25/06/2026
**नशा मुक्त समाज निर्माण हेतु खिलाड़ियों को किया गया जागरूक**
**पाकुड़,** जिला पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, पाकुड़ द्वारा डे-बोर्डिंग सेंटर वॉलीबॉल मैदान, रेलवे ग्राउंड में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम एवं जागरूकता अभियान के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला वॉलीबॉल संघ, पाकुड़ के सचिव श्री हिसाबी राय, वरिष्ठ वॉलीबॉल खिलाड़ी श्री मुन्ना जी सहित अन्य वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करना था।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी (डीएसओ), पाकुड़ ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज में इसके दुष्प्रभावों के संबंध में जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच प्रदान करता है, जबकि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक सिद्ध होता है।
वहीं जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव श्री हिसाबी राय ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में खिलाड़ियों को खेल एवं शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जन-जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।