05/09/2026
आईटीआई नैहरनपुखर में निर्वाचन साक्षरता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नैहरनपुखर, 05 सितंबर 2026:
इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC), औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैहरनपुखर द्वारा सभी आईटीआई ट्रेडों से ELC सदस्यों का चयन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन ELC के नोडल अधिकारी रवि गुलेरिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य, समूह अनुदेशक तथा अन्य अनुदेशक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक दायित्वों एवं सक्रिय नागरिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया के बारे में सरल एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। साथ ही आवश्यक विवरण एवं दस्तावेज उपलब्ध करवाने, आवेदन जमा करने तथा आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
विद्यार्थियों को विशेष रूप से मतदाता सूची में अपने नाम की जाँच, नए मतदाता के रूप में पंजीकरण तथा निर्वाचन संबंधी जानकारी के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें यह संदेश भी दिया गया कि निर्वाचन साक्षरता केवल स्वयं मतदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता पंजीकरण एवं जागरूक मतदान के लिए प्रेरित करना प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को समझाया गया कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक, जिम्मेदार और सहभागी नागरिकों से होती है। युवा वर्ग लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और उनकी सक्रिय सहभागिता निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
ELC के माध्यम से विद्यार्थियों को “जानकारी से जागरूकता, जागरूकता से सहभागिता और सहभागिता से सशक्त लोकतंत्र” के संदेश के साथ निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।