08/02/2022
जल जीवन मिशन के सेक्टर अधिकारियों से कलेक्टर ने जानी योजना की मैदानी स्थिति
सिवनी 7 फरवरी 22/कलेक्टर डॉ राहुल हरिदास फटिंग ने सोमवार 7 फरवरी ऑनलाइन वीसी के माध्यम से जल जीवन मिशन अंतर्गत किये गए कार्यो के सत्यापन एवं निरीक्षण के लिए नियुक्त किये गए सेक्टर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से उनके क्षेत्र में स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवनों में जल जीवन अंतर्गत किये गए कार्यो की जानकारी लेते हुए उक्तानुसार भवनों में नल के माध्यम से जलापूर्ति, निर्माण कार्यो की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दिये।
08/02/2022
स्पर्श कुष्ठ जागरुकता अभियान अंतर्गत गृह भेंट कर जागरूकता प्रसारित करने के निर्देश
सिवनी 7 फरवरी 22/कलेक्टर डॉ फटिंग ने 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चलाये जा रहें स्पर्श कुष्ठ जागरुकता अभियान की भी समीक्षा करते हुए अभियान अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस अभियान का मैदानी क्षेत्र में बेहतर क्रियान्वयन किया जाये। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य कर्मियों द्वारा ग्राम एवं वार्ड के प्रत्येक घर मे संपर्क कर कुष्ठ रोग सम्बंधित जानकारी आम जनों को दे। गृह भेंट के दौरान संभावित कुष्ठ रोगीयों का चिन्हांकन किया जाये तथा त्वरित उपचार व्यवस्था सुनिश्चित किया जाये।
08/02/2022
कोविड 19 के दोनों टीके लगवाएं,
स्वयं सुरक्षित रहें एवं लोगों को सुरक्षित रखें ।
कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम हेतु टीकाकरण अवश्य कराएं एवं अन्य लोगों को भी टीकाकरण कराने हेतु प्रेरित करें।
08/02/2022
पंजीयन केंद्रों में सभी जरूरी व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश
समय सीमा बैठक सम्पन्न
सिवनी 7 फरवरी 22/कलेक्टर डॉ राहुल हरिदास की अध्यक्षता में सोमवार 7 फरवरी को समय सीमा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें उन्होंने विभागवार सीएम हेल्पलाइन, समय सीमा में दर्ज प्रकरणों तथा पीजी पोर्टल की शिकायतों सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उक्त बैठक में मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री पार्थ जैसवाल, सभी एसडीएम एवं अन्य विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा के दौरान 100 दिवस एवं 300 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतो की पृथक- पृथक विस्तृत समीक्षा कर शिकायतों के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश सम्बन्धित अधिकारी को दिये। उन्होंने समाधान दिवस के लिए चयनित विषयको से सम्बंधित शिकायतों पर भी त्वरित कार्यवाही के निर्देश सम्बन्धितों को दिये। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी से गेहूं उपार्जन के लिए किए जा रहें किसान पंजीयन की जानकारी लेकर सभी पंजीयन एवं सुविधा केन्द्रो में किसानों की सुविधा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने बिना पंजीयन केंद्र आये ऑनलाइन माध्यम से होने वाले निशुल्क पंजीयन प्रक्रिया का प्रचार प्रसार करने के निर्देश भी सम्बन्धितों को दिये।
07/02/2022
जिले में 105 नये कोरोना पॉजिटिव मिले, 142 मरीज स्वस्थ हुए
सिवनी 7 फरवरी 22/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि आईडीएसपी से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोविड-19 जांच हेतु आज 479 तथा अभी तक प्रगति 291949 सैंपल लिए गए।
आज भेजे गये सैंपल की जांच में 105 केस पॉजिटिव मिले है तथा आज दिनांक तक कुल 9327केस पॉजिटिव मिले है। कोरोना उपचार पश्चात आज 142 तथा अभी तक 8436मरीज ठीक हुए है। जिले में एक्टिव कोरोना पॉजिटिव वर्तमान में 105 तथा अभी तक कुल 863 केस है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के पात्र नागरिको से अपील की है कि अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र में जाकर कोविड-19 टीके के दोनों डोज अवश्य प्राप्त करें एवं कोरोना महामारी के नियंत्रण में सहयोग करें। साथ ही टीकाकरण पश्चात भी कोविड-19 अनुकूल व्यवहार का पालन करें। तथा संक्रमण से पूर्ण सुरक्षा के लिए हमेशा सही तरीके से मास्क पहने, साबुन/पानी या सेनेटाईजर से अच्छे से हाथ साफ करें, 2 गज (6 फीट) की शारीरिक दूरी का पालन करें।
07/02/2022
वैक्सीनेशन प्रगति की कलेक्टर ने की समीक्षा
सिवनी 7 फरवरी 22/कलेक्टर डॉ राहुल हरिदास फटिंग ने सोमवार 7 फरवरीको ऑनलाइन वीसी के माध्यम से वैक्सीनेशन कार्यक्रम की विकासखंडवार समीक्षा की। उन्होंने 18 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियो के वैक्सीनेशन की समीक्षा करते हुए शत प्रतिशत प्रथम डोज के लिए शेष बचें गोपालगंज एवं घंसौर विकासखण्ड के अधिकारियों को समग्र पोर्टल के डाटा से शेष रहें व्यक्तियों का चिन्हांकन कर शतप्रतिशत प्रथम डोज पूर्ण करने के निर्देश दिये। इसी तरह शतप्रतिशत द्वितीय डोज पूर्ण करवाने के लिए भी अधिकतम सेशन लगवाकर पूर्ण करवाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर डॉ फटिंग ने 15 से 17 वर्ष के बच्चों के वैक्सीनेशन कार्यक्रम अंतर्गत प्रथम डोज के लिए शेष बच्चों की अधिकतम संख्या को लेकर कुरई, धनोरा, लखनादौन, घंसौर के अधिकारियों को शेष रहे बच्चों को शीघ्र वैक्सीनेशन पूर्ण करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने बच्चों के दिव्तीय डोज को भी सर्वप्रथमिकता में लेकर अधिकतम सेशन लगाने के निर्देश दिये। कलेक्टर डॉ फटिंग ने विकासखंडवार सम्बंधित बीएमओ से चर्चा कर एक्टिव केसों, होम आइसोलेशन मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी के साथ ही प्रतिदिन अधिक से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों के नमूनें लेने तथा होम आइसोलेट मरीजों के सतत संपर्क में रहकर मेडिसिन किट तथा चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने होम आइसोलेशन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये।
07/02/2022
प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में 60 वर्ष बाद मिलेगी 3 हजार रूपए पेंशन
सिवनी 6 फरवरी 22/केन्द्र सरकार द्वारा असंगठित श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए केन्द्रीय श्रम मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना प्रारंभ की गई है। इस योजना के अंतर्गत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के समस्त असंगठित क्षेत्र के श्रमिक जिनकी मासिक आय 15 हजार से कम है, इस योजना के लिए पात्र होंगे। इस योजना के अंतर्गत नामांकन के लिए 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के श्रमिकों को प्रतिमाह 55 से 200 रूपये प्रीमियम के रूप मे जमा करना होगा एवं उतनी ही राशि भारत सरकार श्रम मंत्रालय द्वारा जमा की जाएगी, जिसमें 50 प्रतिशत प्रीमियम की राशि भारत सरकार श्रम मंत्रालय द्वारा वहन की जाएगी। श्रमिक की 60 वर्ष आयु पूर्ण होने पर बीमित व्यक्ति को 3 हजार प्रतिमाह रूपए पेंशन के रूप में प्राप्त होगी। इस योजना के संचालन के लिए भारतीय जीवन बीमा निगम को अधिकृत किया गया है। इस योजना के लिए इच्छुक श्रमिक योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (कियोस्क) पर जाकर अपना नामांकन करा सकते हैं। नामांकन के समय श्रमिक को आधार कार्ड एवं बैंक खाता नंबर अनिवार्य रूप से देना होगा। प्रीमियम की प्रथम किश्त श्रमिक के आयु वर्ग के अनुसार 55 से 200 रूपये कॉमन सर्विस सेंटर में नगद जमा की जाएगी।
07/02/2022
31 मार्च तक शनिवार एवं रविवार को भी खुलेंगे रजिस्ट्रार कार्यालय
सिवनी 6 फरवरी 22/जिला पंजीयक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 21-22 को समाप्त होने में 2 महीने शेष है । वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले वर्तमान प्रचलित बाजार दर पर नागरिक अपने भूमि संबंधी दस्तावेजों का पंजीयन (रजिस्ट्री) करवाएं स क्योंकि एक अप्रैल 2022 से नया वित्तीय वर्ष चालू होगा एवं नए बाजार मूल्य भी लागू होंगे जिसमें 10 से 20 परसेंट की वृद्धि की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए नागरिक दस्तावेज पंजीकरण कराकर वर्तमान बाजार दर के आधार पर स्टैंप ड्यूटी का लाभ लें सकते हैं साथ ही शासन द्वारा महिलाओं को 2 परसेंट स्टैंप ड्यूटी की छूट दी गई है उसका सभी महिलाएं छूट का लाभ लेते हुए दस्तावेजों का पंजीयन करावे । उन्होने बताया है कि भूमि दस्तावेजों का पंजीयन अधिक से अधिक हो इसीलिए पंजीयन महा निरीक्षक द्वारा 31 मार्च 2022 तक शनिवार एवं रविवार को भी कार्यालय खोले जाने के आदेश दिए गए हैं जिसके परिपालन में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग का कार्यालय 31 मार्च 2022 तक प्रत्येक शनिवार एवं रविवार दिवस को भी कार्यालयीन अवधि में संचालित रहेगा।
07/02/2022
अचल संपत्ति के प्रस्तावित मूल्य उप जिला मूल्यांकन समिति से प्राप्त
सिवनी 6 फरवरी 22/जिला पंजीयक द्वारा बताया गया कि वर्ष 2022-23 में जिले में स्थित अचल संपत्तियों के प्रस्तावित मूल्य उप जिला मूल्यांकन समितियों से प्राप्त हो चुके हैं, शीघ्र ही जिला मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित कर प्रस्तावित मूल्य केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को प्रस्तावित किये जाएंगे। विगत 5 वर्षो से अचल संपत्ति के मूल्यों में कहीं कोई वृद्धि नहीं की है। बल्कि वर्ष 2019-20 में प्रचलित गाईडलाईन में 20 प्रतिशत अचल संपत्ति के मूल्यों में कमी शासन द्वारा की गयी थी।
वर्ष 2022-23 हेतु जिले में नवीन विकसित क्षेत्रों, नयी कालोनियों एवं जिले में स्वीकृत नई सड़कों के आसपास के मूल्यों में 10 प्रतिशत से 30 प्रतिशत तक वृद्धि के प्रस्ताव उप जिला मूल्यांकन समितियों के द्वारा प्रेषित किये गये है।जिन्हें आगामी वित्तीय वर्ष में लागू किये जायेंगे। जहाँ विकास की संभावना है एवं संपदा पोर्टल से प्राप्त जानकारी अनुसार जिन क्षेत्रों में अधिक मूल्य पर दस्तावेज पंजीकृत होना पाया गया है।वहाँ पर 30प्रतिशत तक वृद्धि के प्रस्ताव तैयार कर उप जिला मूल्यांकन समितियों द्वारा प्रेषित किये गये हैं, जिन्हें शीघ्र ही केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को प्रेषित किये जावेगे।
07/02/2022
जिले में अन्न उत्सव के अवसर पर सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन वितरण
लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकानों की मॉनीटरिंग एवं हितग्राहियों को इसका लाभ सुनिश्चित हो, इस उद्देश्य से राज्य शासन के निर्णय अनुसार 07 फरवरी-2022 को जिले की सभी 640 उचित मूल्य दुकानों में एक शासकीय कर्मचारी (नोडल अधिकारी) की उपस्थिति में "अन्न उत्सव का आयोजन किया जाकर राशन वितरण किया जा रहा है।