26/05/2026
जनहित एडवाइजरी
विषय:- जनपद में उष्ण लहर (लू) एवं भीषण गर्मी के दृष्टिगत मौसम चेतावनी एवं बचाव हेतु एडवाइजरी।
मौसम विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जनपद हमीरपुर में दिनांक 26–30 मई 2026 के मध्य मौसम की स्थिति का सामान्य जनजीवन, स्वास्थ्य, कृषि एवं आधारभूत संरचनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। जनपद में 26–27 मई को उष्ण लहर से भीषण उष्ण लहर तथा उष्ण रात्रि की स्थिति के कारण हीट स्ट्रोक, शरीर में पानी की कमी एवं गर्मी से होने वाली बीमारियां तथा कमजोर वर्गों जैसे बच्चों, वृद्धजनों तथा श्रमिकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके अतिरिक्त 28–30 मई के दौरान मेघगर्जन, वज्रपात एवं 60–80 किमी प्रति घंटा की गति से चलने वाली तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। तेज हवाओं से पेड़, कमजोर संरचनाएं, कच्चे मकान एवं विद्युत पोल प्रभावित हो सकते हैं तथा खड़ी फसलें, बागवानी एवं सब्जी फसलों को भी क्षति पहुंचने की आशंका है।
लू के कारण जनहानि की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए, इसके प्रभाव को न्यूनतम करने एवं जनसामान्य, कृषकों तथा पशुपालकों की सुरक्षा हेतु निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं:
क्या करें (Do’s):
• विशेष रूप से दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में रहने से बचें ।
• निर्जलीकरण से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ का सेवन करें, प्यास न लगने पर भी पानी पीते रहें ।
• हल्के रंग के हल्के, ढीले एवं पूरे सूती कपड़े पहनें ।
• धूप में जाते समय सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढंककर रखें ।
• खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए ओआरएस, घर में बने पेय जैसे लस्सी, तोरानी/चावल का पानी, नींबू पानी, छाछ आदि का उपयोग करें ।
• बाहरी कार्य करने वाले व्यक्ति (मजदूर/किसान) तथा खुले क्षेत्र की गतिविधियों को तापमान के अनुसार नियमित करें ।
• घर को ठंडा रखने हेतु पर्दे/शटर का उपयोग करें। खिड़कियों को परावर्तक सामग्री (जैसे एल्युमीनियम पन्नी/गत्ता) से ढककर बाहरी गर्मी को अंदर आने से रोकें।
• अत्यधिक गर्मी के समय घर की निचली मंजिल पर रहना अधिक सुरक्षित रहता है।
• अस्वस्थता, चक्कर या कमजोरी महसूस होने पर तत्काल निकटतम चिकित्सक से संपर्क करें।
क्या न करें (Don’ts):
• धूप में खड़े बंद वाहनों में बच्चों एवं पालतू जानवरों को बिल्कुल न छोड़ें।
• शराब, नशीले पदार्थ, कैफीनयुक्त एवं अल्कोहल/मादक पेय पदार्थों के सेवन से बचें क्योंकि ये शरीर को डिहाइड्रेट करते हैं।
• अत्यधिक प्रोटीन युक्त एवं बासी भोजन का सेवन न करें।
• बिना उचित वेंटिलेशन के खाना बनाने से बचें। खाना बनाते समय दरवाजे और खिड़कियां खुली रखें।
कृषकों एवं पशुपालकों हेतु विशेष सलाह:
• दोपहर के समय जानवरों को चराने से बचें और उन्हें पर्याप्त तरल पदार्थ के सेवन के साथ छाया में रखें ।
• खड़ी फसल वाले खेतों (गन्ना, मक्का, उर्द, मूंग आदि) में पर्याप्त नमी बनाए रखने के लिए शाम के समय बार-बार हल्की सिंचाई करें ।
• खेतों में नमी की कमी से बचने के लिए कचरे की मल्चिंग करें तथा आवश्यकतानुसार पोटाश/सूक्ष्म पोषक तत्वों का छिड़काव करें।
• सब्जियों (भिण्डी, खीरा, टमाटर आदि) को सनबर्न से बचाने हेतु छाया/नेट का उपयोग करें एवं दोपहर में सिंचाई न करें ।
• सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
(राकेश कुमार)
अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)
हमीरपुर।