कहानी विज्ञान की

कहानी विज्ञान की

Share

"कहानी विज्ञान की" पेज का उद्देश्य जन जन को वैज्ञानिक सोच से रूबरू कराना है।

27/03/2026

नमक, जिसे हम आज रसोई का एक साधारण हिस्सा मानते हैं, उसका इतिहास बड़ा अजीब रहा है। रोमन सैनिक हमेशा सिक्कों में तनख्वाह नहीं पाते थे, कभी-कभी उन्हें मेहनताना रूप में नमक दिया जाता था। लैटिन शब्द 'Salarium' जिसका अर्थ है सैनिकों को दिया जाने वाला भत्ता (खासकर नमक खरीदने के लिए), जिससे आज का 'सैलरी' शब्द निकला है। यह शब्द असल में उत्तरजीविता, व्यापार, वफादारी और सत्ता का प्रतीक था। ये मुहावरा किसने नहीं सुना होगा कि “मैंने तुम्हारा नमक खाया है।”

आज हमारे लिए नमक सिर्फ खाने का फीकापन दूर करने वाली एक चीज है, लेकिन पुराने समय की सभ्यताओं के लिए यह एक करेंसी थी, जिसके लिए युद्ध लड़े जाते थे और साम्राज्य बनाए या उजाड़े जाते थे। नमक भरोसे की वह पहली यूनिट थी जो सिक्कों और सरहदों के वजूद में आने से बहुत पहले से मौजूद थी।

नमक का असली विरोधाभास इसकी प्रकृति में छिपा है। जो चीज खाने को सड़ने से बचाती है, उसी ने बड़े-बड़े साम्राज्यों को सड़ाकर खत्म भी किया है। यह जीवन को सुरक्षित रखता है, लेकिन यह जलाता भी है। यह जीवन का आधार है, फिर भी इसे दुश्मन की ज़मीन पर इसलिए छिड़का जाता था ताकि वहां की मिट्टी हमेशा के लिए बंजर हो जाए।

इसका सबसे क्रूर उदाहरण प्राचीन कार्थेज के पतन में मिलता है। जब रोम ने अपने इस सबसे बड़े दुश्मन को हराया, तो उन्होंने सिर्फ वहां के लोगों को नहीं मारा, बल्कि पूरे शहर की ज़मीन पर नमक बिछवा दिया। यह एक इकोलॉजिकल मर्डर था, ताकि उस मिट्टी से घास का एक तिनका भी न उगे और वह सभ्यता इतिहास के पन्ने से हमेशा के लिए मिट जाए। नमक यहाँ जीवन रक्षक नहीं, बल्कि एक ऐसे हथियार की तरह इस्तेमाल हुआ जिसने आने वाली पीढ़ियों के भविष्य तक को बंजर कर दिया।

नमक गंदगी हटाकर शुद्ध नहीं करता, बल्कि उस हर चीज को ही खत्म कर देता है जो सड़ सकती है। यह शुद्धिकरण नहीं, बल्कि बहिष्करण है। यही वजह है कि इसे मंदिरों में चढ़ाया भी गया और घावों पर रगड़ा भी गया।

हमारे लिए नमक सिर्फ एक स्वाद नहीं है, बल्कि आंसुओं, पसीने और खून की शक्ल में बहने वाला एक पदार्थ है। मनुष्य बिना नमक के जीवित नहीं रह सकता, लेकिन इसकी अधिकता उसकी मृत्यु का कारण भी बन जाती है।

बाइबिल में 'लॉट' की पत्नी का मुड़कर देखना और नमक का खंभा बन जाना। गांधी जी ने आजादी की लड़ाई के लिए नमक को ही चुना क्योंकि नमक पर काबू पाने का मतलब था इंसानी शरीर और उसकी बुनियादी जरूरत पर काबू पाना। मध्यकालीन युग में इथियोपिया जैसे देशों में नमक के ढेलों से गुलाम खरीदे जाते थे। सोचिए, एक जीता-जागता इंसान, उसकी मेहनत और उसकी रूह नमक के चंद टुकड़ों के बदले तौली जाती थी।

नमक का हमारी आँखों के आँसुओं में होना कुदरत का सबसे बड़ा कटाक्ष है। जब हम गहरे दुःख में होते हैं, तो शरीर से जो तरल निकलता है, वह नमकीन होता है। यह नमक उस ज़ख्म को भरता नहीं, बल्कि उसे 'प्रिजर्व' कर देता है। जैसे अचार को सड़ने से बचाने के लिए नमक चाहिए, वैसे ही हमारी उदासी को समझने के लिए ये नमकीन आँसू काफी हैं। यह नमक ही है जो चेहरे पर सूखने के बाद एक सफेद लकीर छोड़ जाता है, एक ऐसा निशान जो बताता है कि दर्द चला गया है, लेकिन उसका असर अभी भी त्वचा पर जमा हुआ है। नमक कोई जवाब नहीं है, बल्कि वह अवशेष है जो हर छोटे मोटे मनमुटाव से लेकर युद्ध तक के बाद आंसुओं के रूप में अपना निशान छोड़ जाता है।

समुद्र का अथाह पानी, उसी अनुपात में नमकीन जो आज इंसानी शरीर है, ये प्रमाण है उस इवोल्यूशन का भी जिसमें से इस पृथ्वी का सबसे पहला जीव पैदा हुआ, और ये सफ़र इंसान के इवॉल्व होने तक पहुँचा।
Krishna Chaudhary


17/02/2026

तकनीकी रिसर्च, विश्वविद्यालय और ज़मीन की हकीकत —

हाल ही में गलगोटिया यूनिवर्सिटी में चाइनीज़ रोबोट खरीदकर उसे अपनी रिसर्च उपलब्धि बताने की घटना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह हमारे देश की तकनीकी शिक्षा और रिसर्च की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न भी खड़े करती है। यह सिर्फ एक संस्थान की समस्या नहीं, बल्कि व्यापक बौद्धिक ईमानदारी की भी समस्या है।

मैं स्वयं लंबे समय तक रिसर्च से जुड़ा रहा हूँ और देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में शोध कार्य किया है। लेकिन ईमानदारी से कहूँ तो उस काम का बड़ा हिस्सा केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित था। फाइलें बनीं, रिपोर्टें लिखी गईं, सेमिनार हुए — पर ज़मीन पर उसका कोई वास्तविक असर दिखाई नहीं दिया। वह रिसर्च जैसे हवा में हुई और हवा में ही लटकी रह गई।

उदाहरण के तौर पर मान लीजिए कोई विश्वविद्यालय “नए मटेरियल साइंस” पर रिसर्च का दावा करता है, लेकिन उसी रिसर्च के आधार पर कोई छोटा-सा औद्योगिक उत्पाद — जैसे बेहतर गुणवत्ता की सुई या उपकरण — भी तैयार नहीं होता। इसका कारण साफ है: विश्वविद्यालयों में ज्ञान को उत्पादन प्रक्रिया से जोड़ने की परंपरा कमजोर है।

असल समस्या यह है कि ज्ञान, अध्ययन और व्यवहार (practice) के बीच का संबंध विश्वविद्यालयों में लगभग गायब हो चुका है। छात्र सिद्धांत पढ़ते हैं, लैब में सीमित प्रयोग करते हैं, पर उद्योग, उत्पादन या सामाजिक जरूरतों से उनका संपर्क कम होता है। नतीजा यह कि शोध का बड़ा हिस्सा अकादमिक प्रकाशनों तक सीमित रह जाता है।

ज्ञान के विकास के तीन प्रमुख स्रोत माने जाते हैं:

1.प्रयोगशाला और वैज्ञानिक शोध
2.उत्पादन और औद्योगिक प्रक्रिया
3.सामाजिक संघर्ष और वास्तविक जीवन की चुनौतियाँ

जब ये तीनों एक-दूसरे से जुड़ते हैं, तभी ज्ञान जीवंत और उपयोगी बनता है। इसी कारण रूस और चीन जैसे देशों ने लंबे समय तक शिक्षा, उद्योग और सामाजिक आवश्यकताओं के बीच तालमेल पर जोर दिया। परिणामस्वरूप उनकी वैज्ञानिक और तकनीकी पकड़ ने दुनिया को कई बार चौंकाया है।

भारत में भी प्रतिभा की कमी नहीं है, संसाधन भी बढ़ रहे हैं, लेकिन जब तक शोध को वास्तविक उत्पादन, उद्योग और सामाजिक जरूरतों से नहीं जोड़ा जाएगा, तब तक “रिसर्च” अक्सर रिपोर्टों और दावों तक सीमित रहने का खतरा बना रहेगा।

विश्वविद्यालयों को सिर्फ डिग्री देने वाले संस्थान नहीं बल्कि ज्ञान-उत्पादन के केंद्र बनना होगा — जहाँ प्रयोगशाला, उद्योग और समाज के बीच जीवंत रिश्ता हो। तभी रिसर्च का असली अर्थ सामने आएगा और उसका लाभ देश को वास्तविक रूप में मिलेगा।

12/02/2026

आधुनिक विकासवादी विज्ञान की नींव रखने वाले चार्ल्स डार्विन का जन्म आज ही के दिन इंग्लैंड में हुआ था। वो सिर्फ एक वैज्ञानिक नहीं, बल्कि एक ऐसे गहरे चिंतक थे, जिन्होंने प्रकृति को देखने का हमारा नज़रिया ही बदल दिया। डार्विन ने वर्षों तक यात्रायें की, प्रकृति को करीब से देखा, नोट्स बनाए, सवाल पूछे और हर निष्कर्ष तक पहुँचने से पहले धैर्य के साथ प्रमाण जुटाए। वो इस तक बहुत गहन ऑब्जर्वेशन और डीप थिंकिंग की वजह से ही पहुचें थे।

उनका जो सबसे महत्वपूर्ण योगदान है वह है “Theory of Evolution by Natural Selection” है। इस सिद्धांत का मूल विचार सरल है, लेकिन उसका प्रभाव बहुत गहरा है, जीव समय के साथ बदलते हैं। जो जीव अपने वातावरण के अनुसार खुद को बेहतर ढाल लेते हैं, वही जीवित रहते हैं और अपनी विशेषताएँ अगली पीढ़ी तक पहुँचाते हैं। धीरे-धीरे, कई पीढ़ियों में छोटे-छोटे बदलाव मिलकर बड़े परिवर्तन बन जाते हैं। यही प्रक्रिया इवोल्यूशन कहलाती है। डार्विन ने यह भी समझाया कि प्रकृति में बदलाव कोई अचानक चमत्कार नहीं, बल्कि एक सतत और प्राकृतिक प्रक्रिया है।

1859 में प्रकाशित उनकी किताब “On the Origin of Species” ने वैज्ञानिक दुनिया में जैसे हलचल मचा दी। इस पुस्तक में डार्विन ने विस्तार से बताया कि पृथ्वी पर मौजूद सभी प्रजातियाँ एक कॉमन ऐन्सेस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने पक्षियों, जीवाश्मों, पालतू जानवरों की नस्लों और प्रकृति में दिखने वाले सूक्ष्म अंतर का उदाहरण देकर समझाया कि किस तरह छोटे-छोटे वेरिएशंस समय के साथ नई प्रजातियों को जन्म देते हैं। यह किताब सोचने का एक नया तरीका है, कि हमें हर दावे को एविडेंस और रीजनिंग के आधार पर परखना चाहिए।

डार्विन का सबसे बड़ा योगदान शायद यही था कि उन्होंने हमें सवाल पूछना सिखाया। उन्होंने दिखाया कि प्रकृति को समझने के लिए आस्था नहीं, बल्कि जिज्ञासा, धैर्य और तर्क की जरूरत होती है। उनके विचारों ने बायोलॉजी, जेनेटिक्स और एन्वायरेंटमेंटल स्टडीज जैसे क्षेत्रों की दिशा तय की और आज भी वैज्ञानिक शोध की नींव बने हुए हैं।

डार्विन यही सिखाते हैं कि ज्ञान भी लगातार विकसित होता है।
हैप्पी बर्थडे टू हिम….

Krishna Chaudhary


20/01/2026

1894-95 में अमरकी केमिस्ट हैमिलटन केस्टनर और ऑस्ट्रियन केमिस्ट कार्ल केलनेर ने कॉस्टिक सोडा बनाने की तरकीब खोजी। दोनों वैज्ञानिकों ने हाथ मिलाया और दुनिया को नमक से कॉस्टिक सोडा बनाने का बेहद सरल तरीका दिया। आज वैश्विक स्तर पर इस केमिकल का करीब 55 मिलियन टन वार्षिक उत्पादन होता है।
1923 में डैनिश केमिस्ट निकोलोस ब्रोनस्टेड और इंग्लिश केमिस्ट थॉमस मार्टिन लौरी ने एसिड को नए तरीके से परिभाषित किया। अलग-अलग लैब्स में काम करते हुए ये वैज्ञानिक एक ही निष्कर्ष पर पहुंचे और केमिस्ट्री की समझ को नई ऊंचाइयों तक ले गए। मानव शरीर, पेड़ पौधों और निर्जीव वस्तुओं में होने वाली लाखों तरह की रिएक्शंस को लौरी एंड ब्रोनस्टेड थ्योरी के आधार पर आसानी से समझा जा सकता है। इन दोनों वैज्ञानिकों में कभी लड़ाई नहीं हुई।

यानि दो वैज्ञानिक किसी एक ही चीज को खोज लेते हैं तो उनमें एकता और बढ़ जाती है। वे एक दूसरे के और करीब आजाते हैं और मानवता की बेहतरी के लिए मिलजुलकर विज्ञान को और आगे बढ़ाते हैं। उन वैज्ञानिक नियमों को पढ़ने वाले भी आपस में नियमों को लेकर एक दूसरे से नफ़रत नहीं करते। कभी सुना है कि ब्रोनस्टेड को ठीक मानने वालों ने थॉमस मार्टिन को मामने वालों के घर जला दिए। या आइंस्टीन को ठीक मानने वालों ने दी ब्रोग्ली के समर्थकों को रास्ते में गाय ले जाते हुए पकड़ लिया और यह कह कर पीटते रहे कि आइंस्टीन को गाय का दूध पसंद नहीं था। या लेवोईजियर को ठीक मानने वालों ने जोसफ प्राउस्ट को पढ़ने वालों को काफिर और बे सऊर कहा हो।

वहीँ हम देखते हैं कि ईश्वर अल्लाह अगर एक हैं। दोनों का एक ही निष्कर्ष है।
दोनों धर्मों ने एक ही चीज को खोजा है तो उनमें एकता के बजाय नफ़रत क्यों है?

19/01/2026

नरेन्द्र दाभोलकर और “चमत्कारी अंगूठी” वाला बाबा (पुणे)

महाराष्ट्र में एक बाबा का प्रचार था कि उसकी अंगूठी से भभूति अपने-आप प्रकट होती है।
लोग इसे ईश्वरीय चमत्कार मानते थे।

डॉ. नरेन्द्र दाभोलकर (अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति) मंच पर पहुँचे।
उन्होंने बाबा से कहा—

“आप अंगूठी उतार कर एक घंटे के लिए मुझे दीजिए।
फिर आप जो चाहें, मैं मान लूँगा।”

बाबा ने मना कर दिया।

दाभोलकर ने दर्शकों को समझाया—
अंगूठी के अंदर छोटा सा छेद था, जिसमें भभूति पहले से भरी रहती थी।
हाथ घुमाते समय दबाव से बाहर आ जाती थी।

उन्होंने वही ट्रिक मंच पर सामान्य अंगूठी से दो मिनट में कर के दिखा दी।

भीड़ चुप।
बाबा मंच से उतरे।
उस शहर में फिर कभी “चमत्कारी अंगूठी” नहीं बिकी।

* पाखण्डी, कट्टर धार्मिक और अंधभक्तों ने नरेंद्र दाभोलकर जी की निर्मम हत्या कर दी थी।

19/01/2026

बाबा और तिवारी जी

किस्सा शहर गोरखपुर का है।एक बाबा उपराये । चेलों ने फैला दिया कि बाबा 24 साल हिमालय में तप करके लौटे हैं। न खाते हैं , न पीते हैं , न सोते हैं और न ही कुछ उत्सर्जित करते हैं।भीड़ लगने लगी ।चढ़ावा चढ़ने लगा ।
उन दिनों जगदीश नारायण तिवारी युवा अध्यापक थे । राजनीति शास्त्र के।तब विश्वविद्यालय गोरखपुर ही था।दीनदयाल नही हुआ था ।पहुँच गये बाबा के दरबार में । दंडवत् करके के बैठ गये। लोग आ रहे थे जा रहे थे ।तिवारी जी ध्यान मगन बैठे रहे। दस बजा, ग्यारह बजा , बारह बज गया तिवारी जी टस्स से मस्स न हुए । इक्के दुक्के लोग आ जा रहे थे।बाबा के चेलों ने तिवारी जी से कहा अब आप भी घर जायें विश्राम करें।अब कल आइएगा । तिवारी जी ने कहा - अब तो हम कहीं न जायेंगे।हम तो सालों से ऐसे ही गुरु की तलाश में थे ।अब गुरुदेव मिल गए हैं ।अब मेरे सब कुछ गुरुदेव हैं।अब इन्हीं के साथ जीना है इन्हीं के साथ मरना है।
उधर मंच पर बाबा विराजमान हैं इधर सामने तिवारी जी।चेले परेशान हैं, हलकान हैं । बार-बार तिवारी जी को समझा रहे हैं, लेकिन तिवारी जी कोई ऐसे वैसे तिवारी न थे । जगदीश नारायण तिवारी थे।न उन्हें समझना था न समझे।बैठे रहे ।
तीन बज गये । चार बजने वाले थे । चेले गायब होने लगे । कुछ सरो सामान भी ग़ायब हुआ ।बाबा बचे थे। अचानक उठे और मंच से पीछे की ओर कूदे और भाग चले।तिवारी जी ने दौड़ाने की कोशिश की लेकिन बाबा तेज निकले । पकड़ में न आये।

दोबारा गोरखपुर में नज़र नहीं आये ।

- सदानंद साही जी की वाल से साभार सहित।

24/12/2025

Quote of the day by Charles Darwin:

'A man who dares to waste one hour of time has not discovered the value of life'

20/12/2025

विज्ञान और पाखण्ड में कोई वर्चस्व की लड़ाई नहीं है। बल्कि दिन और रात जैसा डायलेक्टिक्स है। धरती के जिस हिस्सा पर सूरज की किरणें होंगी वहां अंधेरा नहीं ठहर पाएगा। ठीक वैसे ही जीवन के जिस क्षेत्र में विज्ञान ने लॉजिक दिए वहां से पाखण्ड और अंधविश्वास झोला उठाकर भाग लिए।
विज्ञान लॉजिक से ड्राइव होने के चलते यूनिवर्सल है। भले ही प्रयोग महज एक दो लेबोरेट्री में हुआ हो। पाखण्ड भले ही पूरी दुनिया फॉलो करे, इलॉजिकल होने के चलते उसका स्वभाव यूनिवर्सल नहीं है। इसलिए पाखण्ड क्षेत्र, भाषा और देश बदलने पर बदलते रहते हैं। जबकि विज्ञान पूरी कायनात के लिए एक जैसा है।

19/12/2025

बच्चे पैदाइशी वैज्ञानिक होते हैं। वो हर चीज पर शक करते हैं। खिलौने को तोड़फोड़कर उसे देखना और समझना चाहते हैं। कल एक पाँच साल के बच्चे ने अपने पड़ोसी बच्चों से कट्टी कर ली। कट्टी झूठ मूठ की ही थी क्योंकि शाम को फिर सब साथ खेल रहे थे। पर पांच साल के बच्चे ने मुद्दा बड़ा उठाया था। क्योंकि उसके पड़ोसी बच्चे अपने घर में उससे झाड़ू पूजने को कह रहे थे। बच्चे ने कहा नहीं यह झाड़ू है भगवान नहीं। वह उस समय उनके घर से निकल आया और अपनी मम्मा को शिकायत के लहजे में कहने लगा मैं उन दीदी के घर खेलने नहीं जाऊंगा उनके घर में झाड़ू भी भगवान है। तुम बताओ, झाड़ू भी भगवान होती है कोई?

11/11/2025

जेम्स मैरियन सिम्स जिसे कभी आधुनिक स्त्री-चिकित्सा का जनक कहा गया था, उस आदमी ने औरतों के इलाज के नाम पर ऐसे ज़ख़्म दिए, जो सिर्फ़ जिस्म पर नहीं, इतिहास में भी दर्ज हो गए।

19वीं सदी का स्लेवरी वाला जहाँ इंसान की कीमत सिर्फ़ उसकी चमड़ी के रंग से तय होती थी।

उसी दौर में सिम्स ने नई खोजों के नाम पर काली औरतों के जिस्मों को अपनी प्रयोगशाला बना लिया। ऐसी ही तीन औरतों के नाम लूसी, अनार्का और बेट्सी थे।

वे गुलाम थीं, मतलब किसी की संपत्ति। और उनके मालिकों ने उन्हें सिम्स को सौंप दिया, इलाज के लिए, पर असल में प्रयोगों के लिए।

सिम्स ने बिना किसी बेहोशी की दवा के उनके जिस्मों पर सर्जरी की। तब एक ये भी मिथ था कि काले लोगों को दर्द नहीं होता, उनकी पिटाई करने पर वो उस दर्द को महसूस नहीं करते जो गोरे करते हैं।

एक-एक औरत पर उसने कई-कई बार ग़ैर ज़रूरी ऑपरेशन किए, दर्द में चीखती, तड़पती उन औरतों के पास इससे बचने का कोई ऑप्शन भी नहीं था।

क्योंकि उनकी आवाज़, उनकी सहमति उस समय किसी मायने नहीं रखती थी।

सिम्स को भी विश्वास था कि काली औरतें दर्द महसूस नहीं करतीं। यही सोच उसके औज़ारों से ज़्यादा नुकीली थी।

कहते हैं, इसी प्रक्रिया में उसने वो औज़ार बनाए जो आज स्त्री-रोग विज्ञान में इस्तेमाल होते हैं, जैसे स्पेकुलम।
पर उस विज्ञान की बुनियाद में उन औरतों की कराहें गूंजती हैं, जिनका इतिहास ने कोई चेहरा नहीं दिया।

बाद में वही सिम्स अमेरिका की बड़ी मेडिकल संस्थाओं का अध्यक्ष बना। उसके नाम की मूर्तियाँ बनीं न्यूयॉर्क, फिलाडेल्फ़िया, साउथ कैरोलाइना तक। उसे पायनियर कहा गया।

सालों बाद, जब लोग जागे, तब जाकर उसकी मूर्तियों को हटाया गया।

अब वहाँ नई पट्टिका लगाई गई, जिसमें लिखा है कि सिम्स के साथ लूसी, अनार्का और बेट्सी के नाम भी याद रखे जाएँ।

क्योंकि यही औरतें थी जिनके शरीर को उसने प्रयोगशाला बनाया।

ये कहानी सिर्फ़ एक डॉक्टर की नहीं, बल्कि उस समाज में गुलामों के औरतों के शोषण की है, जिसमें सबसे ज़्यादा शोषण उनका हुआ।
Krishna Chaudhary

09/11/2025

कार्ल एडवर्ड सैगन (Carl Edward Sagan)
जन्म 9 नवंबर 1934, ब्रुकलिन, न्यूयॉर्क (अमेरिका)
मृत्यु 20 दिसंबर 1996, सिएटल, वॉशिंगटन

कार्ल सैगन अमेरिका के प्रसिद्ध खगोलशास्त्री, खगोलभौतिकीविद्, विज्ञान लेखक और लोकप्रिय विज्ञान के महान प्रचारक थे। वे कॉर्नेल विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रहे और ग्रहों के वातावरण (विशेषकर शुक्र और बृहस्पति) पर महत्वपूर्ण शोध किया।

उन्होंने नासा के Mariner, Viking, Voyager और Galileo मिशनों में वैज्ञानिक सलाहकार के रूप में योगदान दिया।
Cosmos: A Personal Voyage नामक उनकी टीवी सीरीज ने पूरी दुनिया में विज्ञान को लोकप्रिय बनाया।
उनकी प्रसिद्ध पुस्तक Cosmos और उपन्यास Contact आज भी विज्ञान और दर्शन के प्रेमियों के लिए प्रेरणादायक है।

कार्ल सैगन ने विज्ञान को आम जनता की भाषा में समझाया —
“विज्ञान, सिर्फ प्रयोगशाला की दीवारों में बंद कोई विषय नहीं — यह सोचने का सबसे ईमानदार तरीका है। कार्ल सैगन कहते थे, ‘असाधारण दावे असाधारण प्रमाण चाहते हैं,’ और यही विज्ञान की आत्मा है — संदेह करना, सवाल पूछना और सच की रोशनी तक पहुँचना। शायद कहीं दूर, कोई नई सच्चाई अब भी हमारी प्रतीक्षा में है — क्योंकि खोज कभी रुकती नहीं।
_______

06/11/2025

रोजाना इस्तेमाल होने वाले कुछ सामान्य अंधविश्वास और तर्क।

1. यदि लक्ष्मी पूजा से धन मिलता, तो रिज़र्व बैंक नोट नहीं छापता।
2. यदि इन्द्र पूजा से बारिश होती, तो मौसम विभाग की ज़रूरत ही क्या थी?
3. यदि हनुमान चालीसा से ताकत मिलती, तो जिम और प्रोटीन पाउडर बेचने वाले भूखे मर जाते।
4. यदि सरस्वती वंदना से ज्ञान मिलता, तो किताबें और स्कूल क्यों होते?
5. यदि सूर्य नमस्कार से बिजली बनती, तो पावर प्लांट कौन लगाता?
6. यदि पूजा से बीमारी भागती, तो अस्पतालों में भीड़ क्यों होती?
7. यदि दुआ से नसीब बदलता, तो UPSC की कोचिंग इंडस्ट्री बंद हो चुकी होती।
8. यदि मंदिर की घंटी से समस्या दूर होती, तो संसद में बहस क्यों होती?
9. यदि मन्नत से नौकरी मिलती, तो LinkedIn और Resume का क्या काम?
10. यदि जप-तप से अमीरी आती, तो साधु-संत अमीर और अमीर भिखारी होते!
11. यदि नवरात्रि में व्रत रखने से संस्कार आते, तो देवीभक्त भी बेईमान और बलात्कारी क्यों हैं?
12. यदि विवाह कुंडली से तय होता, तो तलाक़ अदालतों में क्यों होते?
13. यदि ग्रह-नक्षत्र जीवन बदल देते, तो रॉकेट वैज्ञानिक गणना क्यों करते?
14. यदि ताबीज से सुरक्षा होती, तो सेना सीमा पर क्यों होती?
15. यदि दूध चढ़ाने से शिव खुश होते, तो गरीब बच्चे भूखे क्यों हैं?
16. यदि आरती से वातावरण शुद्ध होता, तो AQI क्यों नहीं संभालता?
17. यदि भूत-प्रेत वाकई होते, तो मनोविज्ञान का अस्तित्व क्यों है?
18. यदि किस्मत रेखा से तय होती, तो मेहनत का अध्याय क्यों लिखा गया?
19. यदि हर पूजा में समाधान है, तो कोर्ट-कचहरी क्यों चल रही है?
20. यदि केवल “विश्वास” से दुनिया चलती, तो विज्ञान क्यों जन्मा?
---

Want your business to be the top-listed Government Service in Delhi?

Click here to claim your Sponsored Listing.

Location

Category

Website

Address


Delhi
110030