14/03/2026
ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण संपन्न
रहली। विकासखंड रहली के नवांकुर संस्था सेक्टर-1 ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति जामघाट (GVPS, JAMGHAT) अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में संभाग समन्वयक श्री दिनेश उमरैया ने उपस्थित समिति सदस्यों को संबोधित करते हुए नशा मुक्ति, सामाजिक सुधार, पर्यावरण संरक्षण और शासन की जनसेवा योजनाओं को समाज तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रस्फुटन समितियां समाज में जागरूकता लाकर गांव के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र की 5 ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों एवं 3 नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समिति सदस्यों की कार्यक्षमता को बढ़ाना तथा उन्हें शासन की योजनाओं और सामुदायिक विकास से जुड़े विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की अवधारणा, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया। साथ ही प्रस्फुटन समितियों के गठन, उनकी संरचना, कार्यदायित्व और नवांकुर सृजन के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि समितियां अपने क्षेत्र में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि इस पाठ्यक्रम के माध्यम से समाज के युवाओं और कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता विकसित होती है, जिससे वे समाज और गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि प्रस्फुटन समितियां सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और आम जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती हैं, जिससे पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सामाजिक सुधार, नशा मुक्ति अभियान, आपदा प्रबंधन, सामाजिक नेतृत्व और समुदाय की लामबंदी जैसे विषयों पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही समग्र ग्राम विकास के चरण, समूह निर्माण तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के गठन एवं प्रबंधन की जानकारी भी समिति सदस्यों को दी गई।
इस प्रशिक्षण में संभाग समन्वयक श्री दिनेश उमरैया, विकासखंड समन्वयक अंजली पाठक एवं नवांकुर संस्था प्रभारी मीत कुमार पटेल द्वारा समिति सदस्यों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में समिति सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने, नशा मुक्ति अभियान को आगे बढ़ाने और शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरितकिए गए।