12/07/2026
रादौर, 11 जुलाई: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से शनिवार को लाइफ स्किल एडवांस विषय पर एक दिवसीय जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन दून पब्लिक स्कूल बुबका में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मैनेजिंग डायरेक्टर सुरेंद्र कंबोज व प्रिंसिपल रेखा कंबोज द्वारा दीप प्रज्वलित कर व मां सरस्वती वंदना एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ सत्र का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला की मुख्य संसाधन (विशेषज्ञ) व्यक्तियों सुश्री दिव्या कौशिक व रेखा चौहान रही। उन्होंने लाइफ स्किल एडवांस मे सम्मानजनक व्यवहार, समावेशी विद्यालयी वातावरण व विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। विभिन्न गतिविधियों, संवादात्मक सत्रों एवं व्यावहारिक उदाहरणो के माध्यम से प्रतिभागियों को विषय की गहन समझ प्रदान की गई। कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षाविदों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इनमें दून पब्लिक स्कूल बुबका रादौर, आदर्श विद्या मंदिर (अकाल गढ), श्यामा पब्लिक स्कूल, कॉन्वेंट स्कूल करनाल के प्रतिभागी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने विषय से संबंधित चर्चाओं एवं गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। सत्र के दौरान लाइफ स्किल, समान अवसरों, सम्मानजनक संवाद, बाल संरक्षण एवं विद्यालयों में सकारात्मक एवं सुरक्षित वातावरण के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सार्थक चर्चा की गई। संसाधन व्यक्तियों ने कहा कि शिक्षकों की संवेदनशीलता ही विद्यार्थियों में समानता, सम्मान, सहानुभूति एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का आधार बनती है। प्रिंसिपल रेखा कंबोज व मैनेजिंग डायरेक्टर सुरेंद्र कंबोज ने कहा कि सीबीएसई द्वारा प्रोत्साहित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को बदलते सामाजिक परिवेश के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को ऐसा वातावरण का निर्माण करना चाहिए, जहां प्रत्येक विद्यार्थी अपने विचार सामने रख सके और अपनी प्रतिभा का अच्छे से प्रदर्शन कर सके।
रादौर - दून पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में भाग लेते प्रशिक्षक।