01/06/2026
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में राज्य की 11 सैटेलाइट टाउन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु उच्चस्तरीय बैठक की।
समीक्षा के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इन 11 सैटेलाइट टाउन परियोजनाओं के पूर्ण होने से राज्य में सुनियोजित एवं संतुलित शहरी विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही, रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी तथा नागरिकों को आधुनिक जीवन-स्तर के अनुरूप बेहतर आधारभूत सुविधाएं एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध होंगी।
01/06/2026
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में Compliance Reduction and Deregulation से संबंधित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अनावश्यक अनुपालनों (Compliances) को समाप्त कर राज्य में निवेश एवं व्यवसाय के लिए अधिक सुगम और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश आकर्षित करने, उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा रोजगार सृजन की गति को तेज करने के लिए डीरेगुलेशन एवं प्रक्रियागत सुधार अत्यंत आवश्यक हैं।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने सभी विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने अधीन आने वाले सभी लाइसेंस, अनुमतियों, निरीक्षण प्रक्रियाओं एवं रिपोर्टिंग आवश्यकताओं की व्यापक समीक्षा करें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर उनके सरलीकरण हेतु ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि सरकार की भूमिका नागरिकों एवं उद्यमियों के लिए सुविधाजनक, पारदर्शी और उत्तरदायी व्यवस्था उपलब्ध कराने की होनी चाहिए, ताकि विकास एवं निवेश को नई गति मिल सके।
01/06/2026
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में समाज कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
समीक्षा के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रत्येक माह की 10 तारीख तक लाभार्थियों के खातों में राशि का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रदान की जा रही सेवाओं की तकनीकी माध्यमों से सघन निगरानी की जाए तथा सेविका-सहायिका एवं लक्षित बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र जितने सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण होंगे, बच्चों का सर्वांगीण विकास उतना ही बेहतर होगा।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य में स्टंटिंग एवं वेस्टिंग के आंकड़ों में सुधार करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने परवरिश योजना सहित अन्य सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं के दायरे का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं के अंतर्गत दी जाने वाली सहायता राशि एवं अन्य लाभों की पुनः समीक्षा करने को कहा।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने समाज कल्याण विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के माध्यम से सहयोग प्राप्त करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाए।
उन्होंने राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित एवं प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि लाभार्थियों को निर्धारित सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं समयबद्ध निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ पहुंच सके।
31/05/2026
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी की अध्यक्षता में आज भागलपुर समाहरणालय परिसर स्थित समीक्षा भवन में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 की तैयारी एवं अन्य विकास योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक हुई।
बैठक में माननीय मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हर पहलू को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से श्रावणी मेला-2026 की तैयारी पूर्ण करें।
इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने भागलपुर गंगा पथ एवं मुंगेर गंगा पथ से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है और इसके पुनर्स्थापन की दिशा में प्रभावी एवं ठोस पहल करें।
माननीय मुख्यमंत्री ने भागलपुर जिला अंतर्गत विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मती कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जब तक विक्रमशिला सेतु पर आवागमन सुचारू नहीं होता है तब तक निजी दोपहिया और चार पहिया वाहनों से पार्किंग शुल्क की वसूली पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी और आमजनों को नाव पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विक्रमशिला सेतु का पुनर्स्थापन कार्य पूर्ण कर 30 नवंबर से पूर्व उसका उद्घाटन कर दिया जाएगा।
समीक्षा बैठक से पूर्व माननीय मुख्यमंत्री जी ने समाहरणालय परिसर में भागलपुर जिले की 203 करोड़ रुपये की लागत वाली 84 विकासात्मक योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उनका उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
31/05/2026
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड का प्रसारण माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने ध्यानपूर्वक सुना।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने ‘मन की बात’ में बिहार का विशेष उल्लेख किए जाने पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों तथा जनजीवन से जुड़े विषयों का राष्ट्रीय मंच पर उल्लेख राज्यवासियों के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भीषण गर्मी से बचाव के लिए बिहार के पारंपरिक एवं पौष्टिक पेय सत्तू तथा राज्य के प्रसिद्ध जर्दालू आम का उल्लेख बिहार की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि इससे बिहार के स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश में नई पहचान मिलेगी तथा किसानों और उत्पादकों का उत्साहवर्धन होगा।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा बिहार की इन विशिष्टताओं को राष्ट्रीय मंच पर स्थान दिए जाने से राज्य के लोगों का उत्साह और गौरव बढ़ा है। इसके लिए उन्होंने राज्य की ओर से माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रति हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
29/05/2026
तेज आंधी, वर्षा एवं ओलावृष्टि के कारण राज्य के विभिन्न जिलों में किसानों की फसलों तथा वृक्षों पर लगे फलों को हुई क्षति को गंभीरता से लेते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने कृषि विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग को तत्काल सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया है।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि प्रभावित किसानों को समुचित राहत उपलब्ध कराने के लिए क्षति का आकलन शीघ्र कराया जाए, ताकि आवश्यक सहायता प्रदान की जा सके।
29/05/2026
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने राज्य में वज्रपात की घटनाओं में औरंगाबाद में 02, गया में 03, सारण में 01 तथा खगड़िया में 01 व्यक्ति की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने शोक-संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति दें।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने आपदा प्रबंधन विभाग को मृतकों के परिजनों को अविलंब ₹4-4 लाख की अनुग्रह अनुदान राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने सभी नागरिकों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वज्रपात से बचाव हेतु आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। खराब मौसम में यथासंभव घरों के भीतर रहें तथा सुरक्षित स्थानों पर आश्रय लें।
28/05/2026
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज बिहार विधान परिषद के उप भवन सभागार में वीर सावरकर जी की जीवनी पर आधारित पुस्तक ‘वीर सावरकर की जीवनी’ का लोकार्पण किया तथा उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वीर सावरकर जी के आदर्शों, त्याग और राष्ट्रसमर्पण की भावना से प्रेरणा लेकर बिहार को समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
27/05/2026
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद सभागार’ में जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के अंतर्गत ‘Birsa Lives in New Bharat’ थीम पर आयोजित प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति लाभुक संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत लगभग 1 लाख 4 हजार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया गया है, जिनमें 4 हजार 155 अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राएँ शामिल हैं। वहीं, प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत इस वर्ष 20 लाख 46 हजार छात्र-छात्राओं को लाभ प्रदान किया गया है, जिनमें 1 लाख 41 हजार अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राएँ हैं।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में मैराथन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रथम विजेता को 1 लाख रुपये, द्वितीय विजेता को 75 हजार रुपये तथा तृतीय विजेता को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर एवं कैमूर में हेलीपोर्ट का निर्माण कराया जाएगा, जिससे इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आदिवासी समाज के बीच पर्यटकों के लिए होम-स्टे की व्यवस्था को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे पर्यटन के विकास के साथ-साथ लोग आदिवासी संस्कृति को भी बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
संवाद कार्यक्रम के दौरान पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लाभुकों ने अपने अनुभव एवं प्रेरणादायी विचार माननीय मुख्यमंत्री जी के समक्ष साझा किए।
26/05/2026
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, पथ निर्माण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने ‘हर घर नल का जल’ योजना के माध्यम से प्रत्येक घर तक निरंतर एवं निर्बाध शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति की समय-सीमा को सुबह एवं शाम एक-एक घंटा बढ़ाया जाए, ताकि सभी लोगों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके। साथ ही शुद्ध पेयजल की गुणवत्ता एवं आपूर्ति बनाए रखने हेतु प्रत्येक दो-तीन माह पर पंचायतवार जांच कराने का निर्देश दिया। माननीय मुख्यमंत्री जी ने पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान तथा इसके लिए ए०आई० तकनीक के उपयोग पर भी बल दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि जहां आवश्यकता हो, वहां 30 जून से पूर्व नए चापाकलों की स्थापना सुनिश्चित की जाए। साथ ही भू-जल संरक्षण से संबंधित योजनाओं का प्रभावी एवं बेहतर क्रियान्वयन करने को कहा।
पथ निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य में निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं स्टेट हाई-वे के कार्यों को तीव्र गति एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी जिला मुख्यालयों को फोर-लेन सड़कों से जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही राज्य के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासतों, औद्योगिक कॉरिडोर, विशेष कृषि उत्पादन क्षेत्रों एवं महत्वपूर्ण बाजारों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने पर जोर दिया।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने पुलों की गुणवत्ता एवं मजबूती की नियमित जांच कराने का भी निर्देश दिया।
उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 1 जुलाई से डिग्री कॉलेज विहीन 211 प्रखंडों में डिग्री की पढ़ाई प्रारंभ कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रखंडों में महाविद्यालय स्थापना हेतु भूमि दान दी जाएगी, वहां उस महाविद्यालय का नाम दानदाता अथवा उनके द्वारा अनुशंसित व्यक्ति के नाम पर रखा जाएगा।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्स्थापन हेतु भारत सरकार को शीघ्र भूमि हस्तांतरित करने तथा इस संबंध में भारत सरकार को पत्र भेजकर सूचित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के विश्वविद्यालयों से जुड़े सभी रिसर्च सेंटरों को पुनर्व्यवस्थित कर व्यवस्थित, सिस्टमैटिक एवं स्पेशलाइज्ड बनाया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि लोक-निजी भागीदारी (PPP) के तहत ग्रीन फील्ड एवं ब्राउन फील्ड मॉडल पर मेडिकल कॉलेजों का विकास किया जाएगा।
उन्होंने अनावश्यक रेफरल पर यथासंभव रोक लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिला एवं अनुमंडलीय अस्पतालों में 15 अगस्त तक यह व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही इसकी नियमित मॉनिटरिंग जिलाधिकारियों द्वारा करने का निर्देश दिया।