06/10/2026
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भानेगांव में सिकल सेल एनीमिया रोगियों को एड ऑन थेरेपी के तहत आयुर्वेद औषधियों का वितरण :: आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की टीमें घर-घर जाकर दे रहीं दवाएं
सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित मरीजों को एकीकृत चिकित्सा पद्धति के माध्यम से राहत पहुंचाने और उनके जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार लाने के उद्देश्य अंतर्गत विकासखंड लांजी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भानेगांव में स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आयुर्वेद औषधि वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
भारत सरकार के राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के अंतर्गत एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. सवेदिता कुमरे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित मरीजों को उनके नियमित एलोपैथिक उपचार (जैसे हाइड्रोक्सीयूरिया और फोलिक एसिड) के साथ-साथ 'एड-ऑन थेरेपी' के तहत आयुर्वेद औषधियां प्रदाय की गई।
सघन स्वास्थ्य परीक्षण व परामर्श:
शिविर में वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. प्रशांत पाटिल द्वारा सिकल सेल से ग्रसित पंजीकृत मरीजों का विस्तृत शारीरिक एवं आयुर्वेदिक सिद्धांतों के आधार पर परीक्षण किया गया। डॉ. पाटिल ने प्रत्येक मरीज की केस हिस्ट्री का बारीकी से अध्ययन किया और बीमारी की वर्तमान स्थिति के आधार पर उन्हें व्यक्तिगत चिकित्सा परामर्श दिया।
मरीजों और उनके परिजनों को संबोधित करते हुए डॉ. प्रशांत पाटिल ने कहा कि "सिकल सेल एक आनुवंशिक बीमारी है, जिसमें मरीज की लाल रक्त कोशिकाएं हंसिए के आकार की हो जाती हैं, जिससे शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह ठीक से नहीं हो पाता और असहनीय बदन दर्द व खून की कमी बनी रहती है। यदि मरीज अपने नियमित एलोपैथिक उपचार (जैसे हाइड्रोक्सीयूरिया) के साथ आयुर्वेदिक दवाओं का 'एड-ऑन' के रूप में सेवन करें, तो इसके बेहतरीन परिणाम मिलते हैं।"
आहार-विहार और जीवनशैली पर विशेष परामर्श:
दवा वितरण के साथ-साथ डॉ. प्रशांत पाटिल ने मरीजों को आयुर्वेद के अनुसार 'पथ्य-अपथ्य' (क्या खाएं, क्या न खाएं) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मरीजों को रोजाना कम से कम 3 से 4 लीटर साफ पानी पीने, हरी पत्तेदार सब्जियां, गुड़, चना और सुपाच्य भोजन लेने की सलाह दी, ताकि शरीर में डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) न हो, जो सिकल सेल दर्द का एक मुख्य कारण बनता है।
घर-घर जाकर भी हो रहा है आयुर्वेद औषधियों का वितरण:
डॉ. पाटिल ने कहा कि परामर्श के बाद जो मरीज अस्पताल आने में असमर्थ हैं, उनके लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पदस्थ स्टाफ़ के दल गठित किए गए है। ये दल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में मरीजों के घर-घर जाकर इन आयुर्वेदिक दवाओं का वितरण कर उचित आहार-विहार और स्वास्थ्य परामर्श और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित कर रहे हैं।