08/10/2026
डीएलसीसी की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित
------
दिसंबर 2026 तक स्वरोजगार योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश
-----
जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति (डीएलसीसी) की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति, बैंक ऋण वितरण, सीडी रेशियो, स्व सहायता समूहों के सीसीएल तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने निर्देश दिए कि दिसंबर 2026 तक स्वरोजगार योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योजना के लक्ष्य और उपलब्धि का बैंकवार एवं विभागवार विश्लेषण करें तथा जहां भी गैप है, उसे चिन्हित कर समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं के लक्ष्य प्राप्त करना बैंक अधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लक्ष्य प्राप्ति की प्रगति एसीआर में प्रमुख बिंदु के रूप में शामिल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो बैंक बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें 26 जनवरी को पुरस्कृत किया जाएगा।
बैठक में जिले के सीडी रेशियो 40.47 प्रतिशत की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन बैंकों का सीडी रेशियो 40 प्रतिशत से कम है, वे ऋण वितरण में तेजी लाते हुए इसे निर्धारित स्तर तक लाने के लिए विशेष प्रयास करें। पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार एवं अन्य योजनाओं के तहत समय पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
स्व सहायता समूहों के सीसीएल पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने स्व सहायता समूहों के कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सीसीएल स्वीकृति में तेजी लाई जाए। उन्होंने आगामी नवरात्रि एवं दीपावली के दौरान आजीविका मिशन की दीदियों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की अधिक से अधिक खरीद को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए, ताकि महिला समूहों को बाजार उपलब्ध होने के साथ उनकी आय में वृद्धि हो सके।
उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर सफलतापूर्वक उद्यम स्थापित करने वाले हितग्राहियों की सफलता की कहानियों का बेहतर प्रचार-प्रसार किया जाए। ऐसे सफल उद्यम अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का माध्यम बनेंगे और स्वरोजगार के प्रति लोगों को प्रोत्साहित करेंगे।
साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूकता अभियान
बैठक में डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा के विषय पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने बैंकर्स को ई-लिटरेसी, ई-थेफ्ट एवं साइबर फ्रॉड के संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक ग्राहकों को डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने, साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने के संबंध में जागरूक करने पर जोर दिया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने बैठक में अनुपस्थित बैंकर्स के संबंध में संबंधित रीजनल मैनेजर एवं एसएलबीसी को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीएलसीसी की बैठकों में बैंक प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो, ताकि योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जा सके।
पीएम विद्या लक्ष्मी योजना के अंतर्गत एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए उच्च शिक्षा ऋण स्वीकृति में मानवीय संवेदनशीलता और सहयोग का परिचय देने पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक अमित मिश्रा को सम्मानित किया गया। प्रॉपर्टी डीड की मूल प्रति खो जाने की स्थिति में भी उन्होंने प्रकरण के निराकरण में सहयोग करते हुए विद्यार्थी की शिक्षा जारी रखने में मदद की। उनके इस मानवीय एवं सहयोगात्मक प्रयास की सराहना की गई।
बैठक में जिला अग्रणी प्रबंधक शिवेंद्र चौधरी द्वारा प्रगति से अवगत कराया गया। बैठक में सांसद प्रतिनिधि अमित प्रधान, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh