07/10/2026
राजगढ़ जिला स्टेडियम से विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ
राजगढ़ 07 अक्टूबर, 2026
विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को राजगढ़ जिला स्टेडियम से ‘विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल एवं प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधायक राजगढ़ श्री अमर सिंह यादव, विधायक खिलचीपुर श्री हजारीलाल दांगी, विधायक नरसिंहगढ़ श्री मोहन शर्मा सहित जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों को राजगढ़ जिले के विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित विकास गाथा पुस्तिका भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने लाईव प्रसारण के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें देश की जनता की सेवा करते हुए 25 वर्ष पूर्ण हो गए हैं। उन्होंने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में सहभागी सभी नागरिकों का हृदय से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के अंदर हमेशा सीखने की ललक होनी चाहिए और वे आज भी स्वयं को एक विद्यार्थी मानते हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन नए संकल्पों को ऊर्जा से भरने का दिन है। प्रधानमंत्री ने “We Will Do It” का संदेश देते हुए कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं है, जिसे हम मिलकर पूरा नहीं कर सकते। विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमें ऐसा भारत बनाना है, जिसका विश्व में सम्मान हो और जिसकी उपलब्धियों का पूरे विश्व में डंका बजे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने विकसित भारत के निर्माण के लिए संकल्प लिया तथा देश के विकास में अपना योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इसके पश्चात सेवा ज्योति प्रज्वलित की गई। सेवा ज्योति के साथ यात्रा को जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। राजगढ़ जिले की खिलचीपुर, राजगढ़, सारंगपुर, ब्यावरा एवं नरसिंहगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के लिए सेवा ज्योति यात्रा अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान हुई। यात्रा के माध्यम से सेवा, विकास और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
Jansampark Madhya Pradesh