02/06/2026
विश्व पर्यावरण दिवस पर बोकारो क्लब में ‘सिट एंड ड्रॉ’ प्रतियोगिता एवं क्विज का आयोजन
-----------------------
बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में बोकारो क्लब परिसर में बच्चों के लिए ‘सिट एंड ड्रॉ’ प्रतियोगिता तथा अभिभावकों के लिए पर्यावरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जलवायु जागरूकता एवं सतत विकास के प्रति समाज, विशेषकर बच्चों और युवाओं को प्रेरित करना था। इस आयोजन में बोकारो एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘सिट एंड ड्रॉ’ प्रतियोगिता का विषय “इंस्पायर्ड बाय नेचर – फॉर क्लाइमेट – फॉर आवर फ्यूचर” रखा गया। प्रतिभागियों ने अपने चित्रों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली के विभिन्न आयामों को सृजनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन एवं प्रकृति-आधारित समाधानों के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने प्रतिभागियों एवं अभिभावकों को अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने तथा प्लास्टिक के स्थान पर जैव-अवक्रमणीय सामग्री एवं जूट के थैलों के उपयोग को अपनाने के लिए प्रेरित किया। आगामी वर्षा ऋतु के दौरान व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने का भी आह्वान किया गया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों एवं युवाओं को प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने तथा पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया गया। उल्लेखनीय है कि बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा प्रतिवर्ष विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी श्रृंखला में आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु जागरूकता एवं सतत विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
(This content is published in Hindi)
Steel Authority of India Limited
27/05/2026
बीएसएल के निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग कार्यक्रम से 300 युवाओं को लाभ
------------------------
बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक कुल 300 अभ्यर्थियों का नामांकन किया गया है। यह कोचिंग कार्यक्रम बैंक, एसएससी, रेलवे तथा अन्य समान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु संचालित किया जा रहा है।
नामांकित कुल 300 अभ्यर्थियों में 87 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं जबकि शेष अभ्यर्थियों का चयन विस्थापित परिवारों से तथा बोकारो के परिधीय क्षेत्रों से किया गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 12 अभ्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता अर्जित कर चुके है। जून एवं जुलाई 2026 में आयोजित होने वाले मेगा प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से भी अन्य अभ्यर्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खुलने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि महेंद्रा एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित संस्थान है तथा इसका उत्कृष्ट सफलता रिकॉर्ड रहा है। यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क है तथा छह माह की अवधि में पाठ्यक्रम पूरा कराया जा रहा है। सप्ताह में छह दिन ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों माध्यमों से नियमित कक्षाएं संचालित की जाती हैं। विद्यार्थियों को निःशुल्क अध्ययन सामग्री, वाई-फाई सुविधा युक्त आधुनिक अध्ययन कक्ष, नियमित मॉक टेस्ट एवं मेंटरशिप सपोर्ट जैसी सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बीएसएल की यह पहल परिधीय एवं विस्थापित क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने का प्रयास है। प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के माध्यम से युवाओं को अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का अवसर प्राप्त हो रहा है।
(This content is published in Hindi)
Steel Authority of India Limited Ministry of Steel, Government of India
22/05/2026
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने एग्जीक्यूटिव एजुकेशन प्रोग्राम के लिए MDI, गुड़गांव के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए
---------------------------------
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के मैनेजमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (MTI) और मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (MDI), गुड़गांव ने 20 मई, 2026 को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं. कंपनी के नई दिल्ली स्थित कॉर्पोरेट ऑफिस में हुआ यह समझौता, SAIL में भविष्य की कमान संभालने वाले लीडर्स को तैयार करने के उद्देश्य से एग्जीक्यूटिव एजुकेशन प्रोग्राम्स पर मिलकर काम करने के लिए किया गया है.
यह साझेदारी अकादमिक ज्ञान को व्यावहारिक इस्तेमाल के साथ जोड़ेगी. इसके तहत कस्टमाइज्ड लीडरशिप प्रोग्राम्स, रणनीति और इनोवेशन पर आधारित लर्निंग इंटरवेंशन, मापने योग्य व्यावसायिक प्रभाव के लिए 'एक्शन लर्निंग', ओवरसीज लर्निंग प्रोग्राम, संयुक्त रिसर्च व कंसल्टिंग और कंपनी के अधिकारियों की जरूरतों के हिसाब से तैयार किए गए केस स्टडीज़ शामिल होंगे. इस सहयोग का मुख्य उद्देश्य ग्लोबल बेस्ट प्रैक्टिसेज के साथ तालमेल बिठाते हुए संगठनात्मक क्षमता को मजबूत करना है.
इस समझौता ज्ञापन (MoU) पर SAIL के एमटीआई (MTI) के कार्यपालक निदेशक (HR-L&D) श्री संजय धर और एमडीआई (MDI), गुड़गांव की प्रोफेसर सुमिता राय (Dean–Industry Connect) ने हस्ताक्षर किए. इस अवसर पर SAIL के निदेशक (कार्मिक) श्री के. के. सिंह और सेल तथा एमडीआई के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे.
(This content is published in Hindi)
Steel Authority of India Limited
18/05/2026
बोकारो स्टील प्लांट को स्वदेशी जहाज निर्माण स्टील के लिए लॉयड्स रजिस्टर प्रमाणन प्राप्त
----------------------------
भारत के समुद्री क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए बोकारो स्टील प्लांट (बीएसपी) ने समुद्री उपयोग के लिए सामान्य एवं उच्च शक्ति वाले शिपबिल्डिंग ग्रेड स्टील के लिए लॉयड्स रजिस्टर (Lloyd’s Register) का प्रमाणन प्राप्त किया है. 13 मई 2026 को प्राप्त अंतिम प्रमाणन के साथ यह विस्तृत तकनीकी विकास एवं योग्यता कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ.
इस प्रमाणन के अंतर्गत एलआर ग्रेड ई स्टील के साथ ग्रेड ए, बी और डी को शामिल किया गया है. वहीं उच्च शक्ति वाले एलआर EH40 स्टील के तहत AH27S, AH32, AH36, AH40, DH27S, DH32, DH36, DH40, EH27S, EH32 और EH36 ग्रेड को स्वीकृति प्रदान की गई है.
योग्यता प्रक्रिया के दौरान अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप वेल्डिंग प्रक्रियाओं, वेल्डर योग्यता तथा विकसित स्टील ग्रेड के लिए उपयुक्त वेल्डिंग कंज्यूमेबल्स के चयन को सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती रही. इसके लिए व्यापक तकनीकी मूल्यांकन, दस्तावेजीकरण, वेल्डिंग परीक्षण एवं प्रक्रियागत सुधार किए गए ताकि समुद्री अनुप्रयोगों के लिए लॉयड्स रजिस्टर की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके.
GTAW, SMAW, GMAW और SAW सहित विभिन्न वेल्डिंग प्रक्रियाओं का कठोर परीक्षण एवं अनुकूलन किया गया. लॉयड्स रजिस्टर की तकनीकी टिप्पणियों एवं सुझावों के आधार पर प्रक्रियाओं में आवश्यक सुधार भी किए गए. सतत तकनीकी प्रयासों और वेल्डिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट जैसी संस्थाओं के साथ समन्वय के माध्यम से सभी महत्वपूर्ण योग्यता मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया.
इस पूरी प्रक्रिया में सेल-आरडीसीआईएस ने बोकारो स्टील प्लांट की रिसर्च एंड कंट्रोल लेबोरेटरी के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मानकों को पूरा करने में उल्लेखनीय योगदान दिया.
यह उपलब्धि भारत की स्वदेशी क्षमता को और मजबूत करेगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित शिपबिल्डिंग स्टील का घरेलू उत्पादन बढ़ेगा तथा आयात पर निर्भरता कम होगी. साथ ही यह देश की बढ़ती समुद्री अवसंरचना आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायक साबित होगी.
इस सफलता के साथ स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की रणनीतिक क्षेत्रों के लिए मूल्यवर्धित विशेष स्टील विकसित करने की क्षमता को भी मजबूती मिली है, जो राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत के विजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
(This content is published in Hindi)
Steel Authority of India Limited Ministry of Steel, Government of India
16/05/2026
IMPORTANT ADVISORY
A fraudulent WhatsApp message is being circulated using the name and
display picture of CMD, SAIL. All employees and stakeholders are
advised to exercise extreme caution and refrain from responding to any
such message now or in the future.
Please verify all communications through official channels only.
PMO India Narendra Modi Ministry of Steel, Government of India H D Kumaraswamy Bhupathiraju Srinivasa Varma - BJP Varma MyGovIndia Press Information Bureau - PIB, Government of India
14/05/2026
बीएसएल के बोकारो जनरल अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस का आयोजन एवं वॉटर प्यूरीफायर सुविधा का उद्घाटन
--------------------------
बोकारो इस्पात संयंत्र के बोकारो जनरल अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर बीजीएच ऑडिटोरियम में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “आवर नर्सेस, आवर फ्यूचर – नर्सेस सेव लाइव्स” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में नर्सिंग समुदाय की समर्पित सेवा, करुणा एवं मानवता के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में बोकारो जनरल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं केक कटिंग के साथ हुआ। इसके उपरांत नर्सिंग स्टाफ द्वारा गीत, नृत्य, कविता पाठ एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने कार्यक्रम को भावपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण प्रदान किया।
अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर बोकारो महिला समिति द्वारा बीजीएच के वार्ड 3-बी के समीप मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा हेतु एक अत्याधुनिक वॉटर प्यूरीफायर मशीन का उद्घाटन भी किया गया। यह सुविधा स्वच्छ, शीतल एवं गर्म पेयजल उपलब्ध कराएगी तथा अस्पताल परिसर में जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
(This content is published in Hindi)
Steel Authority of India Limited
08/05/2026
बीएसएल में “कोल, कोक एवं कोल केमिकल्स” विषय पर 53वीं ऑपरेटिंग कमेटी की बैठक आयोजित
--------------------
बोकारो स्टील प्लांट द्वारा आरडीसीआईएस, रांची के समन्वय में 7 एवं 8 मई 2026 को “कोल, कोक एवं कोल केमिकल्स” विषय पर 53वीं ऑपरेटिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय सम्मेलन में भारतीय इस्पात उद्योग से जुड़े 80 से अधिक विशेषज्ञ एवं तकनीकी प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। उल्लेखनीय है कि यह समिति कोकिंग परिचालन से संबंधित पारंपरिक एवं उभरती चुनौतियों पर विचार-विमर्श करते हुए कोयला, कोक एवं कोल केमिकल्स प्रबंधन में दक्षता वृद्धि हेतु अनुभवों तथा सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान का एक प्रभावी मंच प्रदान करती है।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन 07 मई 2026 को मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के मुख्य सभागार में किया गया। इस अवसर पर बोकारो इस्पात संयंत्र के शीर्ष प्रबंधन ने सम्मेलन के उद्देश्यों, इसकी प्रासंगिकता तथा भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन भारतीय इस्पात उद्योग में विचारशील नेतृत्वकर्ता के रूप में बोकारो स्टील प्लांट की भूमिका को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम में इस्पात उद्योग के विशेषज्ञों के साथ-साथ बीएसएल के कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
दो दिवसीय तकनीकी सत्रों के दौरान सेल की विभिन्न इकाइयों के साथ-साथ जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, आरआईएनएल एवं एनआईएनएल सहित अन्य इस्पात कंपनियों, अनुसंधान संस्थानों एवं उद्योग सहयोगी संगठनों के विशेषज्ञ परिचालन उत्कृष्टता, कार्यस्थल सुरक्षा, डिजिटलीकरण, डीकार्बोनाइजेशन तथा कोयला एवं कोक संचालन में उभरती अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों जैसे समकालीन विषयों पर अपने विचार एवं अनुभव साझा कर रहे हैं। यह सम्मेलन इस्पात निर्माण प्रक्रियाओं में कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा अत्याधुनिक तकनीकी समाधानों को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विशेषज्ञों के साझा मंथन एवं अनुभवों के आदान-प्रदान से भविष्य में पर्यावरण-अनुकूल उत्पादन प्रणालियों तथा तकनीकी रूप से उन्नत इस्पात निर्माण प्रणाली को मजबूती मिलेगी।
(This content is published in Hindi)
Steel Authority of India Limited Ministry of Steel, Government of India