29/08/2026
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस राजगढ़ में मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजगढ़ में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. वी. बी. खरे के निर्देशानुसार 29 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के खेल विभाग के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया और कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. जय कुमार सोनी ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के जीवन में खेलों की उपयोगिता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।
इस अवसर पर हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जीवन, व्यक्तित्व एवं खेल उपलब्धियों पर विशेष व्याख्यान दिया गया। महाविद्यालय के खेल विभाग प्रभारी डॉ. बी. एल. वर्मा ने मेजर ध्यानचंद के जीवन और उनकी खेल प्रतिभा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के संघर्ष, समर्पण और अनुशासन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. मोहम्मद लुकमान मंसूरी ने भी मेजर ध्यानचंद को स्मरण करते हुए खेलों से जुड़े अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने खेलों को स्वस्थ जीवनशैली एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. प्रकाश अहिरवार ने किया तथा आभार प्रदर्शन क्रीड़ा अधिकारी श्री मनोज कुमार दुबे ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. आभा आनंद, श्री एन. पी. संजोदिया, डॉ. शैलेंद्र कुमार मेवाडे, सुमित शर्मा,सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से किया गया ।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक होने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।