07/10/2026
*विकसित भारत संकल्प यात्रा, 10 अक्टूबर को रानीताल खेल परिसर में सजेगी रंगों की छटा, होगा भव्य रंगोली महोत्सव*
*रानीताल स्टेडियम में रंगोली महोत्सव की तैयारियां तेज, निगमायुक्त ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा*
*रानीताल खेल परिसर के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने आर्चरी और लॉन टेनिस में भी आजमाया हाथ*
जबलपुर। विकसित भारत संकल्प सेवा यात्रा के अंतर्गत 10 अक्टूबर 2026 को रानीताल खेल परिसर में भव्य रंगोली महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त श्री अहिरवार ने आयोजन स्थल की साफ-सफाई, प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव में आने वाले नागरिकों और प्रतिभागियों के लिए सभी सुविधाएं चाक-चौबंद रखी जाएं, ताकि कार्यक्रम गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान खेल परिसर में निगमायुक्त श्री अहिरवार ने स्वयं आर्चरी और लॉन टेनिस खेलकर खेलों का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त व्ही. एन. बाजपेयी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, संभागीय अधिकारी अनुपम शुक्ला, कार्यालय अधीक्षक दिलीप दुबे, संभागीय यंत्री संदीप पाण्डेय, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक सौरभ तिवारी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।