Akshay

Akshay

Share

cyber security expert

12/11/2025

“भरोसा” (भाग - 1)

29 अक्टूबर 2014 की रात — लखनऊ के एक प्रतिष्ठित बाल चिकित्सक डॉ. अनूप कुमार बाजपेयी के घर में हुई डकैती ने पूरी राजधानी को हिला दिया था।
20 लाख से अधिक की नकदी और ज़ेवर लूटे गए, और बुज़ुर्ग माता-पिता को बंधक बनाकर जिस तरह वारदात को अंजाम दिया गया था, उसने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए थे।

राजधानी का मामला था, इसलिए दबाव स्वाभाविक था।
तत्कालीन एसएसपी लखनऊ Praveen Kumar सर लगातार हमारी टीम की मॉनिटरिंग कर रहे थे , सवाल एक ही था — “कब तक खुलासा होगा?”
मीडिया हर घंटे नए एंगल जोड़ रही थी।
और हमारे लिए यह मामला एक “केस” नहीं, बल्कि सम्मान और साख की लड़ाई बन गया था।

---

दस दिनों की दौड़

30 अक्टूबर की सुबह से ही हमारी सर्विलांस टीम और स्थानीय पुलिस लगातार लगी रही —
CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन, संदिग्धों की मूवमेंट, इलाके की पतारसी-सुरागरसी
हर सुराग पर काम चल रहा था।

रोज़ शाम को बैठक होती, हमारी टीम अपनी रिपोर्ट रखती, और हर दिन हम एक कदम आगे बढ़ते।
लेकिन अपराधियों तक पहुंचने के लिए कोई ठोस सिरा नहीं मिल रहा था।
हम सबके भीतर एक अनकहा तनाव था — लखनऊ जैसे शहर में इतने बड़े घर में डकैती और दस दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं।

---

शक की पहली रेखा

जांच के दौरान बार-बार एक ही तथ्य उभर रहा था — बदमाशों को घर के अंदर का हर कोना, हर समय, हर आदत की जानकारी थी।
यह काम किसी अंदर के आदमी के बिना संभव नहीं था।
सबसे पहले शक डॉक्टर के ड्राइवर मनोज शर्मा पर गया — वही जो पिछले आठ सालों से परिवार के साथ था।

जब हमने उससे पूछताछ शुरू की, तो डॉक्टर साहब को बहुत बुरा लगा।
वे खुद थाने आए और मुझसे बोले —

....“अक्षय जी, ये गलत हो रहा है। आप मेरे ड्राइवर को क्यों परेशान कर रहे हैं? वो मेरे परिवार का हिस्सा है। आठ साल से साथ है, एक पैसा गलत नहीं किया उसने।”

उनकी आंखों में नाराज़गी थी, और हमें भी कुछ क्षणों के लिए झिझक हुई।
कभी-कभी एक अफसर के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में भी आप उस भरोसे को महसूस करते हैं जो कोई अपने वफ़ादार पर रखता है।
लेकिन हमें अपने अनुभव पर भरोसा था — कुछ तो था जो मनोज छिपा रहा था।

सबूत बोले

सर्विलांस टीम ने घटना की रात के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड खंगाले।
इलाके में सक्रिय सभी नंबरों का विश्लेषण किया गया।
एक नंबर ऐसा मिला, जो लगातार उसी क्षेत्र में मूवमेंट कर रहा था और वारदात के तुरंत बाद बंद हो गया था।

..... क्रमशः (शेष अगले भाग में)

नोट:- तस्वीर प्रतीकात्मक और AI जेनरेटेड है।

12/11/2025

"भरोसा" ( अन्तिम भाग)

.... हमारी सर्विलांस टीम ने घटना की रात के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड खंगाले।
इलाके में सक्रिय सभी नंबरों का विश्लेषण किया गया।
एक नंबर ऐसा मिला, जो लगातार उसी क्षेत्र में मूवमेंट कर रहा था और वारदात के तुरंत बाद बंद हो गया था।
जब वह नंबर मनोज शर्मा(ड्राइवर) से जुड़ा पाया गया, तो तस्वीर साफ़ होने लगी।
फर्ज़ी आईडी से खरीदे गए सिम कार्ड, ड्राइवर के मोबाइल में डाले गए, और उसी से बाकी अपराधियों से बातचीत की गई थी।

हमारी टीम ने जैसे-जैसे कड़ियाँ जोड़ीं, सच्चाई सामने आने लगी।
मनोज ने कबूल किया कि वही इस वारदात का सूत्रधार था।

जब मनोज को इन सबूतों के साथ बैठाया गया, तो उसकी आंखें झुक गईं।
कुछ देर चुप रहा, फिर खुद ही बोला —

“साहब, मुझसे गलती हो गई… डॉक्टर साहब के घर बहुत पैसे थे… मैं बहक गया था।”

उसने बताया कि उसने अपने पांच दोस्तों के साथ मिलकर डकैती की साजिश रची थी —
मोहम्मद हैदर, सैयद इरफान, जमन रिज़वी, सुनील कनौजिया और कामिल अब्बास।
29 अक्टूबर की शाम डॉक्टर साहब परिवार सहित बाहर गए थे। परिवार वेव मॉल में खरीदारी करने गया,और इसी बीच मनोज ने फोन कर हैदर को खबर दी —
“घर में सिर्फ़ माता-पिता हैं, मौका ठीक है।”
और अपने साथियों को इशारा दिया कि “अब घर खाली है।”
सिर्फ़ 14 मिनट में पूरी वारदात अंजाम दी गई थी।

उसने बताया कि उसे लगता था कि डॉक्टर साहब के घर में 'तीन करोड़ रुपये' नकद रखे हैं।
हाल ही में एक प्लॉट की बिक्री हुई थी, और मनोज ने अफवाह फैला दी थी कि
इनकम टैक्स से बचने के लिए पैसा घर में बोरियों में भरा पड़ा है।
उसी लालच में उसने अपने साथियों को साथ मिलाया था।

हैदर, इरफान, जमन और सुनील नकाब लगाकर घर पहुँचे,
कामिल बाहर गाड़ी में तैयार बैठा था।
सिर्फ चौदह मिनट में उन्होंने बुज़ुर्ग दंपती को बंधक बनाया, अलमारी तोड़ी और बीस लाख रुपये व जेवर लेकर भाग निकले।

9 नवंबर 2014 की सुबह जब हमने पूरे गिरोह को “डैडीकूल” चौराहे के पास से गिरफ्तार किया,
और 16 लाख 35 हज़ार की नकदी, पिस्टल, तमंचे, चाकू व अन्य सामान बरामद हुए —
तो हमने राहत की ली।

तीन करोड़ की उम्मीद में निकले, मगर बीस लाख तक ही पहुँचे —
पर उन चौदह मिनटों में उन्होंने अपनी ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल दी थी।

जब हमने आरोपियों की पहचान की तो एक और सच्चाई ने झकझोर दिया।
पकड़े गए छह अभियुक्तों में से चार की उम्र मात्र 18 से 19 वर्ष के बीच थी।
किसी ने हाल ही में बारहवीं की परीक्षा दी थी,
तो कोई होटल मैनेजमेंट का छात्र था।

जिन हाथों में किताबें और भविष्य के सपने होने चाहिए थे,
वो हथियार और पैसों के लालच में डूबे थे।
उनके चेहरे पर मासूमियत थी, पर दिमाग अपराध से भर चुका था।

हमने जब पूछताछ की तो उनमें से एक लड़का बोला —

“सर, हमें लगा कि तीन-चार करोड़ मिल जाएंगे, फिर ज़िंदगी सेट हो जाएगी…”

उसका यह ‘सेट हो जाना’ सुनकर लगा —
शायद समाज ने इन्हें यह सिखाया ही नहीं कि मेहनत से बनी ज़िंदगी ही टिकती है

लेकिन जब डॉक्टर साहब को बताया गया कि उनका पुराना ड्राइवर ही मास्टरमाइंड निकला,
तो वे कुछ देर तक कुछ बोल नहीं पाए।
फिर सिर झुकाकर बोले —

“इतने साल साथ रहा… हमने उस पर परिवार जैसा भरोसा किया… उसने ही सब लूट लिया।”

उस क्षण, अपराध के खुलासे से ज़्यादा गहरा असर उनके चेहरे की उस चुप्पी ने छोड़ा था।
पुलिस की जीत थी, लेकिन एक परिवार का भरोसा टूट गया था।

DIG आर.के. चतुर्वेदी सर ने हमारी सर्विलांस टीम को 10,000 रुपये का पुरस्कार दिया।
टीम में मैं, SI Anurag Mishra , अतुल श्रीवास्तव, Amresh Tripathi , Yogendra Singh , सुनील राय, अमित कुमार, Ravi Shukla और अन्य साथी शामिल थे।

लेकिन असली पुरस्कार हमें तब मिला,
जब डॉक्टर साहब के पिता ने घर के दरवाज़े पर आकर कहा —

“बेटा, अब चैन से सो सकेंगे…”

उनके शब्दों में जो कृतज्ञता थी, वही हमारी पूरी मेहनत की कीमत थी।
पुलिसिंग में कई बार अपराधियों से लड़ना आसान होता है,
पर टूटे हुए भरोसे और निराशा से लड़ना सबसे कठिन।

नोट:- तस्वीर प्रतीकात्मक और AI जनरेटेड है
सम्बंधित खबरें नीचे 👇 कमेन्ट में--

10/10/2025

🎬 फिल्म का शौक और ‘अपहरण’ का नाटक

6 अक्टूबर 2016 की बरसात की वह शाम आज भी याद है। घड़ी सात बजा रही थी, जब सूचना मिली कि इन्दिरानगर क्षेत्र में एक व्यवसायी का बेटा लापता हो गया है। फोन पर उसने खुद कहा था — “तीन बदमाश मेरा पीछा कर रहे हैं… मैं कन्वेंशन सेंटर के पास हूँ…” इतना कहकर उसने फोन काट दिया और मोबाइल नंबर डायवर्ट कर दिया।
घरवालों में हड़कम्प मच गया — और मामला सीधे कप्तान Manzil Saini तक पहुँचा।

कप्तान ने तुरंत क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को सक्रिय किया। मुझे जिम्मेदारी सौंपी गई कि बच्चे को किसी भी हाल में सकुशल बरामद किया जाए। मेरे साथ SI Akhilesh Pandey , C- Lavkush Mishra , Himanshu Singh और SI Uday Pratap Singh की टीम थी।

सर्विलांस सेल ने मोबाइल की लोकेशन कन्वेंशन सेंटर के पास दिखाई — उसी जगह जहां उसका बैग मिला था। मूसलाधार बारिश हो रही थी, पर टीम के कदम रुके नहीं। भीगी सड़कों और अंधेरे में भी सबकी नज़रें बच्चे को दूंढ रही थीं। करीब ढाई घंटे की अथक कोशिश के बाद आखिरकार इन्दिरानगर से मुंशीपुलिया रोड पर वह बच्चा साइकिल समेत मिल गया — पूरी तरह सकुशल।

जब उससे पूछताछ की गई तो कहानी फिल्मी निकली।
वह मात्र 12 साल का था — आठवीं कक्षा में पढ़ता था। उसी दिन वह अपने छोटे भाई (कक्षा सात) के साथ कोचिंग गया था। लौटते समय उसने भाई से कहा — “तुम घर जाओ, मैं साइकिल की चेन ठीक कराकर आता हूँ।”
फिर वह दोस्तों संग फिल्म देखने निकल पड़ा।
फिल्म खत्म होते-होते रात हो गई। घर लौटने में देर हो गई तो उसे डर हुआ कि मां-बाप डांटेंगे।
यहीं से उसने ‘अपहरण’ की कहानी रच दी — मोबाइल डायवर्ट किया, बैग कन्वेंशन सेंटर के पास फेंक दिया, और फोन पर अपहरण की कहानी सुनाकर खुद गायब हो गया।

लेकिन पुलिस की सतर्कता, तकनीकी सटीकता और टीमवर्क ने इस “अपहरण” का सच ढाई घंटे में उजागर कर दिया। बच्चे को सकुशल देखकर माता-पिता की आंखों में राहत के आँसू थे।

उस रात कप्तान मंजिल सैनी ने पूरी टीम की सराहना की। एसपी क्राइम ने भी कहा — “यही सतर्कता हमें हर मामले में दिखानी है।”

कभी-कभी, ऐसे मामलों में अपराध से ज़्यादा ज़रूरी होता है समझाना — कि मासूम शरारत और अपराध के बीच की रेखा कितनी बारीक होती है। और यही एहसास हर ऐसे केस के बाद पुलिस को और ज़िम्मेदार बना देता है।

नोट:- सम्बंधित खबरें नीचे👇कमेन्ट में
तस्वीर प्रतीकात्मक AI जेनरेटेड है।

31/07/2025

मैं झुक जाऊं तो मसला हल हो जाएगा
मगर इससे मेरे किरदार का कत्ल हो जाएगा...

Want your business to be the top-listed Government Service in Lucknow?

Click here to claim your Sponsored Listing.

Location

Website

Address


A-30 Brahmpuri Colony
Lucknow
226016