्याण, प्रशासनिक समन्वय तथा राज्यों के मध्य सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई।
Lt Gen Gurmit Singh
29/05/2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शिलांग प्रवास के दौरान 4 असम के पूर्व सैनिकों तथा असम रेजिमेंटल सेंटर की टीम के साथ आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने रेजिमेंट की गौरवशाली परंपराओं, अनुशासन, समर्पण तथा राष्ट्रसेवा की भावना की सराहना करते हुए सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के योगदान को नमन किया।
राज्यपाल ने कहा कि असम रेजिमेंट केवल एक सैन्य इकाई नहीं, बल्कि सेवा, त्याग, साहस और आपसी भाईचारे की भावना से जुड़ा एक सशक्त परिवार है। रेजिमेंट से जुड़े प्रत्येक सैनिक के जीवन में यह रिश्ता आजीवन बना रहता है और यही भाव भारतीय सेना की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है।
उन्होंने कहा कि 4 असम के पूर्व सैनिकों और अधिकारियों से मुलाकात के दौरान एक बार पुनः उस देशभक्ति, समर्पण, अनुशासन और अपनत्व की भावना को निकट से अनुभव करने का अवसर मिला, जिसने वर्षों से राष्ट्रसेवा की प्रेरणा को जीवित रखा है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के बीच मौजूद आपसी विश्वास, एकजुटता और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
29/05/2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शिलांग पहुँचने पर असम रेजीमेंटल सेंटर स्थित वॉर मेमोरियल में मातृभूमि की रक्षा हेतु अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रसेवा, साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं बलिदान की अमर परंपरा को नमन करते हुए वीर सैनिकों के अदम्य साहस और समर्पण को स्मरण किया।
राज्यपाल ने कहा कि देश की सुरक्षा एवं अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों का बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन स्थलों पर उपस्थित होना गौरव एवं भावनात्मक जुड़ाव का विषय है, जो राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है।
उन्होंने कहा कि असम रेजीमेंट से उनका आत्मीय जुड़ाव सदैव विशेष रहा है। रेजीमेंट का गौरवशाली इतिहास, वीरता, अनुशासन और समर्पण की परंपरा न केवल भारतीय सेना की शान है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रहित में समर्पण और सेवा की प्रेरणा देती है।
Lt Gen Gurmit Singh
28/05/2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से गुरुवार को गुवाहाटी में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर उन्होंने असम रेजिमेंट के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रसेवा में उसके अद्वितीय योगदान तथा सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवानों का सम्मान एवं उनका कल्याण सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा को देवभूमि उत्तराखण्ड आने हेतु सादर आमंत्रित किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक सहयोग और अधिक सुदृढ़ होगा।
28/05/2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने गुरुवार को असम भ्रमण के दौरान लोक भवन गुवाहाटी में असम के राज्यपाल श्री लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न समसामयिक विषयों, सुशासन, सांस्कृतिक समृद्धि एवं राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन असम के नवीन भवन की भव्यता, आधुनिक संरचना एवं स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को समाहित करती इसकी वास्तुकला अत्यंत प्रभावशाली एवं सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत की विविधता, विकास और सांस्कृतिक विरासत सदैव प्रेरणादायी रही है।
Lt Gen Gurmit Singh
Laxman Acharya
27/05/2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से भारत सरकार में गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय ने पंतनगर में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उनके मध्य समसामयिक विषयों, राज्य के विकास, आंतरिक सुरक्षा, सीमांत क्षेत्रों के सुदृढ़ीकरण तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
Lt Gen Gurmit Singh
27/05/2026
प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर द्वारा लोक भवन नैनीताल में यहां कार्य कर रही महिला स्टाफ, सफाईकर्मी, हॉर्टिकल्चर एवं पीडब्ल्यूडी विभाग से जुड़ी महिलाओं के लिए महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूक करना तथा उनके स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्नों और समस्याओं पर संवाद स्थापित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बी.डी. पांडेय अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने महिलाओं को विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, व्यक्तिगत एवं प्राकृतिक स्वच्छता, गर्भावस्था के दौरान देखभाल तथा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और उनके लाभों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित समस्याओं को साझा किया।
प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर ने महिलाओं के स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की धुरी होती हैं तथा उनकी भूमिका केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। ऐसे में महिलाओं का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं अक्सर परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं, जबकि स्वयं को स्वस्थ रखना भी उतना ही जरूरी है। यदि महिलाएं अपना ध्यान रखेंगी, समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराएंगी और संतुलित जीवनशैली अपनाएंगी, तभी वे अपने परिवार की बेहतर देखभाल कर पाएंगी।
प्रथम महिला ने उपस्थित महिलाओं को खुलकर अपनी समस्याएं साझा करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
26/05/2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से मंगलवार को लोक भवन में उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री मनोज कुमार गुप्ता ने शिष्टाचार भेंट की।