04/11/2026
मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का सफल आयोजन
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार माननीय श्री राजीव कुमार -तृतीय, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललितपुर की अध्यक्षता में तथा श्री सुनील सिंह, अपर जिला जज /नोडल अधिकारी मेगा/वृहद शिविर- 2026, श्री देवप्रिय सारस्वत, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललितपुर की देखरेख में दिनांक 01 नवम्बर 2026 को कल्याण सिंह सभागार, रामनगर, ललितपुर में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माननीय श्री राजीव कुमार -तृतीय, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललितपुर, श्री राकेश वर्मा, पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ललितपुर, श्री सत्यप्रकाश, जिलाधिकारी ललितपुर, श्री संजीव कुमार बाजपेयी, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर, श्री शेषनाथ चौहान, मुख्य विकास अधिकारी ललितपुर श्री यादवेन्द्र सिंह-प्रथम अपर जिला जज प्रथम, ललितपुर, श्री मयंक जायसवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ललितपुर एवं अन्य माननीय न्यायाधीशगण द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनहितार्थ स्टॉल लगाकर उपस्थित नागरिकों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। प्रमुख रूप से महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, पंचायती राज विभाग, बैंकिंग संस्थान, पुलिस विभाग, जिला प्रोबेशन कार्यालय तथा अन्य विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित आवेदन, पंजीकरण एवं परामर्श सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं।
मेगा शिविर में माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा महिला एवं बाल विकास योजना के अन्तर्गत 06 माह के बच्चों का अन्यप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई करायी गयी, जो आकर्षण का केन्द्र रहीं।
शिविर में उपस्थित नागरिकों को निःशुल्क विधिक परामर्श प्रदान किया गया तथा उन्हें उनके अधिकारों, विधिक सहायता योजनाओं, लोक अदालत, पारिवारिक विवाद निस्तारण, महिला एवं बाल संरक्षण कानूनों तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विशेष रूप से लाभान्वित करने हेतु विभागीय अधिकारियों द्वारा त्वरित सहायता प्रदान की गई।
माननीय अध्यक्ष महोदय ने अपने उदबोधन में कहा कि न्याय केवल न्यायालय की चार दीवारी तक सीमित नहीं है ब्लकि न्याय की संकल्पना बहुत विशाल है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय सुलभ कराना है तथा ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुँचाया जा रहा है। यह मेगा शिविर न्यायपालिका एवं कार्यपालिका का शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम पायेदान पर खडे़ व्यक्ति को जोड़ने का साझा प्रयास है। जिलाधिकारी महोदय द्वारा भी सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी महोदय द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललितपुर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए यह बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को विधिक सहायता प्राप्त करने में कठिनाई हो, तो वह जनपद न्यायालय में बने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में सम्पर्क कर सकता है।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही तथा उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती राखी भदौरिया, सिविल जज (जू0डि0) ललितपुर द्वारा किया गया तथा श्री देवप्रिय सारस्वत सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललितपुर द्वारा सभी विभागों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस मौके पर पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहें।