ग्वालियर जिले में भी हर शनिवार मनेगा मेगा अपार आईडी दिवस
अपार – एक नई पहचान, उज्ज्वल भविष्य का सोपान
राज्य शिक्षा केन्द्र के दिशा-निर्देशों के पालन में ग्वालियर जिले में भी हर शनिवार को मेगा अपार आईडी दिवस मनाया जायेगा। जिले के प्रत्येक विद्यालय में मेगा अपार आईडी दिवस में पालक आमंत्रित किए जायेंगे। पालकगण आधार एवं सहमति पत्र के साथ उपस्थित होकर बच्चों की अपार आईडी बनवाएंगे।
जिला परियोजना समन्वयक श्री रविन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि अपार (Automated Permanent Academic Account Registry) आईडी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का स्थायी डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने में सहायक होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम, समग्र रिपोर्ट कार्ड, छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी, सीखने के परिणामों के साथ-साथ खेल, कला, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक उपलब्धियों का भी डिजिटल रूप से संग्रह एवं संरक्षण किया जा सकेगा।
इस कार्य के लिए विकासखंड स्तर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
JDjansampark Gwalior
CM Madhya Pradesh
Collector Office Gwalior
Official Page Collector Office Gwalior, Government of Madhya Pradesh
05/06/2026
विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्वालियर ने दिया पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश
रमौआ जलाशय पर श्रमदान, आनंद पर्वत पर पौधरोपण और ई-वाहन रैली से जन-जन को किया जागरूक
"जल, जंगल, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट हुआ ग्वालियर,
विश्व पर्यावरण दिवस पर ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में सरकार की मंशा के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के नेतृत्व में जिला प्रशासन, नगर निगम, सामाजिक संस्थाओं, पर्यावरण प्रेमियों और आम नागरिकों ने मिलकर ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन, ऊर्जा बचत और हरित विकास का प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
रमौआ जलाशय पर श्रमदान से दिया जल संरक्षण का संदेश
दिन की शुरुआत रमौआ जलाशय पर व्यापक स्वच्छता अभियान से हुई। सुबह 6 बजे से शुरू हुए इस अभियान में सैकड़ों नागरिकों ने श्रमदान कर जलाशय के घाटों और आसपास फैले कचरे को हटाया। लोगों ने दस्ताने पहनकर पूजन सामग्री, पॉलीथिन, कपड़े और अन्य अपशिष्ट एकत्रित किए। अभियान के दौरान 6 से 7 डंपर कचरा हटाया गया। इस जन-अभियान से प्रभावित होकर स्थानीय ग्रामीण भी सफाई कार्य में शामिल हुए और भविष्य में जलाशय को स्वच्छ बनाए रखने तथा उसमें कचरा फेंकने वालों को रोकने का संकल्प लिया।
आनंद पर्वत पर पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प
इसके बाद आनंद पर्वत पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। शहर की बंजर पहाड़ियों को हरियाली से आच्छादित करने के संकल्प के साथ यहाँ प्रतीक स्वरूप 101 पौधे रोपे गए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, अपर आयुक्त श्री टी. प्रतीक राव सहित अन्य अधिकारियों एवं नागरिकों ने पौधरोपण कर वर्षाकाल में होने वाले व्यापक वृक्षारोपण अभियान की सामूहिक तैयारी का संदेश दिया। साथ ही सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
ई-बाइक एवं सीएनजी वाहन रैली से स्वच्छ ऊर्जा का संदेश
पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने के लिए आलापुर नीलकंठ तिराहे से बाल भवन तक ई-बाइक, ई-स्कूटी तथा सीएनजी वाहनों की रैली निकाली गई। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान और नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लगभग 300 से अधिक नागरिकों की सहभागिता वाली यह रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए बाल भवन पहुँची। रैली के माध्यम से पेट्रोलियम पदार्थों की बचत, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और प्रदूषण नियंत्रण का संदेश दिया गया।
अधिकारियों ने प्रस्तुत किए पर्यावरण हितैषी व्यवहार के उदाहरण
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय एवं अन्य अधिकारियों ने स्वयं ई-कार और ई-बाइक चलाकर पर्यावरण हितैषी परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश दिया। वहीं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कार शेयरिंग कर ईंधन बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग का व्यवहारिक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने अन्य अधिकारियों के साथ एक ही वाहन से यात्रा कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में छोटी-छोटी पहल के महत्व को रेखांकित किया।
रक्तदान और पौध वितरण से जुड़ा सेवा एवं संवेदनशीलता का संदेश
बाल भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का परिचय दिया। साथ ही नगर निगम द्वारा नागरिकों को पौधों का वितरण कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीणों ने भी निभाई सक्रिय भागीदारी
रमौआ जलाशय पर आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में समाजसेवियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग दिया। ग्रामीणों ने जलाशय की स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों का विषय नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक व्यापक सामाजिक दायित्व है। ग्वालियर में आयोजित इन प्रेरक गतिविधियों ने जल संरक्षण, स्वच्छता, हरित विकास, ऊर्जा बचत और सामाजिक सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाया।
JDjansampark Gwalior
CM Madhya Pradesh
04/06/2026
17 व 18 जून को वीरांगना बलिदान मेले का आयोजन होगा
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री पवैया ने आयोजन की तैयारियों के संबंध में ली अधिकारियों की बैठक
व्यवस्थाओं के संबंध में दिए दिशा-निर्देश
ग्वालियर में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी 17 व 18 जून को वीरांगना बलिदान मेले का भव्य आयोजन किया जायेगा। मेले की तैयारियों को लेकर राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री जयभान सिंह पवैया ने गुरुवार को बाल भवन में जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं को बेहतर करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीरांगना मेले के आयोजन को लेकर आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, अपर आयुक्त श्री टी. प्रतीक राव, श्री प्रदीप तोमर, श्री मुनीष सिकरवार सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि 17 जून को महाराणा प्रताप जयंती का आयोजन भी होगा। इसके लिये ग्वालियर के गोला का मंदिर चौराहा पर स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर साज-सज्जा भी की जाए। इसके साथ ही बलिदान मेले से पूर्व समाधि स्थल की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाए। साथ ही बलिदान मेला स्थल के समतलीकरण एवं साफ-सफाई को भी समय रहते पूर्ण किया जाए। मेला स्थल पर लगने वाली अस्त्र-शस्त्रों की प्रदर्शनी की तैयारी भी समय रहते पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि वीरांगना की प्रतिमा ही नहीं ग्वालियर में एक मात्र बलिदान स्थल है, इसका महत्व ही कुछ और है। श्री पवैया ने कहा कि 17 व 18 जून को आयोजित बलिदान मेले के सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिये सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में कहा कि प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष भी बलिदान मेले का आयोजन पूर्ण गरिमा और भव्यता के साथ आयोजित किया जायेगा। इसके लिये प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जायेंगीं। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने भी आश्वस्त किया कि नगर निगम की ओर से बलिदान मेले के आयोजन के संबंध में जो भी व्यवस्थायें की जाती हैं, वह समय रहते पूर्ण कर ली जायेंगीं। इस वर्ष भी मेला पूर्ण गरिमा व भव्यता के साथ आयोजित किया जायेगा।
Jaibhan Singh Pawaiya
JDjansampark Gwalior
CM Madhya Pradesh
04/06/2026
जिले में निर्माण स्थलों पर पहुँचकर बनाए जा रहे हैं श्रमिकों के कार्ड
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने पंजीयन कार्ड बनाने के साथ प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से भी श्रमिकों को जोड़ने के दिए निर्देश
जिले में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सभी निर्माण विभागों को श्रमिक पंजीयन अभियान को गति देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि निर्माण कार्यों में लगे शेष पात्र श्रमिकों के पंजीयन कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाए जाएँ तथा उन्हें प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में भी अनिवार्य रूप से पंजीकृत कराया जाए।
कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में मध्यप्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा संचालित निर्माण कार्य स्थलों पर श्रम विभाग की टीम पहुँची। इस दौरान श्रम निरीक्षकों ने श्रमिकों की पहचान एवं पात्रता का सत्यापन कर लगभग आधा दर्जन श्रमिकों की अस्थायी समग्र आईडी तैयार कराई। साथ ही उनके प्रवासी श्रमिक कार्ड भी बनवाए गए। श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन के लिए प्रेरित किया गया।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने निर्माण विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिन निर्माण कार्यों में अधिक संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं, वहाँ विशेष शिविर आयोजित किए जाएँ। इन शिविरों में श्रमिक पंजीयन कार्ड, समग्र आईडी, प्रवासी श्रमिक कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूर्ण कराई जाए, ताकि श्रमिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
विभागीय कामगारों के पंजीयन पर भी जोर
सभी विभाग प्रमुखों को भी निर्देश दिए गए हैं कि विभागीय कार्यालयों एवं कार्यक्षेत्र में कार्यरत ऐसे कर्मचारी, जिनकी भविष्य निधि (ईपीएफ) की कटौती नहीं हो रही है तथा जिनका मासिक वेतन 15 हजार रुपये या उससे कम है, उनका प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन सुनिश्चित कराया जाए। इसके लिए नागरिक सुविधा केंद्रों, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा स्वयं लॉगिन (सेल्फ रजिस्ट्रेशन) की सुविधा का उपयोग किया जा सकता है।
श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ दिलाने पर प्रशासन का फोकस
जिला प्रशासन का उद्देश्य शासन की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को पंजीकृत कर उन्हें सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, स्वास्थ्य एवं अन्य श्रमिक कल्याण योजनाओं से जोड़ना है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को मिशन मोड में संचालित कर शत-प्रतिशत पात्र श्रमिकों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।
JDjansampark Gwalior
CM Madhya Pradesh
04/06/2026
अनुदान पर सोलर सिस्टम लगवाएं और बड़े बिजली बिल से बचें
जिलेवासियों से “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” का लाभ उठाने की अपील
बिजली बिल की बढ़ती चिंता से राहत पाने और स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने का यह सही समय है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के तहत नागरिक अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर सब्सिडी का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। योजना के तहत मार्च 2027 से पहले सोलर संयंत्र लगवाने पर निर्धारित शासकीय अनुदान दिया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिलेवासियों से “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” का लाभ उठाने की अपील की है।
यह योजना न केवल बिजली खर्च कम करने में सहायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश में इस योजना के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और अब तक दो लाख से अधिक उपभोक्ता इसमें नामांकन करा चुके हैं।
ऐसे उठाएं योजना का लाभ
योजना को और अधिक सरल एवं जनहितकारी बनाने के लिए मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड द्वारा व्हाट्सऐप चैटबॉट “सोलर चाचा” शुरू किया गया है। इसके माध्यम से नागरिकों को योजना से संबंधित सभी प्रमाणित और अद्यतन जानकारी एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। इच्छुक हितग्राही पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, सब्सिडी, सोलर संयंत्र स्थापना तथा अन्य आवश्यक जानकारियाँ सीधे चैटबॉट के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। योजना से जुड़ने के लिए निर्धारित क्यूआर कोड स्कैन कर अथवा 8815107640 नंबर पर “Hello” संदेश भेजकर अपने सोलर सफर की शुरुआत की जा सकती है।
जिलेवासियों से अपील की गई है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर अपने घर को सौर ऊर्जा से रोशन करें और बिजली खर्च में बचत सुनिश्चित करें।
JDjansampark Gwalior
CM Madhya Pradesh
03/06/2026
*विश्व पर्यावरण दिवस 2026*
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर *05 जून 2026 (शुक्रवार)* को *नगर निगम ग्वालियर* द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आप सभी सादर आमंत्रित हैं।
*दिनांक:* 05 जून 2026 (शुक्रवार)
*समय:* प्रातः 06:00 बजे से 10:00 बजे तक
*कार्यक्रम की रूपरेखा:*
*रामौआ डैम*
06:00 AM – श्रमदान कार्यक्रम
*कैप्टन हिल्स*
07:00 AM – वृक्षारोपण अभियान
07:30 AM – ई-बाइक एवं ई-स्कूटी रैली हेतु प्रतिभागियों का एकत्रीकरण
07:40 AM – कार्यक्रम का उद्घाटन, पर्यावरण शपथ एवं हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ
मार्ग: कैप्टन हिल्स → सन वैली → कलेक्ट्रेट कार्यालय → आकाशवाणी चौराहा → गोविंदपुरी → अलकापुरी → तानसेन चौराहा → बाल भवन
*बाल भवन*
08:30 AM – रैली का आगमन
08:40 AM – ग्रीन एक्सपो का उद्घाटन
रक्तदान शिविर
नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम
पुरस्कार वितरण समारोह
पावर योग कार्यक्रम
*आइए, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के इस जन-अभियान में सहभागी बनें एवं स्वच्छ, हरित और स्वस्थ ग्वालियर के निर्माण में अपना योगदान दें।*
JDjansampark Gwalior
CM Madhya Pradesh
03/06/2026
स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के जिला प्रशासन के अधिकारी मैदान में
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम कर रहे हैं सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण
जिले में आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के सामुदायिक, प्राथमिक व उप स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इस कड़ी में बुधवार को शहरी स्वास्थ्य केन्द्र हुरावली व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चीनौर सहित अन्य सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने निर्देश दिए हैं कि सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाइयां और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति, स्वास्थ्य केन्द्रों की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है।
बुधवार को एसडीएम झांसी रोड श्री अतुल सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हुरावली का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, दवा वितरण व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
वहीं एसडीएम भितरवार श्री राजीव समाधिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चीनोर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य संस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि जिले के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
JDjansampark Gwalior
CM Madhya Pradesh
03/06/2026
जनकल्याण अभियान में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देना करें सुनिश्चित - मुख्य सचिव श्री जैन
"एक पेड़ माँ के नाम"-स्वच्छता अभियान-जनकल्याण शिविर-प्राकृतिक खेती कार्य-शालाएं और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में प्रदेश को अग्रणी बनाने का है लक्ष्य
मुख्य सचिव ने व्हीसी के जरिए कलेक्टर्स से चर्चा कर की अभियान की तैयारियों की समीक्षा
व्हीसी के बाद कलेक्टर ने बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने कलेक्टर्स से कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की प्राथमिकता के अनुरूप 5 जून से आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जनकल्याण अभियान में पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य की विभिन्न योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा है कि इस दौरान विश्व पर्यावरण दिवस पर "एक पेड़ माँ के नाम" और स्वच्छता अभियान, जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती कार्य-शालाएं तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस गतिविधियों का उत्कृष्ट क्रियान्वयन हो जिससे देश में मध्यप्रदेश अग्रणी हो। मुख्य सचिव श्री जैन ने बुधवार को मंत्रालय से संभाग के कमिश्नर, कलेक्टर और सीईओ जिला पंचायत से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए चर्चा कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्य सचिव श्री जैन ने कलेक्टर्स से कहा है कि प्रदेश के लिए यह गौरान्वित करने वाली बात है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 25 दिन पूर्व खजुराहो से काउंट-डाउन शुरू हुआ है। ऐसे में हम सबका यह उत्तरदायित्व है कि शरीर को निरोगी रखने वाले योग से जन-जन को जोड़ें और नया रिकार्ड कायम करें। उन्होंने कहा कि कलेक्टर्स प्रयास करें कि योग का एक कार्यक्रम जिले की ऐतिहासिक धरोहर अथवा पर्यटन स्थल पर जरूर आयोजित हो। बैठक में बताया गया कि गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के लिए योग की व्यक्तिगत श्रेणी की गतिविधि 14 जून को भी होगी जिससे लोग टोल-फ्री नंबर 18003157008 पर पंजीयन करवा सकते हैं। इस दिन यह आयोजन सुबह 6.15 से 7.35 बजे तक होगा।
मुख्य सचिव श्री जैन ने कलेक्टर्स से कहा कि प्रभारी मंत्री से समन्वय कर कलेक्टर्स विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक होने वाली सभी गतिविधियों के लिए प्लान तैयार करें। उन्होंने पिछले वर्ष 'एक पेड़ मां के नाम में मध्यप्रदेश की देश में टॉप रैंक होने पर बधाई देते हुए कहा कि इस वर्ष भी प्रदेश को अग्रणी रखने के लिए पूरी प्लानिंग से नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में पौध-रोपण किया जाए।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 जून को भोपाल से अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान पूरे प्रदेश में जल चेतना और पर्यावरण सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पौध-रोपण जियो टैगिंग और क्यू आर कोड के साथ किया जाएगा। इस गतिविधि के तहत स्वच्छता अभियान चलाकर ठोस और प्लास्टिक अपशिष्ट की सफाई के साथ जल स्त्रोतों की सफाई और गहरीकरण के कार्य भी किए जाएंगे।
मुख्य सविच श्री जैन ने 12 से 18 जून की अवधि में हर विकासखंड में 3 दिवसीय जनकल्याण शिविर लगाने पर सर्वाधिक फोकस करने के कलेक्टर्स को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हितग्राही का योजनाओं के लिए चयन और प्रचलित योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने में पूरी गंभीरता बरतें। उन्होंने इस दौरान लोक सेवा गारंटी में प्राप्त शिकायतों के साथ ही समाधान एक दिन में प्राप्त आवेदनों का संतुष्टि पूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रयास हो कि समय-सीमा में ही आवेदकों की जायज मांगो और शिकायतों का समाधान हो जाए। उन्होंने कहा है कि संबंधित विभाग संवदेनशील रहें और यह सुनिश्र्चित करें कि कोई भी वंचित पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से नहीं छूटे।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि 19 और 20 जून को हर जिले में अनिवार्य रूप से प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनी और कार्यक्रम दो-दो स्थानों पर आयोजित की जाएं। उन्होंने कृषि भूमि को अधिक उपजाऊ बनाए रखने के लिए सही अर्थों में फर्टिलाइजर के उपयोग को हतोत्साहित करने और प्राकृतिक खेती को अपनाने पर फोकस करने के लिए कहा है। संपूर्ण प्रदेश में अभियान के अंतिम दिन 21 जून को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम को समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से देश में अग्रणी बनाने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे, श्री संजय शुक्ला, श्रीमती दीपाली रस्तोगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। यहाँ ग्वालियर में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय एवं जिला पंचायत के सीईओ श्री सोजान सिंह रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
जनकल्याण अभियान की सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें – कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने नगर निगम आयुक्त, जिला पंचायत सीईओ, सभी जनपद पंचायत सीईओ एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विश्व पर्यावरण दिवस, जनकल्याण अभियान, “एक पेड़ माँ के नाम”, स्वच्छता अभियान, जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती प्रोत्साहन एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से संबंधित सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने, अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा अभियान की सतत मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप जिले के हितग्राही लाभान्वित हो सकें।
JDjansampark Gwalior
CM Madhya Pradesh
03/06/2026
जिले में शेष किसानों की फार्मर आईडी बनाने का काम जारी, विभिन्न ग्रामों में लगे शिविर
जिले में कृषि भूमि के मालिक शेष किसानों की फार्मर आईडी बनाने के लिये विशेष अभियान जारी है। इस कड़ी में बुधवार को ग्राम सुनवई, ईंटमा व भरथरी सहित जिले के अन्य ग्रामों में विशेष शिविर लगाकर फार्मर रजिस्ट्री का काम किया गया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को अभियान के माध्यम से शतप्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत सभी भूधारी किसानों का पंजीयन कर उनकी फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा रही है। साथ ही किसानों की सभी कृषि भूमियों को आईडी से जोड़ा जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को यह भी निर्देश दिए हैं कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के एफआरए पट्टाधारी किसानों की फार्मर आईडी बनाना भी सुनिश्चित करें।
फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों की भूमि संबंधी जानकारी एकीकृत रूप से उपलब्ध रहेगी। इससे शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ किसानों तक आसानी से पहुंच सकेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान की प्रतिदिन मॉनीटरिंग की जाए। फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल एवं एमपीएफआर पोर्टल पर उपलब्ध रिपोर्टों के आधार पर प्रगति की समीक्षा होगी।
JDjansampark Gwalior
CM Madhya Pradesh
03/06/2026
ग्वालियर में पशुओं के उपचार के लिये “केयर एण्ड वेलनेस सेंटर” खोलने की तैयारियां तेज हुईं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की है यह सेंटर खोलने की घोषणा
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने संभागीय पशु चिकित्सालय परिसर पहुँचकर
सेंटर खोलने के संबंध में दिए दिशा-निर्देश
ग्वालियर में पशुओं के उपचार के लिये अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित “केयर एण्ड वेलनेस सेंटर” खोलने की तैयारियां तेज हो गईं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गत 4 मई को ग्वालियर के मेला मैदान में आयोजित हुए राज्य स्तरीय पशुपालक एवं दुग्ध उत्पादक सम्मेलन में यह वेलनेस सेंटर खोलने की घोषणा की थी। ग्वालियर में हेमसिंह की परेड स्थित संभागीय पशु चिकित्सालय का उन्नयन “केयर एण्ड वेलनेस सेंटर” के रूप में किया जायेगा। जिसमें पशुपालकों को अपने पशुधन के स्वास्थ्य एवं उपचार की अत्याधुनिक सुविधायें उपलब्ध होंगीं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बुधवार को हेमसिंह की परेड स्थित संभागीय पशु चिकित्सालय पहुँचकर “केयर एण्ड वेलनेस सेंटर” के निर्माण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पीआईयू व पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय बनाकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप इस सेंटर की प्रोजेक्ट रिपोर्ट व प्राक्कलन तैयार कर जल्द से जल्द शासन को भेजें। कलेक्टर ने कहा कि प्रोजेक्ट में पशु चिकित्सा के लिये भवन, रैम्प, पशुपालकों के लिये वेटिंग रूम, रैम्प, पशु चिकित्सा के लिये अत्याधुनिक उपकरण इत्यादि शामिल करें।
भ्रमण के दौरान उन्होंने संभागीय पशु चिकित्सालय के एक्सरे, अल्ट्रासोनोग्राफी व शल्यचिकित्सा कक्ष इत्यादि का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल के सभी उपकरण सुचारू रहें। उपकरणों की समय से सर्विस कराई जाए। चिकित्सालय परिसर में बने ऐसे भवन जो अभी उपयोग में लिए नहीं जा रहे हैं उनमें आवश्यक कार्य कराकर मेला परिसर में स्थित पशु चिकित्सा इकाई को स्थानांतरित कराने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए। साथ ही यहां बनाए गए गेस्ट हाउस का उपयोग करने पर भी बल दिया।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने यह भी निर्देश दिए कि पशु चिकित्सालय में पदस्थ सभी चिकित्सक व स्टाफ समय पर उपस्थित हो। साथ ही निर्धारित समय के बाद ही कार्यालय छोडें। उन्होंने इसके लिये चिकित्सालय परिसर में ई-अटेंडेंस व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती जुही गर्ग, उप संचालक पशुपालन डॉ. उमेश दांतरे एवं पीआईयू के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
JDjansampark Gwalior
CM Madhya Pradesh
Click here to claim your Sponsored Listing.
Location
Category
Contact the business
Telephone
Website
Address
Collector & District Magistrate, Collectorate, Ohadpur
Gwalior
474001
