PRO Jhabua

Call Directions Website Contact the organization

PRO Jhabua PROjansampark Jhabua, Government of Madhya Pradesh

राणापुर में जिला स्तरीय युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का हुआ आयोजनमेले में 42 य...
04/11/2026

राणापुर में जिला स्तरीय युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का हुआ आयोजन

मेले में 42 युवाओं ने कराया पंजीयन, 26 अभ्यर्थियों का हुआ प्रारंभिक चयन

मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में बुधवार को जनपद पंचायत राणापुर में संयुक्त रूप से जिला स्तरीय युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया।

आयोजित मेले में कुल 42 आकांक्षी युवाओं ने रोजगार के अवसर प्राप्त करने हेतु पंजीयन कराया। मेले में उपस्थित निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के भर्ती अधिकारियों द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता एवं अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लेकर कुल 26 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया।

रोजगार मेले में मुख्य रूप से कॉसमॉस मैनपावर अहमदाबाद, चेकमेट सिक्योरिटी सर्विसेज बड़ौदा, न्यू जेन सिक्योरिटी सर्विसेज अहमदाबाद, एस.सी.आई. सिक्योरिटी सर्विसेज बड़ौदा एवं पॉलिसी बाजार इंश्योरेंस उज्जैन के भर्ती अधिकारियों ने सहभागिता की तथा युवाओं को रोजगार के अवसरों की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं एवं आवेदकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों एवं रोजगार संबंधी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही युवाओं को अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य आईटीआई, प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय राणापुर, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र झाबुआ, जिला रोजगार अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राणापुर, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner

जनपद पंचायत पेटलावद के अंतर्गत 11 सिंचाई जलाशयों का मत्स्य पालन हेतु 10 वर्षीय पट्टे पर होगा आवंटनइच्छुक मत्स्य सहकारी स...
04/11/2026

जनपद पंचायत पेटलावद के अंतर्गत 11 सिंचाई जलाशयों का मत्स्य पालन हेतु 10 वर्षीय पट्टे पर होगा आवंटन

इच्छुक मत्स्य सहकारी समितियां एवं मछुआ समूह 25 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

मध्यप्रदेश शासन, मछली पालन विभाग के निर्देशानुसार जनपद पंचायत पेटलावद क्षेत्र के अंतर्गत स्थित 11 सिंचाई जलाशयों को मत्स्य पालन के लिए 10 वर्ष की अवधि हेतु पट्टे पर आवंटित किया जाना है। इसके लिए पात्र एवं इच्छुक पंजीकृत मत्स्य सहकारी समितियों तथा स्वयं सहायता समूहों एवं मछुआ समूहों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पेटलावद द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इच्छुक समितियां एवं समूह 04 नवम्बर से 25 नवम्बर 2026 तक कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित जनपद पंचायत कार्यालय पेटलावद में जमा कर सकते हैं। निर्धारित अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

इन 11 सिंचाई जलाशयों का होगा आवंटन
जनपद पंचायत पेटलावद के अंतर्गत मत्स्य पालन हेतु आवंटित किए जाने वाले जलाशयों में बखतपुरा सिंचाई जलाशय (12.420 हेक्टेयर), देवली सिंचाई जलाशय (30.830 हेक्टेयर), पामनगर पिपलि सिंचाई जलाशय (24.750 हेक्टेयर), डाबरी सिंचाई जलाशय (10.510 हेक्टेयर), टांडिया सिंचाई जलाशय (23.300 हेक्टेयर), उण्डीखाली सिंचाई जलाशय (10.560 हेक्टेयर), बिजोरी सिंचाई जलाशय (10.590 हेक्टेयर), उन्नई सिंचाई जलाशय (23.650 हेक्टेयर), गेहण्डी क्रमांक-01 (16.350 हेक्टेयर), गेहण्डी क्रमांक-02 (13.960 हेक्टेयर) एवं तम्बोलिया सिंचाई जलाशय (15.460 हेक्टेयर) शामिल हैं।

आवंटन में मत्स्य सहकारी समितियों को मिलेगी प्राथमिकता
जलाशयों के आवंटन में प्रथम प्राथमिकता पंजीकृत मत्स्य सहकारी समितियों को दी जाएगी। इसके पश्चात द्वितीय प्राथमिकता स्वयं सहायता समूहों एवं मछुआ समूहों को प्रदान की जाएगी।

आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य
पंजीकृत मत्स्य सहकारी समितियों को आवेदन के साथ समिति का पंजीयन प्रमाण पत्र, कार्यक्षेत्र प्रमाण पत्र, सदस्यों की सूची (नाम, ग्राम, जाति एवं आयु सहित), संबंधित जलाशय को पट्टे पर लेने के संबंध में समिति का प्रस्ताव, विगत तीन वर्षों का अंकेक्षण प्रतिवेदन तथा पूर्व में आवंटित अन्य तालाबों की सूची संलग्न करना होगी।

इसी प्रकार स्वयं सहायता समूहों एवं मछुआ समूहों को समूह गठन का प्रस्ताव, अध्यक्ष अथवा मुखिया की नियुक्ति का प्रस्ताव, समूह के सदस्यों की सूची, बीपीएल प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की प्रति आवेदन के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा।

इच्छुक एवं पात्र मत्स्य सहकारी समितियों तथा समूहों से निर्धारित समयावधि में आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Fisheries, Madhya Pradesh

बच्चों के लिए संबल बनीं - मंत्री सुश्री भूरियापीएम केयर्स और मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना के 27 बच्चों से किया आत...
04/11/2026

बच्चों के लिए संबल बनीं - मंत्री सुश्री भूरिया

पीएम केयर्स और मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना के 27 बच्चों से किया आत्मीय संवाद

बच्चों की समस्याएं सुनीं, भविष्य की योजनाओं पर की चर्चा और दीपावली के उपहार देकर बढ़ाया उत्साह

महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने बुधवार को मंत्रालय में पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन तथा मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना से लाभान्वित 27 बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उनसे संवाद किया। मंत्री सुश्री भूरिया ने बच्चों की शिक्षा, वर्तमान परिस्थितियों, व्यक्तिगत समस्याओं और भविष्य की योजनाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बच्चों को दीपावली के उपहार भेंट कर उनके जीवन में खुशियों और नई उम्मीदों का संचार किया।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता अथवा अभिभावकों को खोने वाले बच्चों की देखभाल, शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इन बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखें, अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करें और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करें।

संवाद के दौरान मंत्री सुश्री भूरिया ने प्रत्येक बच्चे की रुचियों, शैक्षणिक प्रगति और भविष्य में अपनाए जाने वाले कॅरियर के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की परेशानियों को संवेदनशीलता से सुना और कहा कि राज्य सरकार बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बच्चों को आश्वस्त किया कि वे स्वयं को अकेला न समझें। सरकार उनके संरक्षण और बेहतर भविष्य के लिए उनके साथ खड़ी है।मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि दोनों योजनाएं कोविड महामारी से प्रभावित बच्चों के जीवन में सुरक्षा, विश्वास और आत्मनिर्भरता का आधार बनी हैं। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा आर्थिक कठिनाइयों के कारण शिक्षा अथवा अपने सपनों से वंचित न रहे।

पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना से बच्चों को मिल रहा आर्थिक एवं शैक्षणिक संबल
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 29 मई 2021 को प्रारंभ की गई पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना का उद्देश्य कोविड-19 महामारी के कारण माता-पिता अथवा पात्र अभिभावकों को खोने वाले बच्चों को व्यापक संरक्षण और सहायता प्रदान करना है। योजना के अंतर्गत पात्र बच्चों के लिए 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 10 लाख रुपये की निधि का प्रावधान है। इस निधि से 18 से 23 वर्ष की आयु तक मासिक आर्थिक सहायता तथा 23 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त बच्चों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, कक्षा पहली से बारहवीं तक शिक्षा के लिए 20 हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति तथा उच्च शिक्षा के लिए शैक्षणिक ऋण एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना से मिल रही प्रतिमाह 5 हजार रुपये की सहायता
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना के अंतर्गत कोविड महामारी के कारण माता-पिता को खोने वाले पात्र बच्चों को आर्थिक सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और शिक्षा की सुविधा प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र हितग्राही को 5 हजार रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। साथ ही बच्चों एवं उनके संरक्षकों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत नि:शुल्क राशन तथा शासकीय शिक्षण संस्थानों में स्कूली, उच्च, तकनीकी, चिकित्सा एवं विधि शिक्षा के लिए नि:शुल्क शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। योजना का उद्देश्य बच्चों की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखना और उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन के लिए सक्षम बनाना है।

संवाद के दौरान बच्चों ने अपनी रूचि, भविष्य में वे क्या बनना चाहते है उसके बारे में अपनी बात रखी। बच्चों ने मंत्री सुश्री भुरिया से विभाग द्वारा योजना कि समयावधि के बाद भी सहयोग का आग्रह किया।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Nirmala Bhuriya

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 हेतु प्रवेश पत्र जारी28 नवम्बर को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी चयन प...
04/11/2026

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 हेतु प्रवेश पत्र जारी

28 नवम्बर को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी चयन परीक्षा

जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरालालू में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 का आयोजन 28 नवम्बर 2026 (शनिवार) को जिले के 12 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले झाबुआ, रामा एवं राणापुर तहसील के पंजीकृत अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं।

जवाहर नवोदय विद्यालय प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चयन परीक्षा के प्रवेश पत्र नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी अपने पंजीकरण फॉर्म संख्या के माध्यम से https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/AdminCard/AdminCard27Card अथवा https://navodaya.gov.in/ पर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

सभी अभ्यर्थी समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट प्राप्त कर लें। साथ ही प्रवेश पत्र पर अंकित परीक्षा केंद्र, परीक्षा समय एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अवलोकन करें। परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पूर्व प्रवेश पत्र सहित आवंटित परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य है।

अभिभावकों, संबंधित विद्यालयों एवं शिक्षकों से अपील की गई है कि चयन परीक्षा एवं प्रवेश पत्र संबंधी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पंजीकृत अभ्यर्थी जानकारी के अभाव में परीक्षा में सम्मिलित होने से वंचित न रहे।

प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर अभ्यर्थी अथवा उनके अभिभावक कार्यालयीन समय में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, डूंगरालालू, जिला झाबुआ (मध्यप्रदेश) से संपर्क कर प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट प्राप्त कर सकते हैं।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of School Education, Madhya Pradesh

त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई, पांच प्रतिष्ठानों से मिठाई एवं नमकीन के 11 नमूने लिएखाद्य पदार्...
04/11/2026

त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई, पांच प्रतिष्ठानों से मिठाई एवं नमकीन के 11 नमूने लिए

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार की जा रही जांच

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में जिले में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा जिले के विभिन्न मिठाई एवं नमकीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच हेतु पांच प्रतिष्ठानों से कुल 11 नमूने संग्रहित किए गए।

निरीक्षण के दौरान जैन आइसक्रीम एंड रेस्टोरेंट से मावा, पिस्ता बर्फी एवं गुलाब जामुन, बीकानेर स्वीट्स एंड नमकीन से काजू कतली एवं आटा लड्डू, श्री कृष्ण स्वीट्स एंड नमकीन से सेव एवं मिक्सचर, मोहन उपहार गृह से मावा एवं सेव नमकीन तथा जोधपुर मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी एवं बेसन लड्डू के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संग्रहित सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा बताया गया कि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP

12 दिसम्बर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की अंतिम नेशनल लोक अदालत को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला विधि...
04/11/2026

12 दिसम्बर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की अंतिम नेशनल लोक अदालत को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाबुआ के तत्वावधान में जिले के समस्त बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित

12 दिसम्बर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की अंतिम नेशनल लोक अदालत को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 04 नवम्बर 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाबुआ के तत्वावधान में जिले के समस्त बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री दिनेश देवड़ा की अध्यक्षता तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक की उपस्थिति में संपन्न हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री दिनेश देवड़ा ने कहा कि नेशनल लोक अदालत आम नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं आपसी सहमति से न्याय प्राप्त करने का एक प्रभावी माध्यम है। लोक अदालत का उद्देश्य केवल लंबित प्रकरणों का निराकरण करना नहीं, बल्कि पक्षकारों के मध्य आपसी समझ, सद्भाव एवं सौहार्द स्थापित करते हुए विवादों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना भी है। बैंक संबंधी प्रकरणों में ऋण वसूली, बकाया राशि एवं अन्य वित्तीय विवादों का आपसी सहमति से निराकरण कराकर आमजन को अनावश्यक न्यायालयीन प्रक्रिया से राहत प्रदान की जा सकती है।

उन्होंने समस्त बैंक अधिकारियों को निर्देशित एवं प्रेरित किया कि वे अपने-अपने बैंकों में लंबित एवं प्रीलिटिगेशन प्रकरणों को चिह्नित कर अधिक से अधिक प्रकरण नेशनल लोक अदालत में प्रस्तुत करने की तैयारी करें। ऐसे ऋण खातों की सूची तैयार की जाए जिनमें नियमानुसार समझौते की संभावना है। संबंधित ऋणधारकों को समय रहते नोटिस एवं सूचना देकर बैंक में अथवा निर्धारित माध्यम से संपर्क करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि लोक अदालत के दिन पक्षकारों की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। श्री देवड़ा ने कहा कि बैंक अधिकारी ऋणधारकों के साथ सकारात्मक एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाएं तथा नियमानुसार एकमुश्त समझौता, छूट एवं अन्य उपलब्ध समझौता योजनाओं के संबंध में उन्हें उचित जानकारी प्रदान करें।

उक्त बैठक में बैंक एलडीएम श्री गणेश सोनी एवं समस्त बैंको के बैंक शाखा प्रबंधक उपस्थित रहें।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh

मावा भट्टियों एवं मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गएबिना पंजीयन मावा निर्माण करने ...
03/11/2026

मावा भट्टियों एवं मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए

बिना पंजीयन मावा निर्माण करने पर प्रकरण दर्ज, खाद्य प्रतिष्ठानों को जारी होंगे सुधार सूचना पत्र

कलेक्टर डॉ. भरसट के निर्देशन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मिलावट की रोकथाम हेतु लगातार कार्रवाई जारी

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं मिलावट की रोकथाम के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल की उपस्थिति में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा भाबरापाड़ा एवं कुंडाल स्थित मावा भट्टियों सहित विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मावा निर्माण में उपयोग किए जा रहे दूध की रैपिड टेस्टिंग किट के माध्यम से मौके पर ही जांच की गई। साथ ही दूध में नमक, यूरिया एवं स्टार्च की उपस्थिति की जांच तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के परीक्षण हेतु नमूने एकत्रित किए गए।

कार्रवाई के दौरान भाबरापाड़ा स्थित श्री देवनारायण दूध मावा भंडार से मावा के दो नमूने लिए गए। प्रतिष्ठान में बिना पंजीयन मावा निर्माण किए जाने पर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। इसी प्रकार ग्राम कुंडाल स्थित पोरवाल किराना एवं मावा भट्टी से मावा के दो नमूने तथा सारंगी स्थित पालीवाल रेस्टोरेंट से बर्फी एवं पेड़ा के नमूने जांच हेतु लिए गए।

इसके अतिरिक्त गणपति चौक स्थित रोचक स्वीट्स से गुलाब जामुन एवं सिंगदान के नमूने लिए गए। साथ ही प्रतिष्ठान में मिठाई निर्माण के लिए कढ़ाई में उपयोग किए जा रहे तेल की गुणवत्ता जांच हेतु टीपीएम (टोटल पोलर मटेरियल्स) वैल्यू का परीक्षण किया गया। झंडा बाजार स्थित हरिओम स्वीट्स से पेड़े का नमूना तथा पेटलावद स्थित अशोका रेस्टोरेंट से विभिन्न मिठाइयों के छह नमूने जांच हेतु लिए गए।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत निर्धारित स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने हेतु धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी किए जा रहे हैं। निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार नहीं किए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एकत्रित खाद्य पदार्थों के नमूनों को विस्तृत जांच एवं विश्लेषण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर डॉ. भरसट के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

उक्त कार्रवाई के दौरान सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP

“सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गयामध्यप्रदेश उच्च न्यायालय एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक से...
03/11/2026

“सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में 03 नवंबर 2026 को रातीतलाई विद्यालय, झाबुआ में “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, कानूनी संरक्षण, स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। उक्त शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री दिनेश देवड़ा, प्रथम जिला न्यायाधीश श्री प्रकाश केरकेट्टा एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक उपस्थित रहे।

शिविर को संबोधित करते हुए सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री दिनेश देवड़ा ने कहा कि जागरूक विद्यार्थी ही सुरक्षित समाज की नींव होते हैं। उन्होंने बाल विवाह को सामाजिक एवं कानूनी अपराध बताते हुए कहा कि यह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास होने वाले बाल विवाह की सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। साथ ही पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं कानूनी संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।

शिविर में प्रथम जिला न्यायाधीश श्री प्रकाश केरकेट्टा ने विद्यार्थियों को नशा उन्मूलन के संबंध में जागरूक करते हुए कहा कि तंबाकू, गुटखा, शराब एवं अन्य मादक पदार्थ युवाओं के भविष्य को प्रभावित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने मोटरयान अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि हेलमेट पहनना, यातायात नियमों का पालन करना, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करना तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाना जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।

जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक ने साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं साइबर बुलिंग से बचाव के बारे में बताया। इसके साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh

महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के प्रयासों से झाबुआ जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगातजिले में 11 पुल...
03/11/2026

महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के प्रयासों से झाबुआ जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात

जिले में 11 पुलिया एवं रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्यों के लिए 17 करोड़ 80 लाख 71 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति

मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जताया आभार

ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन होगा सुगम, सड़क संपर्क एवं आधारभूत सुविधाओं को मिलेगी मजबूती

महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के सतत प्रयासों से झाबुआ जिले को ग्रामीण अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगात मिली है। जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिया एवं रिटर्निंग वॉल निर्माण के कुल 11 विकास कार्यों के लिए 17 करोड़ 80 लाख 71 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा तथा वर्षा ऋतु में आवागमन संबंधी समस्याओं के निराकरण में सहायता मिलेगी।

ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग द्वारा जारी तकनीकी स्वीकृतियों के आधार पर स्थायी वित्तीय समिति की आयोजित द्वितीय बैठक में अनुमोदन उपरांत विभिन्न विकास कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वीकृत कार्यों में जनपद पंचायत रामा की ग्राम पंचायत कलमोड़ा में कलमोड़ा-चुड़ैली मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 40.44 लाख रुपये, जनपद पंचायत पेटलावद की ग्राम पंचायत मातापाड़ा में पेट्रोल पंप से स्कूल भवन तक पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 54.78 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत रायपुरिया में मेन रोड अस्पताल से बगलाटोड़ी नवापाड़ा तक पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 113.31 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इसी प्रकार जनपद पंचायत पेटलावद की ग्राम पंचायत मुलथानिया में बामनिया-पेटलावद मार्ग से नवापाड़ा तक 0.80 किलोमीटर मार्ग पर पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 120.35 लाख रुपये, ग्राम पंचायत भीलकोटड़ा में सामरी नदी मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 127.32 लाख रुपये तथा जनपद पंचायत रामा की ग्राम पंचायत आम्बा माछलिया में बड़ी भैंसाकराई में पुलिया निर्माण के लिए 184.38 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इसके अतिरिक्त जनपद पंचायत पेटलावद की ग्राम पंचायत खोरिया में खोरिया नाले पर 0.60 किलोमीटर मार्ग पर पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 191.25 लाख रुपये, ग्राम पंचायत झकनावदा में झकनावदा-तारखेड़ी मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 195.93 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत करनगढ़ के मोईचारणी क्षेत्र में करनगढ़-नेगढ़ी नदी पर पुलिया निर्माण के लिए 243.63 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं जनपद पंचायत रामा की ग्राम पंचायत माछलिया में रोला नाका नाले पर पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 244.91 लाख रुपये तथा जनपद पंचायत पेटलावद की ग्राम पंचायत पारेवा में दरा फलिया स्थित नेगड़ी नदी पर पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 264.41 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने जिले में विकास कार्यों की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क, सुरक्षित आवागमन एवं आवश्यक अधोसंरचना का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि इन निर्माण कार्यों से विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों एवं आमजन को लाभ मिलेगा। वर्षा ऋतु में नदी-नालों के कारण आवागमन में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने में इन पुलिया निर्माण कार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। साथ ही ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि झाबुआ जिले के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। स्वीकृत निर्माण कार्यों से ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Nirmala Bhuriya

 #सफलता_की_कहानीविदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना से झाबुआ के भरत चोपड़ा के सपनों को मिली उड़ान, लंदन से प्राप्त की मास्टर ...
03/11/2026

#सफलता_की_कहानी

विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना से झाबुआ के भरत चोपड़ा के सपनों को मिली उड़ान, लंदन से प्राप्त की मास्टर डिग्री

मध्यप्रदेश शासन की विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना से ग्रामीण युवा ने साकार किया विदेश में उच्च शिक्षा का सपना

संघर्ष, कठिन परिश्रम और परिवार के सहयोग से भरत ने बढ़ाया झाबुआ जिले का गौरव

मध्यप्रदेश शासन द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी योजना का लाभ प्राप्त कर झाबुआ जिले की राणापुर तहसील के ग्राम रूपाखेड़ा निवासी युवा भरत चोपड़ा ने लंदन (यूनाइटेड किंगडम) से मास्टर डिग्री सफलतापूर्वक पूर्ण कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि जिले के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।

विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना से मिला उच्च शिक्षा का अवसर
भरत चोपड़ा ने मध्यप्रदेश शासन की अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति प्राप्त कर विदेश में उच्च शिक्षा हासिल करने का अपना सपना साकार किया। शासन की इस योजना के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। भरत ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए लंदन से मास्टर डिग्री पूर्ण की और यह साबित किया कि उचित अवसर एवं प्रोत्साहन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा के प्रति बनाए रखा समर्पण
भरत चोपड़ा का जीवन संघर्षों और चुनौतियों से भरा रहा है। बचपन में ही उनके पिता स्वर्गीय श्री छगन चोपड़ा का निधन हो गया था। इसके पश्चात उनकी माता श्रीमती कला का पुनर्विवाह झाबुआ जिले के ग्राम रूपाखेड़ा निवासी श्री सोमसिंह रोझ से हुआ। नए परिवार में भरत को स्नेह, संरक्षण और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिला। जीवन की कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा के प्रति अपनी लगन बनाए रखी और निरंतर मेहनत करते हुए विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का लक्ष्य हासिल किया।

परिवार का सहयोग बना सफलता की मजबूत नींव
भरत की इस उपलब्धि में उनके परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। श्री सोमसिंह रोझ ने पिता के समान संरक्षण एवं सहयोग प्रदान किया, वहीं माता श्रीमती कला रोझ ने प्रत्येक परिस्थिति में उनका मनोबल बढ़ाया। बड़े भाई श्री विनोद रोझ ने निरंतर मार्गदर्शन दिया तथा भाभी श्रीमती अलका रोझ ने भी स्नेह, प्रेरणा और सहयोग प्रदान किया। परिवार के विश्वास और प्रोत्साहन ने भरत को चुनौतियों का सामना करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की शक्ति दी।

विदेश में पढ़ाई के साथ नौकरी कर निभाई जिम्मेदारियां
लंदन में अध्ययन के दौरान भरत चोपड़ा ने पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन किया। सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच उन्होंने अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर परिश्रम के बल पर अपनी मास्टर डिग्री सफलतापूर्वक पूर्ण की। उनकी सफलता दर्शाती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत से कठिन परिस्थितियों में भी बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं।

झाबुआ जिले के ग्रामीण एवं जनजातीय युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
ग्राम रूपाखेड़ा निवासी भरत चोपड़ा की उपलब्धि झाबुआ जिले के ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा संसाधनों या भौगोलिक सीमाओं की मोहताज नहीं होती। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ, शिक्षा के प्रति समर्पण और परिवार का सहयोग मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।

भरत चोपड़ा की इस उपलब्धि से उनके परिवार, ग्राम रूपाखेड़ा एवं पटेलिया समाज में हर्ष का वातावरण है। समाजजनों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया है।

मध्यप्रदेश शासन की विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त कर भरत चोपड़ा ने न केवल अपने उच्च शिक्षा के सपने को साकार किया है, बल्कि झाबुआ जिले के अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए भी आगे बढ़ने की प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की है। उनकी सफलता शासन की शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं के महत्व तथा ग्रामीण प्रतिभाओं की क्षमताओं को रेखांकित करती है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh

Address

कलेक्टर कार्यलय, जिला झाबुआ
Jhabua
457661

Opening Hours

Monday 9am - 5pm
Tuesday 9am - 5pm
Wednesday 9am - 5pm
Thursday 9am - 5pm
Friday 9am - 5pm
Saturday 9am - 5pm
Sunday 9am - 5pm

Telephone

+919098341715

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when PRO Jhabua posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to PRO Jhabua:

Shortcuts

Share