02/09/2026
लक्ष्मणगढ़ हापास गांव की युवती को पुलिस ने किया दस्तयाब।
लक्ष्मणगढ़। हापास गांव की युवती के कथित तौर पर गांव के ही युवक के साथ विदेश चले जाने के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आ गया। लक्ष्मणगढ़ पुलिस युवती को दस्तयाब कर थाने ले आई। इसके बाद युवती के परिजनों को भी थाने बुलाया गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस युवती से थाने में पूछताछ कर उसके बयान दर्ज करने में जुटी हुई थी।
युवती के दस्तयाब होने की सूचना मिलते ही हापास गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण नेशनल हाईवे स्थित एक निजी होटल पर एकत्र हो गए। ग्रामीण युवती को उसके परिजनों को सौंपने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।
महरिया की समझाइश पर शांत हुए ग्रामीण
महरिया ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि पुलिस युवती के बयानों और मामले में सामने आने वाले ठोस साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि सभी को जांच पूरी होने तक संयम रखना चाहिए। महरिया ने उम्मीद जताई कि युवती सकुशल अपने घर लौटेगी।
महरिया की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए और मौके से लौट गए।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद शुरू हुई थी तलाश
गौरतलब है कि युवती के परिजनों की ओर से कुछ दिन पूर्व लक्ष्मणगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि युवती और युवक दोनों विदेश चले गए हैं। इसके बाद पुलिस ने एलओसी जारी करवाकर युवती को दस्तयाब करने के प्रयास शुरू किए थे।
इससे पहले मामले को लेकर हापास गांव के ग्रामीणों ने युवती की सुरक्षित वापसी, निष्पक्ष एवं त्वरित जांच तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना भी शुरू किया था।
वीडियो सामने आने का भी किया गया था दावा
ग्रामीणों के अनुसार करीब एक सप्ताह पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें युवती के युवक के साथ अपनी मर्जी से जाने की बात कहे जाने का दावा किया गया था। हालांकि मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और युवती के बयानों के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस अब युवती के बयान दर्ज करने के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस युवती से थाने में पूछताछ कर उसके बयान दर्ज करने में जुटी हुई थी।इस दौरान नवरंग चौधरी लालासी, कपिल ठेकेदार, नरेंद्र ढूकिया, पंकज शर्मा, मनोज रुहेला, सचिन पाटोदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इनका कहना है
“मामले में परिजनों की ओर से कुछ दिन पूर्व गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। सूचना मिली थी कि लड़की और लड़का दोनों विदेश चले गए हैं। इस संबंध में एलओसी जारी करवाकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। लड़की को दस्तयाब कर लिया गया है। उसके बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
— महेंद्र सिंह, थानाधिकारी, पुलिस थाना लक्ष्मणगढ़ (सीकर)