PRO Municipal Corporation Karnal

Directions Website

PRO Municipal Corporation Karnal Nagar Nigam Karnal

त्यौहारी सीजन को लेकर निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने विद्युत शाखा के अभियंताओं के साथ की समीक्षा बैठक, नई अधिकृत कॉलोनियों मे...
07/10/2026

त्यौहारी सीजन को लेकर निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने विद्युत शाखा के अभियंताओं के साथ की समीक्षा बैठक, नई अधिकृत कॉलोनियों में दो दिन में सर्वे पूरा कर स्ट्रीट लाईट लगाने का कार्य शुरू करने के निर्देश।
सभी स्ट्रीट लाईट, हाई मास्ट, बोलार्ड व डेकोरेटिव लाईटें चालू हालत में रखने के अभियंताओं को दिए निर्देश।
करनाल 7 अक्तूबर, आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए शहर की रोशनी व्यवस्था को और अधिक बेहतर एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बुधवार को विद्युत शाखा के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था, नई अधिकृत कॉलोनियों में स्ट्रीट लाईट लगाने, हाई मास्ट लाईट, सी.सी.टी.वी. कैमरों तथा हाऊस बैठक में स्वीकृत स्ट्रीट लाईट से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कार्यकारी अभियंता मोनिका शर्मा, सहायक अभियंता मनीष अग्रवाल तथा कनिष्ठ अभियंता मुनीष लालर व संदीप कुमार मौजूद रहे।

नई अधिकृत कॉलोनियों में दो दिन में सर्वे पूरा कर शुरू करें स्ट्रीट लाईट लगाने का कार्य।
निगमायुक्त ने नगर निगम क्षेत्र की नई अधिकृत कॉलोनियों में स्ट्रीट लाईट लगाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। सहायक अभियंता ने बताया कि इस संबंध में एच.पी.एल. एजेंसी द्वारा सर्वे का कार्य किया जा रहा है। इस पर निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि दो दिन के भीतर सर्वे का कार्य पूरा करवाकर स्ट्रीट लाईट लगाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए, ताकि नई अधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले नागरिकों को भी बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिल सके और आगामी त्यौहारी सीजन के दौरान ये क्षेत्र भी रोशनी से जगमगा सकें। उन्होंने गुरूनानक पुरा क्षेत्र में भी स्ट्रीट लाईट लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

स्ट्रीट लाईट से संबंधित 5 कार्यों में से 4 के टेंडर जारी।
उन्होंने नगर निगम हाऊस की बैठक में स्वीकृत स्ट्रीट लाईट से संबंधित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। सहायक अभियंता ने बताया कि स्ट्रीट लाईट से संबंधित कुल 5 कार्यों में से 4 कार्यों के टेंडर लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष एक कार्य का अनुमान तकनीकी मूल्यांकन प्रक्रिया में है। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द से जल्द आगे बढ़ाया जाए तथा जहां आवश्यक हो, वहां कार्य शुरू करवाने में अनावश्यक देरी न हो।

129 सीसीटीवी कैमरों में से 127 चालू, दो को किया जा रहा दुरुस्त।
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने शहर में नगर निगम द्वारा स्थापित 129 सी.सी.टी.वी. कैमरों की स्थिति की भी जानकारी ली। अभियंताओं ने बताया कि इनमें से 127 कैमरे सही कंडीशन में कार्य कर रहे हैं, जबकि शेष 2 कैमरों को दुरुस्त करवाने की प्रक्रिया जारी है। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि खराब कैमरों को जल्द दुरुस्त करवाया जाए तथा शहर में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों की नियमित रूप से जांच सुनिश्चित की जाए।

29 हाई मास्ट लाईटें लग चुकीं, शेष 11 का कार्य 10 दिन में पूरा करने के निर्देश।
उन्होंने शहर के प्रत्येक वार्ड में 2-2 हाई मास्ट लाईटें लगाने के कार्य की भी समीक्षा की। अभियंताओं ने बताया कि इस कार्य के तहत अब तक 29 हाई मास्ट लाईटें लगाई जा चुकी हैं, जबकि शेष 11 हाई मास्ट लाईटें लगाने का कार्य प्रगति पर है। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष हाई मास्ट लाईटों का कार्य अधिकतम 10 दिनों में पूरा करवाया जाए, ताकि शहर के सभी वार्डों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

स्ट्रीट लाईट, हाई मास्ट, बोलार्ड व डेकोरेटिव लाईटें चालू हालत में रहें।
निगमायुक्त ने विद्युत शाखा के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में लगी सभी स्ट्रीट लाईट, हाई मास्ट लाईट, बोलार्ड तथा डेकोरेटिव लाईटें सही एवं चालू हालत में रहनी चाहिएं। उन्होंने कहा कि आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए मुख्य सडक़ों, चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों तथा पार्कों में लगी लाईटों की विशेष रूप से जांच की जाए। उन्होंने एच.पी.एल. एजेंसी को सख्त निर्देश जारी करने तथा एजेंसी द्वारा प्रकाश व्यवस्था के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि शहर की रोशनी व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित रूप से शहर का निरीक्षण कर स्ट्रीट लाईटों एवं अन्य प्रकाश उपकरणों की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए गए।

स्ट्रीट लाईट की शिकायतों का 24 घंटे में हो समाधान।
निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों द्वारा स्ट्रीट लाईट से संबंधित दर्ज करवाई जाने वाली शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित 24 घंटे के समय के भीतर शिकायतों का निवारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में शिकायत का समाधान नहीं करने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार पेनल्टी की कार्रवाई की जाए।
निगमायुक्त ने नागरिकों से भी अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में स्ट्रीट लाईट खराब है या प्रकाश व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या है तो इसकी सूचना नगर निगम को दें। नागरिक शिकायत नंबर 0184-2200600 तथा नगर निगम के टोल फ्री नंबर 18001802700 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के अलावा भी नियमित फील्ड निरीक्षण किया जाए और यदि कहीं लाईट खराब या बंद पाई जाती है तो उसे तुरंत दुरुस्त करवाया जाए।

07/10/2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत करनाल में स्वच्छता और जन-जागरूकता गतिविधियां तेज- सलोनी शर्मा, निगमायुक्त। निगमायुक्त के निर्द...
06/10/2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत करनाल में स्वच्छता और जन-जागरूकता गतिविधियां तेज- सलोनी शर्मा, निगमायुक्त।
निगमायुक्त के निर्देश पर सभी जोनों में विशेष सफाई अभियान, आई.ई.सी. गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को किया जा रहा जागरूक।
मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी-देशभर में मिसाल बनने की तैयारी के संदेश के साथ स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनभागीदारी पर जोर।
करनाल 6 अक्तूबर, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा के निर्देशानुसार नगर निगम की सफाई शाखा एवं स्वच्छ भारत मिशन-शहरी टीम द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत निगम क्षेत्र के सभी जोनों में स्वच्छता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसके साथ-साथ सूचना, शिक्षा एवं संचार (आई.ई.सी.) गतिविधियों को भी व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।

निगमायुक्त का संदेश-मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी, देशभर में मिसाल बनने की तैयारी।
निगमायुक्त ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी-देशभर में मिसाल बनने की तैयारी के संकल्प के साथ स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर नागरिक अपने घर, दुकान और प्रतिष्ठान से निकलने वाले कचरे का सही तरीके से प्रबंधन करे तथा उसे निर्धारित कूड़ेदान एवं निगम के अधिकृत कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपे, तो शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि करनाल को स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में एक उदाहरण बनाने के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। नगर निगम द्वारा स्वच्छता सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत चार प्रकार के कूड़ेदानों की दी जा रही जानकारी।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन-शहरी टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत कचरे के उचित पृथक्करण एवं संग्रहण के बारे में जानकारी दी जा रही है। नागरिकों को गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी कचरा तथा घरेलू खतरनाक/विशेष कचरे को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। टीम द्वारा समझाया जा रहा है कि कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग रखने से उसके उचित संग्रहण, प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण एवं निस्तारण में मदद मिलती है।

टिप्पर वाहनों में गीला व सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन-शहरी टीम के सदस्य रोजाना शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को जागरूक करने के साथ-साथ टिप्पर वाहनों के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण सुनिश्चित करवा रहे हैं। नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे अपने घरों एवं दुकानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके ही निगम के कचरा संग्रहण वाहनों को सौंपें।

प्लास्टिक मुक्त करनाल का संदेश।
आई.ई.सी. गतिविधियों के दौरान नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। लोगों को प्लास्टिक कचरे से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देते हुए प्लास्टिक मुक्त करनाल का संदेश दिया जा रहा है।

जल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी जागरूकता।
स्वच्छता अभियान के साथ-साथ नागरिकों को जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। लोगों से पानी की बर्बादी रोकने, जल संरक्षण के उपाय अपनाने, पेड़-पौधों की देखभाल करने तथा अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का आह्वान किया जा रहा है।

जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ, सुंदर और मिसाल योग्य करनाल।
नगर निगम की सफाई शाखा एवं स्वच्छ भारत मिशन-शहरी टीम द्वारा निरंतर चलाए जा रहे इन अभियानों का उद्देश्य केवल शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना भी है।
निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी-देशभर में मिसाल बनने की तैयारी के संदेश को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और कचरे का सही पृथक्करण, उचित निस्तारण तथा स्वच्छता में सहयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी से करनाल को स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में मिसाल बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।

जनभागीदारी से ही सफल होंगे स्वच्छता अभियान, स्वच्छ करनाल के लिए बदलें व्यवहार और सोच- हरविन्द्र कल्याण, विधानसभा अध्यक्ष...
02/10/2026

जनभागीदारी से ही सफल होंगे स्वच्छता अभियान, स्वच्छ करनाल के लिए बदलें व्यवहार और सोच- हरविन्द्र कल्याण, विधानसभा अध्यक्ष।
सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्तम नगर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, विधानसभा अध्यक्ष, महापौर व निगमायुक्त ने आमजन के साथ स्वच्छता अभियान में लिया भाग, किया पौधारोपण।
महापौर रेणु बाला गुप्ता व निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने किया स्वच्छता व सक्रिय जनभागीदारी का आह्वान।
करनाल 2 अक्तूबर, हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर निगम करनाल द्वारा फूसगढ़ रोड स्थित उत्तम नगर क्षेत्र में छठ मईया घाट स्थल पर विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर रेणु बाला गुप्ता ने की, जबकि नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

विधानसभा अध्यक्ष ने किया पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
कार्यक्रम के दौरान छठ मईया घाट परिसर स्थित पार्क में पौधारोपण किया गया। मुख्य अतिथि हरविन्द्र कल्याण ने अमरूद, महापौर रेणु बाला गुप्ता ने जामुन तथा निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने भी अमरूद का पौधा रोपित किया। इसके अतिरिक्त भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन द्वारा त्रिवेणी भी लगाई गई। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र बढ़ाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी लिया।

विधानसभा अध्यक्ष, महापौर और निगमायुक्त ने स्वयं चलाया स्वच्छता अभियान।
पौधारोपण के बाद विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, महापौर रेणु बाला गुप्ता एवं निगमायुक्त सलोनी शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने स्वयं स्वच्छता अभियान में भाग लिया। सभी ने छठ मईया घाट के बाहर खाली स्थान तथा श्मशान घाट परिसर में साफ-सफाई की। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी से कुछ ही समय में अभियान स्थल की तस्वीर बदल गई और परिसर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाया गया। इस दौरान यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

आमजन की भागीदारी के बिना कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता- हरविन्द्र कल्याण।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रदेशवासियों एवं उपस्थित नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा भावना, जनभागीदारी और राष्ट निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा भावना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। संविधान निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर एवं संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि भारत का संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है।

नागरिक जिम्मेदारी से निभाएं अपने कर्तव्य।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी अभियान आमजन की सक्रिय भागीदारी के बिना सफल नहीं हो सकता। नागरिकों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने बुजुर्गों से अपने अनुभव का उपयोग समाज एवं आने वाली पीढ़ी के मार्गदर्शन में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए केवल व्यवस्थाओं में बदलाव पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों को अपने व्यवहार और सोच में भी सकारात्मक परिवर्तन लाना होगा। जब प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों की जिम्मेदारी और सहभागिता जुड़ती है, तभी स्थायी रूप से स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित जन समूह को स्वच्छता शपथ भी दिलाई।

करनाल के विकास को लेकर क्षेत्र में किए जा रहे हैं निरंतर प्रयास।
हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले अनेक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी थी, लेकिन भाजपा सरकार आने से नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों में विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि छठ मईया घाट क्षेत्र में भी सुंदर पार्क, सामुदायिक केंद्र, बच्चों के लिए लाइब्रेरी तथा छठ घाट के विस्तार जैसे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के कार्य किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

स्वच्छ करनाल के लिए प्रशासन के साथ नागरिकों की भागीदारी जरूरी- रेणु बाला गुप्ता।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम करनाल द्वारा आज विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वच्छता के संदेश को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी प्रभावी हो सकता है, जब नगर निगम एवं प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिक भी इसमें सक्रिय भागीदारी करें।
महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास गंदगी न फैलाएं, कचरे को निर्धारित तरीके से अलग-अलग करें और नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नागरिक स्वच्छता एप के माध्यम से कचरे से संबंधित शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जिनके समाधान के लिए नगर निगम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि करनाल को स्वच्छता और विकास के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। करनाल को प्रगति-50 में शामिल होने से स्वच्छता एवं विकास के क्षेत्र में नए प्रयोगों और बेहतर कार्यों को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।

स्वच्छता के लक्ष्य को जनभागीदारी से हासिल करेंगे- सलोनी शर्मा।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण का स्वागत किया तथा उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को अत्यंत महत्वपूर्ण माना और स्वच्छता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया। नगर निगम करनाल स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
निगमायुक्त ने कहा कि स्वच्छ करनाल का लक्ष्य केवल नगर निगम का लक्ष्य नहीं, बल्कि पूरे शहर का सामूहिक संकल्प है। आमजन की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर बनाने के प्रयास सफल होंगे।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में भाग लें, अपने घर एवं आसपास के क्षेत्र को साफ रखें, कचरे को अलग-अलग करके निगम के अधिकृत वाहनों को दें तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से बचें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की जिम्मेदारी बनाएं। स्वच्छ करनाल, स्वस्थ करनाल के निर्माण में अपना योगदान दें।

स्वच्छता के साथ व्यवहार परिवर्तन का दिया संदेश।
कार्यक्रम में नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन-शहरी टीम की ओर से ट्रिगर मास्टर गुरदेव सिंह ने सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों के माध्यम से उपस्थित नागरिकों, बच्चों एवं युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों को चार प्रकार के कचरा पृथक्करण, उचित कचरा प्रबंधन, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने, पॉलिथीन मुक्त करनाल, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के संबंध में जानकारी दी। नागरिकों को कचरा पृथक्करण संबंधी पम्फलेट भी वितरित किए गए।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक रहे मौजूद।
इस अवसर पर पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी, वार्ड नंबर-3 के पार्षद परमजीत सिंह (पप्पू लाठर), वार्ड नंबर-4 के पार्षद भूपेन्द्र नोतना, अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, स्वच्छता अधिकारी महावीर सोढी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा सहित भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता, आर.डब्ल्यू.ए., एन.जी.ओ. व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

संपत्ति कर की नई दरें 11 अक्टूबर से होंगी लागू, 10 तक पुरानी दरों के अनुसार जमा कर सकेंगे सम्पत्ति कर- सलोनी शर्मा, नगर ...
01/10/2026

संपत्ति कर की नई दरें 11 अक्टूबर से होंगी लागू, 10 तक पुरानी दरों के अनुसार जमा कर सकेंगे सम्पत्ति कर- सलोनी शर्मा, नगर निगम आयुक्त।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने नई दरों के प्रभावी होने की तिथि बढ़ाई आगे, पुरानी दरों पर भुगतान करने का यह अंतिम मौका।
करनाल 1 अक्तूबर, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने शहरवासियों को संपत्ति कर की नई दरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग, हरियाणा सरकार द्वारा संपत्ति कर की नई दरों को लागू करने की तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है। अब नई दरें 11 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा नागरिकों को अंतिम अवसर देते हुए 10 अक्तूबर तक का अतिरिक्त समय प्रदान किया गया है। इस तिथि तक शहरवासी पुरानी दरों के अनुसार अपने संपत्ति कर का भुगतान कर सकते हैं। नागरिकों को इस अवधि के दौरान पुरानी दरों के अनुसार संपत्ति कर जमा करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

11 अक्टूबर से नई दरों के अनुसार होगा संपत्ति कर का निर्धारण।
निगमायुक्त ने बताया कि 11 अक्टूबर 2026 से संपत्ति कर की नई प्रणाली एवं नई दरें प्रभावी होंगी। इसके बाद संपत्ति कर का निर्धारण एवं भुगतान नई अधिसूचना में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा नई दरों को लागू करने की तिथि का विस्तार किए जाने का उद्देश्य नागरिकों को नई व्यवस्था के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध करवाना है। इसलिए जिन नागरिकों का संपत्ति कर बकाया है, वह शेष 9 दिनों में पुरानी दरों के अनुसार अपना संपत्ति कर जमा कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्टï किया कि विभाग की ओर से नागरिकों को यह अंतिम अवसर दिया गया है।

पहले से जमा संपत्ति कर पर नहीं पड़ेगा प्रभाव।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन संपत्ति स्वामियों/अधिभोगियों द्वारा पहले ही संपत्ति कर का भुगतान किया जा चुका है, उन पर नई व्यवस्था का वित्तीय वर्ष 2026-27 तक कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 तक की बकाया संपत्ति कर राशि एवं उस पर देय ब्याज पर नई अधिसूचना का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा तथा यह राशि पूर्व व्यवस्था के अनुसार ही रहेगी।

नागरिक पुरानी दरों पर संपत्ति कर जमा कर लाभ उठाएं।
निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील करते कहा कि वे नई दरों के लागू होने से पहले शेष 9 दिनों में अपने संपत्ति कर का भुगतान पुरानी दरों के अनुसार कर दें। उन्होंने कहा कि समय पर संपत्ति कर जमा करने से नागरिकों को नई दरों के लागू होने से पहले उपलब्ध पुराने प्रावधानों के अनुसार भुगतान करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि नागरिक एन.डी.सी. पोर्टल के जरिए ऑनलाईन माध्यम से भी सम्पत्ति कर का भुगतान कर सकते हैं।

प्रगति योजना में हरियाणा के तीन शहरों में करनाल शामिल, स्वच्छ एवं आदर्श शहर बनाने पर रहेगा विशेष फोकस- सलोनी शर्मा, निगम...
30/09/2026

प्रगति योजना में हरियाणा के तीन शहरों में करनाल शामिल, स्वच्छ एवं आदर्श शहर बनाने पर रहेगा विशेष फोकस- सलोनी शर्मा, निगमायुक्त।
समयबद्ध तरीके से विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन व नागरिक सुविधाओं को और प्रभावी बनाने पर रहेगा जोर।
करनाल 30 सितम्बर, भारत सरकार की प्रगति (प्रो एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इंप्लीमेंटेशन) योजना से जुड़ी 50 शहरों की सूची में हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम और करनाल शहरों को शामिल किया गया है। इस सूची में संबंधित नगर निकायों को भी स्पष्ट रूप से दर्ज किया गया है। प्रगति योजना के माध्यम से महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है।
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि प्रगति योजना में करनाल का शामिल होना शहर के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं की दृष्टि से आदर्श शहर बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी। इसके तहत शहर की सार्वजनिक स्वच्छता, सडक़ों एवं फुटपाथों की व्यवस्था, हरित क्षेत्रों का संरक्षण एवं विस्तार, जल निकासी व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य तेज गति से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केवल विकास योजनाएं बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन तथा धरातल पर दिखाई देने वाले परिणाम सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है। नगर निगम द्वारा विभिन्न विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्य पूरे करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शहर की प्रगति में स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी दिशा में नगर निगम द्वारा घर-घर से कचरा संग्रहण, कचरे के उचित पृथक्करण, कचरा संवेदनशील बिन्दुओं की पहचान एवं सफाई, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
निगमायुक्त ने कहा कि करनाल को स्वच्छ एवं आदर्श शहर बनाने के लिए नगर निगम की व्यवस्थाओं के साथ-साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। नागरिक अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग करके नगर निगम के अधिकृत कचरा संग्रहण वाहन को दें तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर से संबंधित महत्वपूर्ण परियोजनाओं और नागरिक सुविधाओं के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए तथा जहां कहीं भी कार्य में देरी या किसी प्रकार की बाधा सामने आए, उसका संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर शीघ्र समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि करनाल को स्वच्छता के साथ-साथ बेहतर नागरिक सुविधाओं, सुचारु व्यवस्थाओं और हरित वातावरण वाला शहर बनाना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्रों के विकास और सार्वजनिक स्थलों की बेहतर देख-रेख पर भी निरंतर कार्य किया जाएगा।
निगमायुक्त ने कहा कि भारत सरकार की प्रगति योजना के तहत शहरों की विकास परियोजनाओं और व्यवस्थाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में करनाल के लिए यह अवसर है कि विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वच्छता और नागरिक भागीदारी के माध्यम से शहर को नई पहचान दिलाई जाए।

Address

Bays No. 11-16, Sector-12
Karnal
132001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when PRO Municipal Corporation Karnal posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Shortcuts

Share