18/08/2026
पीएम स्वनिधि योजना से मानाराम को मिला संबल
पाली, 17 अगस्त। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जरूरतमंद स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। नगर निगम पाली द्वारा आयोजित शहरी सेवा फॉलोअप शिविर के दौरान योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में चामुंडा नगर निवासी लगभग 50 वर्षीय मानाराम को अपने सब्जी व्यवसाय को विस्तार देने के लिए 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।
पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद मानाराम ने आत्मनिर्भरता और मेहनत की मिसाल कायम की है। वे सब्जी का ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत उन्हें प्रथम चरण में 10 हजार रुपये तथा द्वितीय चरण में 20 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। दोनों ऋणों का समय पर पुनर्भुगतान करने और योजना की पात्रता पूरी करने पर अब उन्हें तृतीय चरण में 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है।
मानाराम ने बताया कि योजना के माध्यम से मिले आर्थिक सहयोग से उनके व्यवसाय को लगातार गति मिली है। ऋण की राशि बढ़ने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। अब वे अपने सब्जी व्यवसाय का विस्तार कर आय में वृद्धि करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
Bhajanlal Sharma Diya Kumari Dr. Prem Chand Bairwa CMO Rajasthan Government of Rajasthan DIPR, Department of Information & Public Relations, Rajasthan DOIT&C Pali Police