05/06/2026
प्रशासन और उद्यमियों के बीच समन्वय स्थापित करने हेतु संवाद कार्यक्रम आयोजित
होटल सभागार में सहारनपुर होजरी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों एवं उद्यमियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मनजीत सिंह अरोड़ा द्वारा सभा में उपस्थित सभी अतिथियों का बुके एवं माल्यार्पण कर स्वागत करने के साथ हुआ अध्यक्ष मनजीत सिंह अरोड़ा जी ने मीटिंग का शुभारम करते हुए कहा कि उद्यमियों और विभागों में संवाद होने से जो एक डर का माहौल होता है वह समाप्त हो जाता है इसी को ध्यान में रखते हुए इस संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके उपरांत महामंत्री श्री घनश्याम माहेश्वरी ने सभी अतिथियों का परिचय कराया तथा होजरी उद्योग के समक्ष वर्तमान में आ रही विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों से अधिकारियों को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में जीएसटी विभाग एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया तथा उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्योगों एवं प्रशासन के मध्य समन्वय स्थापित करना तथा उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
उद्योगों का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता : डॉ. योगेंद्र सिंह
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. योगेंद्र सिंह ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन उद्योगों की सुरक्षा एवं विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल तकनीकी आधार पर किसी भी उद्योग को बंद नहीं होने दिया जाएगा। विभाग का उद्देश्य पर्यावरणीय नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए उद्योगों को प्रोत्साहित करना है।
अवर अभियंता पवन कुमार एवं संजय जायसवाल ने भी विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान की। डॉ. सिंह ने बताया कि राज्य सरकार शीघ्र ही ऐसी नई व्यवस्थाएं लागू करने जा रही है जिनसे उद्योगों को 'कंसेंट' प्राप्त करने की प्रक्रिया अत्यंत सरल, पारदर्शी एवं ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध होगी। इससे उद्यमियों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जीएसटी विभाग ने दूर की उद्यमियों की आशंकाएं
कार्यक्रम में उपायुक्त राज्य कर श्री अखिलेश मिश्रा एवं श्री राजीव सिंह ने जीएसटी से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उद्यमियों द्वारा उठाए गए इनपुट टैक्स क्रेडिट, ऑडिट, रिटर्न एवं अन्य कर संबंधी प्रश्नों का अधिकारियों द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया।
सहायक आयुक्त श्री कृष्ण मुरारी एवं राज्य कर अधिकारी श्री देवेंद्र कुमार ने कहा कि विभाग की कार्यप्रणाली अब अधिक पारदर्शी, सहयोगात्मक एवं उद्यमी हितैषी बन रही है। मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार विभाग और व्यापार जगत के मध्य बेहतर तालमेल स्थापित करने हेतु ऐसे संवाद कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे।
बैठक के अंत में उपस्थित उद्यमियों ने प्रशासन द्वारा की गई इस सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से उद्योग एवं व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा तथा उद्यमियों और प्रशासन के बीच आपसी विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, मनोज जैन, वैभव कंबोज, अजमल, रविंद्र कालड़ा, सुशील सढ़ाना, अरुण अग्रवाल, विनीत पोपली, तजेंद्र तनेजा, अमित ढींगरा, अविनाश अरोड़ा, लोकेश अग्रवाल, आशीष गिलानी, विपुल जैन, प्रवीण गाबा, मयंक जैन, विक्रांत जैन, संदीप गुप्ता, शाश्वत गर्ग, गयूर, कुतुबद्दीन, शाहिद, संजीव गुप्ता, अखिल अरोड़ा, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में होजरी उद्यमी उपस्थित रहे।