02/11/2026
ये आइसा की रामनगर इकाई के अध्यक्ष सुमित कुमार हैं. परसों जब रामनगर के पुछड़ी में धामी जी ने गरीबों को उजाड़ने के लिए बुलडोजर चलवाया तो पुलिस ने कॉमरेड सुमित को हिरासत में ले लिया. कॉमरेड सुमित गरीब बच्चों के लिए रामनगर क्षेत्र में चलने वाले सांयकालीन स्कूलों में से एक स्कूल का संचालन करते हैं. वे उस स्कूल को देखने पहुंचे ही थे कि एक एलआईयू वाले के इशारे पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
पहले पुलिस ने कॉमरेड सुमित को रामनगर कोतवाली में रखा, फिर नैनीताल ले जा कर तल्लीताल चौकी में दिन भर बैठाए रखा और शाम होते- होते नैनीताल पुलिस लाइन ले गए.
उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक ( कानून व्यवस्था) , पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) , कुमाऊं रेंज की पुलिस महानिरीक्षक को पत्र भेज कर कॉमरेड सुमित को रिहा करने की मांग की गयी. पार्टी साथियों, अधिवक्ताओं और आंदोलनकारी साथियों ने पुलिस से कॉमरेड सुमित को रिहा करने की मांग की तो पुलिस उन्हें यह कह कर टालती रही कि - अभी छोड़ रहे हैं ! लेकिन पूरी रात कॉमरेड सुमित को नैनीताल पुलिस लाइन में रखा गया और अगली सुबह ही छोड़ा गया.
बेवजह पुलिस हिरासत में एक पूरा दिन और रात बिताने के बावजूद कॉमरेड सुमित आज रामनगर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने मजबूती से अपनी बात रखी. फासीवादी दमन- उत्पीड़न के इस दौर का इसी मजबूती से मुकाबला करने की जरूरत है.