09/10/2026
#मुख्यमंत्री_जन_विश्वास_अभियान : उदयनगर में विधायक श्री भंवरा एवं कलेक्टर श्री सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री धुर्वे ने किया समस्याओं का त्वरित निराकरण
चंदुपुरा, नयापुरा और गुवाडी के भूमि विवादों का होगा समाधान, कलेक्टर श्री सिंह ने संयुक्त टीम बनाकर प्रकरण का निराकरण करने का दिया आश्वासन
आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय स्तर पर उद्योग एवं स्व-रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के तहत उदयनगर में जनसमस्या निवारण शिविर एवं उद्योग संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बागली विधायक श्री मुरली भंवरा, कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री नवीत कुमार धुर्वे ने शिविर में नागरिकों की समस्याओं को सुन गया मौके पर ही निराकरण किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्री मुरली भंवरा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्पष्ट लक्ष्य है कि आमजन को शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का त्वरित लाभ सुगमता से मिले। मुख्यमंत्री जी ने संवेदनशील निर्णय लेते हुए प्रशासन को विकासखंड स्तर पर सीधे जनता के बीच भेजा है, ताकि नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं व प्रशासनिक कार्यों के लिए भटकना न पड़े। यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास, पारदर्शिता एवं आत्मीय संवाद के रिश्ते को और मजबूत कर रहा है।
शिविर के दौरान विधायक श्री मुरली भंवरा ने क्षेत्र के आदिवासी परिवारों को जमीन के संदर्भ में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों एवं लंबित वादों की ओर कलेक्टर श्री सिंह का ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने अवगत कराया कि बहुत सारे पात्र लोगों की भूमि वन विभाग के क्षेत्र में दर्ज होने के कारण विवाद की स्थिति बन रही है। इस पर कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आश्वस्त किया कि ग्राम चंदुपुरा, नयापुरा और गुवाडी के निवासियों की भूमि संबंधी समस्याओं के स्थाई व न्यायसंगत निराकरण हेतु राजस्व एवं वन विभाग की संयुक्त टीम गठित की जाएगी, जो मौके पर जाकर स्थलीय परीक्षण कर समस्याओं का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करेगी।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने स्पष्ट किया कि शिविर में प्राप्त ऐसे आवेदन, जिनका नीतिगत अथवा तकनीकी कारणों से मौके पर तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उन्हें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि विकासखंड में आयोजित होने वाले आगामी शिविर से पूर्व इन सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निपटारा अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। शिविर स्थल पर शासन के विभिन्न विभागों द्वारा सूचनात्मक स्टॉल लगाकर नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही स्थानीय उद्यमियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित हुआ। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री बाथम, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के उद्यमी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
#सेवा_संकल्प_अभियान
#मुख्यमंत्री_जन_विश्वास_अभियान
#सेवा_की_कहानी
#देवास