PRO Morena

Directions Website Contact the organization

PRO Morena PROjansampark Morena, Government of Madhya Pradesh

08/10/2026

मुरैना क्रमांक-4 एकल मदिरा दुकान का ई-टेण्डर से पुनर्निष्पादन

ई-टेण्डर के लिए ऑफर 8 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे

आबकारी नीति के प्रावधानों एवं आबकारी आयुक्त, मध्यप्रदेश, ग्वालियर के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 की शेष अवधि के लिए मुरैना जिले की कम्पोजिट मदिरा एकल दुकान एमओआर/11, मुरैना क्रमांक-4 का ई-टेण्डर के माध्यम से पुनर्निष्पादन किया जाना है।

जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि संबंधित अनुज्ञप्तिधारी द्वारा न्यूनतम प्रत्याभूत ड्यूटी की राशि जमा नहीं किए जाने के कारण उक्त मदिरा दुकान का आरक्षित मूल्य निर्धारित किया गया है। पूर्व में 22 सितंबर 2026 को प्राप्त 7 करोड़ 83 लाख रुपये के उच्चतम ऑफर को होल्ड पर रखते हुए शेष अवधि के लिए पुनः ई-टेण्डर प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टेण्डर प्रपत्र डाउनलोड करने एवं ऑफर प्रस्तुत करने की अवधि 8 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे से 14 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। ई-टेण्डर 14 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3:05 बजे से खोला जाएगा। पुनर्निष्पादन की अवधि 15 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक कुल 168 दिवस रहेगी।

मुरैना क्रमांक-4 मदिरा दुकान के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शेष अवधि हेतु निर्धारित आरक्षित मूल्य 11 करोड़ 23 लाख 98 हजार 432 रुपये है। ई-टेण्डर के साथ निर्धारित धरोहर राशि 2 करोड़ 50 लाख रुपये तथा ई-टेण्डर प्रपत्र का मूल्य 30 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।

ई-टेण्डर प्रक्रिया में पात्र व्यक्ति, फर्म, एल.एल.पी., कंपनी अथवा कन्सोर्टियम भाग ले सकते हैं। प्रक्रिया में भाग लेने के लिए संबंधित बोलीदाता का ई-आबकारी पोर्टल के कॉन्ट्रेक्टर रजिस्ट्रेशन मॉड्यूल में पंजीकृत होना अनिवार्य है।

इच्छुक आवेदक ई-टेण्डर प्रक्रिया, नियम, शर्तों एवं निबंधन संबंधी विस्तृत जानकारी एनआईसी के ई-टेण्डर पोर्टल पर प्राप्त कर सकते हैं। ई-टेण्डर से संबंधित अन्य जानकारी एवं आवश्यक विवरण कार्यालयीन समय में जिला आबकारी अधिकारी, जिला मुरैना के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।

08/10/2026



सेवा संकल्प अभियान के तहत 9 अक्टूबर को जिले में आयोजित होंगे ‘फिट इंडिया खेल सत्र’

सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत 9 अक्टूबर को जिले के विभिन्न विकासखण्डों में ‘फिट इंडिया खेल सत्र’ आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुरैना श्री कमलेश कुमार भार्गव ने सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों, संबंधित प्राचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ग्रामीण युवा समन्वयकों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खेल गतिविधियों का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 अक्टूबर को पोरसा के सांदीपनि उ.मा.विद्यालय में कबड्डी, अम्बाह के शासकीय सांदीपनि विद्यालय गोठ में कबड्डी, मुरैना के शासकीय नवीन हाईस्कूल क्रमांक 1 में रस्साकसी एवं चेयररेस, जौरा के शासकीय सांदीपनि विद्यालय बिलगांव में एथलेटिक्स, कैलारस के अशासकीय लिटिल वैली इंग्लिश स्कूल में वैसवॉल, पहाडगढ़ के शासकीय मॉडल उ.मा. विद्यालय में वास्केटवॉल और सबलगढ़ के सांदीपनि विद्यापीठ में ताईक्वांडों गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने खेल गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए प्रभारी अधिकारी एवं संयोजक निर्धारित किए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा बच्चों एवं युवाओं को उत्साहपूर्वक खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। जिले में होने वाली खेल गतिविधियों के दौरान खिलाड़ियों एवं उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी।

Jansampark Madhya Pradesh

एनएसएस स्वयंसेवकों को सेवा गतिविधियों एवं राष्ट्रीय स्तर के अवसरों की दी जानकारीशासकीय महाविद्यालय जौरा में उन्मुखीकरण क...
08/10/2026

एनएसएस स्वयंसेवकों को सेवा गतिविधियों एवं राष्ट्रीय स्तर के अवसरों की दी जानकारी

शासकीय महाविद्यालय जौरा में उन्मुखीकरण कार्यक्रम संपन्न

शासकीय महाविद्यालय जौरा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा नवप्रवेशित स्वयंसेवकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, सेवा गतिविधियों, सामाजिक दायित्वों तथा राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों को ‘स्वयं से पहले आप’ की भावना के साथ समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को सामुदायिक सेवा, श्रमदान, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण जैसी गतिविधियों के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही, केंद्र सरकार के ‘माई भारत पोर्टल’ पर पंजीयन की प्रक्रिया तथा पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के अवसरों की जानकारी भी दी गई।

स्वयंसेवकों को बताया गया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत दो वर्ष की नियमित सेवा के निर्धारित 240 घंटे पूर्ण करने तथा विशेष शिविर में सहभागिता के बाद ‘बी’ एवं ‘सी’ प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को गणतंत्र दिवस परेड शिविर, राष्ट्रीय युवा उत्सव एवं राष्ट्रीय एकीकरण शिविर जैसी राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में सहभागिता का अवसर भी प्राप्त होता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच.एन. सिंह हाड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. शेषनारायण शुक्ला ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व एवं सेवा गतिविधियों पर प्रकाश डाला। अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. सी.पी. विमल ने विद्यार्थियों को सामाजिक कौशल के महत्व की जानकारी दी।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. विनोद सिंह कुशवाहा ने नवप्रवेशित स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए उन्हें वर्षभर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के स्टाफ सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ एवं नवप्रवेशित स्वयंसेवक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Jansampark Madhya Pradesh

08/10/2026

शनिश्चरी अमावस्या मेला 09 एवं 10 अक्टूबर को

शनि अमावस्या मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा विशेष व्यवस्थाएं

शनिश्चरी अमावस्या के अवसर पर 09 एवं 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले धार्मिक मेले में लगभग 4 से 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन एवं सुरक्षित यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए रेलवे द्वारा मेला अवधि के दौरान विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए दो विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार ट्रेनों के फेरे बढ़ाने तथा डिब्बों की संख्या में वृद्धि करने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि यात्रियों को आवागमन में सुविधा हो।

शनिचरा, ग्वालियर एवं बिरलानगर रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर की व्यवस्था के साथ यात्रियों के लिए छाया, पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों के आवागमन संबंधी जानकारी हिंदी भाषा में सूचना बोर्ड एवं उद्घोषणा के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

मेला अवधि के दौरान रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में भीड़ प्रबंधन, यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही, आपदा प्रबंधन की कार्ययोजना के अनुरूप भी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बना रहे।

Jansampark Madhya Pradesh

08/10/2026

अनुसूचित जाति छात्रावासों के विद्यार्थियों के लिए पलंग सामग्री क्रय हेतु जेम पोर्टल पर निविदा आमंत्रित

जनजातीय कार्य विभाग, जिला मुरैना द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में संचालित अनुसूचित जाति छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों के लिए पलंग सामग्री क्रय की जानी है। इसके लिए विभाग को आवश्यक बजट आवंटन प्राप्त हो चुका है।

पलंग सामग्री का क्रय शासन द्वारा अधिकृत जेम पोर्टल के माध्यम से खुली निविदा प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र आपूर्तिकर्ता जेम पोर्टल पर उपलब्ध निविदा में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भाग ले सकते हैं। निविदा से संबंधित विस्तृत नियम, शर्तें एवं अन्य आवश्यक जानकारी जेम पोर्टल पर उपलब्ध है।

जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग, जिला मुरैना द्वारा इच्छुक एवं पात्र फर्मों तथा आपूर्तिकर्ताओं से निर्धारित प्रक्रिया एवं शर्तों के अनुसार निविदा में भाग लेने का आग्रह किया गया है।

Jansampark Madhya Pradesh

विभागीय कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं - पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. कुसमरियापिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष...
08/10/2026

विभागीय कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं - पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया

पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ की योजनाओं की समीक्षा

मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा है कि पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और पात्र हितग्राही समय पर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी वाले फ्लैक्स एवं बैनर तैयार कर जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए विभाग कार्ययोजना तैयार करे। साथ ही, जनप्रतिनिधियों को भी छात्रावासों का निरीक्षण कराया जाए, ताकि व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक सुधार समय-समय पर किए जा सकें।

डॉ. कुसमरिया ने यह निर्देश गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विभाग की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में सबलगढ़ विधायक श्रीमती सरला रावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव, वनमंडलाधिकारी श्री हरीशचन्द्र बघेल, जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह, समाजसेवी श्री रिषी यादव, डिप्टी कलेक्टर श्री भरत कुमार, पिछड़ा वर्ग की प्रभारी अधिकारी श्रीमती दीक्षा जादौन सहित उद्योग, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, आबकारी, लोक निर्माण, खाद्य सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया ने कहा कि पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, पिछड़ा वर्ग प्राविण्य छात्रवृत्ति, मेधावी पुरस्कार योजना, संघ लोक सेवा आयोग एवं मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रोत्साहन योजना, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक उद्यम एवं स्वरोजगार योजना सहित विभागीय छात्रावासों एवं आश्रमों में प्रवेश की जानकारी व्यापक रूप से आमजन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि विभाग इन योजनाओं की जानकारी वाले फ्लैक्स एवं बैनर प्रमुख स्थानों तथा विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों में प्रदर्शित कराए, जिससे पात्र विद्यार्थियों एवं हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।

बैठक में बताया गया कि जिले में वर्ष 2025-26 में छात्रवृत्ति के लिए 10 हजार 792 आवेदन प्राप्त हुए थे। परीक्षण के उपरांत 10 हजार 127 विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिन्हें 7 करोड़ 84 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की जा चुकी है। इसी प्रकार पिछड़ा वर्ग प्राविण्य छात्रवृत्ति योजना के तहत 4 छात्राओं को 30 हजार रुपये, सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले एक विद्यार्थी को 75 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा उद्यम एवं स्वरोजगार योजना के तहत 14 हितग्राहियों को 37 लाख 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है।

अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया ने विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के संबंध में भी विस्तार से जानकारी ली तथा पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों एवं हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन की निरंतर समीक्षा की जाए। योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय अधिकारी समन्वित प्रयास करें।

Jansampark Madhya Pradesh

पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया ने छात्रावासों का किया निरीक्षणछात्रावासों में आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं नवीनीकरण क...
08/10/2026

पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया ने छात्रावासों का किया निरीक्षण

छात्रावासों में आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य कराने के दिए निर्देश

मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने गुरुवार को मुरैना जिले के दो पिछड़ा वर्ग छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रावासों में आवश्यकतानुसार समय-समय पर मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य कराए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं एवं अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सके।

डॉ. कुसमरिया ने एबी रोड स्थित शासकीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास के विभिन्न कक्षों एवं उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान छत के प्लास्टर की स्थिति को देखते हुए उन्होंने आवश्यक मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य शीघ्र कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन तथा छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही, छात्रावास की रिक्त सीटों पर पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश दिलाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से मीनू के अनुसार भोजन, पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही अध्ययन के लिए सकारात्मक एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और सुविधाओं का नियमित रूप से ध्यान रखा जाए।

इसके बाद डॉ. कुसमरिया ने शासकीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास, बड़ोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए छात्राओं से संवाद किया और उनके रहन-सहन, भोजन तथा अध्ययन व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। छात्रावास में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन भी किया और उनसे आत्मीय संवाद किया।

निरीक्षण के अंत में डॉ. कुसमरिया ने छात्राओं के साथ छात्रावास परिसर में पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छात्रावास केवल विद्यार्थियों के निवास का स्थान नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास और बेहतर भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए यहां स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग की प्रभारी अधिकारी श्रीमती दीक्षा जादौन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansampark Madhya Pradesh

स्ट्राँ रीपर अपनाएँ नरवाई का उचित प्रबंधन करेंनरवाई में आग न लगाएँ, फसल अवशेषों का उपयोगी प्रबंधन करें            Depart...
07/10/2026

स्ट्राँ रीपर अपनाएँ नरवाई का उचित प्रबंधन करें

नरवाई में आग न लगाएँ, फसल अवशेषों का उपयोगी प्रबंधन करें

Department of Agriculture, Madhya Pradesh

07/10/2026



— सेवा की कहानी

स्व-सहायता समूह से बदली आरती की जिंदगी, आत्मनिर्भर बनकर अब गांव की महिलाओं को दिखा रहीं नई राह

कौंथरखुर्द की आरती ने 15 महिलाओं को साथ जोड़कर शुरू किया सफर, आज खुद सशक्त बनकर दूसरों को भी दे रहीं आत्मविश्वास

कभी गांव की सीमाओं तक सिमटा आरती तोमर का जीवन आज आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बन चुका है। मुरैना जिले के ग्राम कौंथरखुर्द की आरती ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर न केवल अपने जीवन में बदलाव की शुरुआत की, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी आगे बढ़ने की राह तैयार की। 15 महिलाओं को साथ लेकर गठित किए गए स्व-सहायता समूह से जुड़कर आरती ने धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई और आज वह स्वयं आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ दूसरी महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

आरती बताती हैं कि स्व-सहायता समूह बनने के बाद राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से उन्हें आरएफ, सीआईएफ और सीसीएल के माध्यम से आर्थिक सहयोग मिला। सीसीएल की दूसरी किश्त प्राप्त होने के बाद उन्होंने विभिन्न आजीविका गतिविधियों की शुरुआत की। इन गतिविधियों से उन्हें अपनी आय का साधन मिला और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहयोग मिला। समूह की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के चलते उन्होंने सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (सीआरपी) के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। इसके साथ ही लखपति दीदी अभियान और ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना से जुड़कर भी उन्होंने अपनी भूमिका निभाई।

आरती के लिए यह बदलाव केवल आर्थिक मजबूती तक सीमित नहीं रहा। स्व-सहायता समूह ने उनके भीतर आत्मविश्वास जगाया और उन्हें घर की चौखट से बाहर निकलकर अपनी प्रतिभा और क्षमता को पहचानने का अवसर दिया। वह बताती हैं कि पहले गांव से बाहर जाकर किसी कार्यक्रम में शामिल होने या अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर बहुत कम मिलते थे। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें ऐसे कई अवसर मिले, जहां उन्होंने न केवल अपनी भागीदारी सुनिश्चित की, बल्कि अन्य महिलाओं के साथ आगे बढ़ने का अनुभव भी हासिल किया।

हाल ही में 17 सितम्बर को आयोजित कार्यक्रम में जिले में हुई खेल प्रतियोगिता में आरती ने अपनी साथी महिलाओं के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजयी होकर लौटीं। इसी कार्यक्रम में उन्होंने अन्य महिलाओं के साथ दीप प्रज्ज्वलन में भी सहभागिता की। आरती के लिए ये छोटे-छोटे अवसर उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान देने वाले साबित हुए।

आरती कहती हैं, “स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद मुझे आगे बढ़ने का अवसर मिला। आज मैं अपने पैरों पर खड़ी हूं। अपने पति की आर्थिक मदद करने के साथ बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में भी सहयोग कर पा रही हूं। समूह ने मुझे केवल आत्मनिर्भर नहीं बनाया, बल्कि अपने भीतर विश्वास पैदा करना भी सिखाया है।”

वह कहती हैं कि आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के बाद उन्हें यह विश्वास मिला है कि ग्रामीण महिलाएं केवल परिवार की जिम्मेदारियां निभाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। यही विश्वास अब वह गांव की अन्य महिलाओं तक पहुंचा रही हैं और उन्हें स्व-सहायता समूह से जुड़कर अपनी क्षमता को पहचानने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

आरती तोमर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों ने उनके जैसी अनेक ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बदलाव का रास्ता खोला है। वह कहती हैं कि महिलाओं को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करने वाली पहल से उनके जीवन को नई दिशा मिली है। आज आरती की कहानी केवल उनके अपने जीवन में आए बदलाव की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस भरोसे की कहानी है, जो एक महिला को आगे बढ़ने का अवसर मिलने पर पूरे समुदाय में बदलाव की नई शुरुआत कर सकता है।

Jansampark Madhya Pradesh

भूकंप और आपदा से बचाव के लिए नवीन कलेक्ट्रेट में वृहद अभ्यासराष्ट्रीय आपदा मोचन बल सहित विभिन्न विभागों ने परखी राहत एवं...
07/10/2026

भूकंप और आपदा से बचाव के लिए नवीन कलेक्ट्रेट में वृहद अभ्यास

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल सहित विभिन्न विभागों ने परखी राहत एवं बचाव तैयारियां

भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को नवीन कलेक्ट्रेट में वृहद आपदा प्रबंधन अभ्यास आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा आपातकालीन बल, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा, आपदा मित्र सहित विभिन्न विभागों एवं स्वयंसेवी संगठनों ने सहभागिता की।

अभ्यास के दौरान भूकंप के कारण बहुमंजिला इमारत के क्षतिग्रस्त होने तथा मलबे में लोगों के फंसे होने का वास्तविक स्थिति जैसा दृश्य तैयार किया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग करते हुए मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया। इसी प्रकार शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग पर अग्निशमन विभाग द्वारा तत्काल काबू पाने तथा इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित कर घायलों को प्राथमिक उपचार देने, ऑक्सीजन सहायता उपलब्ध कराने तथा जीवनरक्षक हृदय-फेफड़ा पुनर्जीवन प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। पुलिस एवं नागरिक सुरक्षा दल द्वारा भीड़ नियंत्रण तथा राहत एवं बचाव कार्यों को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने का अभ्यास किया गया।

वृहद अभ्यास के दौरान राज्य आपदा आपातकालीन बल के अधिकारियों ने बताया कि आपदा की स्थिति की पूर्व सूचना हमेशा संभव नहीं होती, लेकिन सजगता और पूर्व तैयारी के माध्यम से जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखें, सुरक्षित स्थान पर जाएं तथा प्रशासन एवं बचाव दल द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।

इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री आर.के. सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर श्री भरत कुमार, श्री सीताराम वर्मा, एसडीएम सबलगढ़ श्री रामनिवास सिकरवार सहित कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, नगर निगम आयुक्त, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा राष्ट्रीय एवं राज्य आपदा मोचन बल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Address

नवीन कलेक्‍ट्रेट के पास, ए. बी. रोड
Morena
476134

Opening Hours

Monday 11am - 6pm
Tuesday 11am - 6pm
Wednesday 11am - 6pm
Thursday 11am - 6pm
Friday 11am - 6pm
Saturday 11am - 6pm

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when PRO Morena posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to PRO Morena:

Shortcuts

Share