05/11/2026
90.54 प्रतिशत मतदान के साथ शांतिपूर्ण संपन्न हुआ सरपंच-पंच चुनाव, लगभग 6.60 लाख मतदाताओं ने डाले वोट
तीसरे चरण में 204 ग्राम पंचायतों के 749 मतदान केंद्रों पर हुआ मतदान, पल्लू में सर्वाधिक 92.76 प्रतिशत मतदान
दनियासर में सरपंच का निर्विरोध निर्वाचन, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने भादरा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मतगणना का कार्य शुरू, देर रात तक जारी होंगे परिणाम
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित तीसरे चरण में जिले की छह पंचायत समितियों की 204 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं 2,151 पंच पदों के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित 749 मतदान केंद्रों पर मतदान करवाया गया। जिले की इन ग्राम पंचायतों में कुल 7 लाख 28 हजार 911 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 6 लाख 59 हजार 977 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार जिले में कुल 90.54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
तीसरे चरण में हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा एवं राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियां शामिल रहीं। इन पंचायत समितियों की 205 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पदों के निर्वाचन के लिए 19 अक्टूबर को निर्वाचन की लोक सूचना जारी की गई थी। मतदान समाप्ति के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना शुरू हुई। वहीं उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर को करवाया जाएगा।
204 ग्राम पंचायतों में 873 अभ्यर्थी सरपंच पद के लिए मैदान में
तीसरे चरण में शामिल छह पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 1,327 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा एवं नाम वापसी के बाद 204 ग्राम पंचायतों में 873 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रहे, जिन्हें चुनाव चिह्न आवंटित किए गए थे। वहीं पल्लू पंचायत समिति की दनियासर ग्राम पंचायत में एकमात्र अभ्यर्थी श्रीमती इंद्रा देवी पत्नी भागीरथ को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इस ग्राम पंचायत में कुल 3,363 मतदाता हैं।
तीसरे चरण में शामिल छह पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में 2,151 पंच पदों के लिए कुल 3,536 नामांकन दाखिल किए गए थे। इन पदों के लिए भी गुरुवार को मतदान करवाया गया। ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतपेटियों के माध्यम से मतदान हुआ।
पल्लू में सर्वाधिक 92.76 प्रतिशत मतदान
पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत के अनुसार पल्लू में सर्वाधिक 92.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां की 24 ग्राम पंचायतों में पंजीकृत 72,804 मतदाताओं में से 67,531 ने मतदान किया।
पीलीबंगा की 43 ग्राम पंचायतों में 1,24,876 मतदाताओं में से 1,13,676 ने मतदान किया। यहां 91.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नोहर की 59 ग्राम पंचायतों में 2,17,168 मतदाताओं में से 1,99,411 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां मतदान 91.82 प्रतिशत रहा।
भादरा पंचायत समिति की 26 ग्राम पंचायतों में पंजीकृत 1,06,096 मतदाताओं में से 94,511 ने मतदान किया। यहां 89.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हनुमानगढ़ जंक्शन की 23 ग्राम पंचायतों में 1,03,208 मतदाताओं में से 91,522 ने मतदान किया। यहां मतदान 88.68 प्रतिशत रहा।
इसी प्रकार राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समिति की 29 ग्राम पंचायतों में पंजीकृत 1,04,759 मतदाताओं में से 93,326 ने मतदान किया। यहां 89.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
__
DIPR, Department of Information & Public Relations, Rajasthan
#हनुमानगढ़
CMO Rajasthan
Government of Rajasthan