Collector Office Jhabua

Directions Website Contact the organization

Collector Office Jhabua Official handle of Collector Jhabua ,Government of Madhya Pradesh
(1)

ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अनियंत्रित एवं नियम विरुद्ध प्रयोग पर नियंत्रण हेतु प्रतिबंधात्मक आदेश जारीजिले में कानून-व्यव...
03/11/2026

ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अनियंत्रित एवं नियम विरुद्ध प्रयोग पर नियंत्रण हेतु प्रतिबंधात्मक आदेश जारी

जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 (1) एवं (2) के तहत झाबुआ जिले की सम्पूर्ण राजस्व सीमा में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अनियंत्रित एवं नियम विरुद्ध उपयोग पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है।

ध्वनि प्रदूषण (विनियमन और नियंत्रण) नियम, 2000 के तहत जिला दण्डाधिकारी को जिले की सीमा में नियमों के क्रियान्वयन के लिए प्राधिकारी बनाया गया है। इसी परिप्रेक्ष्य में आगामी त्यौहारों एवं विभिन्न आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए लाउडस्पीकर, डीजे, बैंड, प्रेशर हॉर्न एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को नियंत्रित करने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है।

आदेश के अनुसार जिले में समस्त उत्सव एवं आयोजनों के दौरान लाउडस्पीकर, डीजे, बैंड, प्रेशर हॉर्न तथा अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग विहित प्राधिकारी की अनुमति के बिना प्रतिबंधित रहेगा। ध्वनि प्रदूषण (विनियमन और नियंत्रण) नियम, 2000 के निर्धारित शेड्यूल के अनुसार मानक सीमा से अधिक ध्वनि का प्रसारण भी प्रतिबंधित रहेगा।

रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक किसी भी प्रकार के लाउडस्पीकर, डीजे, बैंड, प्रेशर हॉर्न तथा अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

ध्वनि प्रदूषण (विनियमन और नियंत्रण) नियम, 2000 के तहत विभिन्न क्षेत्रों के लिए दिन एवं रात के समय अधिकतम ध्वनि स्तर निर्धारित किया गया है। औद्योगिक क्षेत्र में प्रातः 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक अधिकतम 75 डेसीबल तथा रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक 70 डेसीबल ध्वनि स्तर निर्धारित है।

इसी प्रकार वाणिज्यिक क्षेत्र में दिन के समय 65 डेसीबल एवं रात में 55 डेसीबल, आवासीय क्षेत्र में दिन में 55 डेसीबल एवं रात में 45 डेसीबल तथा शांत क्षेत्र में दिन के समय 50 डेसीबल एवं रात में अधिकतम 40 डेसीबल ध्वनि स्तर निर्धारित है।

भारत सरकार द्वारा पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न स्रोतों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण के बढ़ते स्तर को नियंत्रित करने के लिए 14 फरवरी 2000 को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन और नियंत्रण) नियम, 2000 अधिनियमित किए गए थे। उक्त नियम मध्यप्रदेश में भी प्रभावशील हैं।

सर्वोच्च न्यायालय एवं मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर द्वारा भी ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों में लाउडस्पीकर, हॉर्न एवं अन्य माध्यमों से उत्पन्न होने वाले अनावश्यक शोर को नियंत्रित करने के प्रावधान शामिल हैं।

मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा गत वर्षों में शहर के शांत, आवासीय, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक क्षेत्रों में परिवेशीय ध्वनि स्तर का मापन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में ध्वनि का स्तर निर्धारित मानक सीमा से अधिक पाया गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा आगामी त्यौहारों के दौरान लाउडस्पीकर, डीजे एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग से ध्वनि प्रदूषण बढ़ने की संभावना भी व्यक्त की गई है। मध्यप्रदेश शासन, गृह विभाग द्वारा भी ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

चूंकि यह आदेश आम जनता के महत्व का एवं सर्वसाधारण को संबोधित है तथा इसकी व्यक्तिशः सूचना दिया जाना संभव नहीं है, इसलिए इसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 (2) के तहत एकपक्षीय रूप से पारित किया गया है।

यह आदेश 05 नवंबर से 05 जनवरी 2027 तक प्रभावशील रहेगा। प्रभावशील अवधि में आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आएगा।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP

शहरी क्षेत्र झाबुआ में ट्रक/भारवाहक वाहनों के प्रवेश को सार्वजनिक सुरक्षा एवं सुविधा की दृष्टि से पूर्णतः प्रतिबन्धित कि...
03/11/2026

शहरी क्षेत्र झाबुआ में ट्रक/भारवाहक वाहनों के प्रवेश को सार्वजनिक सुरक्षा एवं सुविधा की दृष्टि से पूर्णतः प्रतिबन्धित किया

प्रतिबंधित मार्ग पर प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 115 में विहित प्रावधानों के अंतर्गत मध्यप्रदेश मोटरयान नियम 1994 के नियम 215 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मार्गों पर ट्रक/भारवाहक वाहनों के झाबुआ शहर में प्रवेश को सार्वजनिक सुरक्षा एवं सुविधा की दृष्टि से पूर्णतः प्रतिबन्धित किया।

स्थान एवं प्रतिबंधित मार्ग पर प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जिसमें *भोयरा रोड़ अमृत आरओ वाटर प्लांट-* कुंदनपुर व पिटोल से आने वाले भारी वाहन, *करड़ावद हनुमान मंदिर-* गुजरात दाहोद, पिटोल, थान्दला व मेघनगर मार्ग से आने वाले भारी वाहन, *रंगपुरा अंडर ब्रिज हाईवे-* कल्याणपुरा, रायपुरिया, पेटलावद, रतलाम व बदनावर मार्ग से आने वाले तथा पारा व बोरी से आने वाले भारी वाहन, *पारा फाटा झाबुआ-* कालीदेवी, सरदारपुर, धार व इंदौर से आने वाले तथा पारा व बोरी से आने वाले भारी वाहन एवं *राणापुर रोड पर महर्षि त्रिपुरा नर्सिंग कॉलेज तिराहा-* राणापुर, जोबट, आलीराजपुर, बड़वानी व छोटा उदयपुर (गुजरात) से आने वाले भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

पुलिस अधीक्षक जिला झाबुआ के पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि शहरी क्षेत्र झाबुआ में भारी वाहनों के कारण दुर्घटना होना पाया गया हैं। कस्बा झाबुआ में भारी वाहनों के कारण जाम लगना, आम जनता एवं स्कूल के बच्चों की जान का खतरा बना रहता है। शहर में वाहन दुर्घटनाओं में कमी लाये जाने के उद्देश्य से प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक कस्बा झाबुआ (शहरी क्षेत्र झाबुआ) में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने का अनुरोध किया गया है।

प्रतिबन्ध से मुक्त वाहन
यह प्रतिबन्ध केवल भारवाहनों के लिए लागू है। शेष हल्के वाहन जैसे कार/जीप गतिसीमा अधिकतम 40 कि.मी. प्रति घण्टा तथा दोपहिया वाहन यथावत पूर्ववत् आवागमन कर सकेंगे। आपातकालीन एवं मूलभूत सुविधाओं में संलग्न वाहन जैसे फायरबिग्रेड, नगर निगम की सेवाओं में लगे वाहन, पुलिस वाहन, सेना के वाहन, विद्युत मण्डल के कार्य में संलग्न वाहन, कृषि उपज मण्डी में लगे वाहन, यात्री बसें, स्कूल वाहन/बसें, दुग्धवाहन, पेट्रोल, डीजल, कैरोसीन, एलपीजी गैस जो शहर के भीतर ही स्थित प्रतिष्ठानों पर लोडिंग-अनलोडिंग करेंगे, को प्रतिबंधित समय में शहरी क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति होगी साथ ही उक्त भारी वाहनों के लिए शहरी क्षेत्र में गतिसीमा अधिकतम 20 कि.मी. प्रतिघण्टा रहेगी। किसी विशेष भारी वाहन को विशेष परिस्थितियों में शहर में प्रवेश की अनुमति अपर जिला मजिस्ट्रेट झाबुआ द्वारा दी जा सकेगी।

प्रतिबंधित घोषित किये गये क्षेत्र में मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 116 के अन्तर्गत नियमों का पालन कराये जाने हेतु उक्त मार्गों के प्रवेश स्थान पर आवश्यक सूचना एवं समुचित यातायात चिन्ह लगवाये जाये। आदेश का क्रियान्वयन यातायात पुलिस की तैनाती करते हुए भारी वाहनों के प्रवेश को रोका जाए। उक्त आदेश 03 नवंबर 2026 से 03 दिसम्बर 2026 तक प्रभावशील रहेगा।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP

आगामी त्यौहारों/पर्वो के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा एवं साम्प्रदायिक स‌द्भाव की स्थिति को बनाये रखने के लिये भारतीय न...
03/11/2026

आगामी त्यौहारों/पर्वो के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा एवं साम्प्रदायिक स‌द्भाव की स्थिति को बनाये रखने के लिये भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया

आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए 06 नवंबर 2026 को धनतेरस, 08 नवंबर 2026 को दीपावली पर्व, 09 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा, 11 नवंबर 2026 को भाईदूज, 15 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस, 24 नवंबर 2026 को गुरुनानक जयंती, 03 दिसम्बर 2026 को विश्व दिव्यांग दिवस, 04 दिसम्बर 2026 को क्रांतिसूर्य टंट्या भील बलिदान दिवस, 25 दिसम्बर 2026 को क्रिसमस पर्व, 31 दिसम्बर 2026 को नववर्ष की पूर्व संध्या कार्यक्रम आदि अन्य त्यौहार मनायें जायेंगे। आगामी त्यौहारों/विवाह एवं अन्य समारोह के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा एवं साम्प्रदायिक सद्भाव की स्थिति को बनाये रखने के लिये असामाजिक तत्वों, अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों तथा निहित स्वार्थी तत्वों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए सम्पूर्ण जिला झाबुआ क्षेत्रान्तर्गत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया जाना लोकहित में समुचित होगा।

पुलिस अधीक्षक जिला झाबुआ के पत्र द्वारा जिले में उक्त त्यौहार/विवाह समारोह/धार्मिक स्थलों/मैरिज गार्डन, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों आदि में समाजजनों द्वारा रैली/जुलूस आदि निकाले जाते हैं अथवा किसी संगठन/आमजन द्वारा धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया जाता है, जिससे समाज में लोक परिशांति प्रभावित होती है एवं रैली/ जुलूस के दौरान कुछ लोग हथियार लेकर सम्मिलित हो जाते है। जिससे अप्रिय घटना घटित होने की प्रबल संभावना रहती है।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जिला झाबुआ डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 (1) (2) में प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग में लाते हुए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया :-

झाबुआ जिले की सम्पूर्ण राजस्व सीमा में आपत्तिजनक साम्प्रदायिक और धार्मिक उन्माद फैलाने वाले गाने बजाने व सोशल मीडिया के संसाधन, फेसबुक, व्हाटसएप, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम, इन्टरनेट आदि से आपत्तिजनक फोटो, कमेंट, चित्र पोस्ट करने अथवा अन्य आपत्तिजनक संदेश पोस्ट करना पूर्णतः प्रतिबंधित होगा।

झाबुआ जिले की सीमा में किसी भी संगठन द्वारा कोई धरना प्रदर्शन, जुलूस, रैली का आयोजन किये जाने से पूर्व आवेदन क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी को आवेदन प्रस्तुत कर अनुमति प्राप्त किया जाना अनिवार्य होगा। सभी कार्यक्रम के लिये आवेदन सक्षम पुलिस अधिकारी के अभिमत के साथ कम से कम 48 घण्टे पूर्व किया जाना तथा पुलिस अधिकारी के बिना आवेदन पत्र कम से कम 72 घंटे पूर्व प्रस्तुत किया जाना आवश्यक है। अनुमति प्राप्त करने वाले आयोजकों की यह जिम्मेदारी होगी कि वह पूरे कार्यक्रम/आयोजन की वीडियोग्राफी कराएंगें। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं हिंसा रहित हो यह उत्तरदायित्व आयोजक संस्था का होगा।

प्रशासनिक अनुमति प्राप्त आयोजनों में ऐसे नारे/बैनर/पोस्टर का प्रयोग नहीं किया जायें, जिनसे किसी भी धर्म/वर्गों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे। किसी भी कार्यक्रम के दौरान शस्त्र प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसा पाये जाने की दशा में संबंधित त्रुटिकर्ता के साथ-साथ कार्यक्रम के आयोजक/आयोजकों का भी उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाकर उनके विरूद्ध विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी।

समस्त प्रकार के आयोजनों की अनुमति प्रशासनिक अधिकारियों से प्राप्त किया जाने के उपरांत ही आयोजन किया जाएगा। अनुमति प्राप्त नहीं होने पर किये जाने वाले आयोजनों को अवैधानिक घोषित करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

चूंकि यह आदेश सर्व साधारण को संबोधित है व व्यक्तिशः समस्त को तामिल किया जाना संभव नहीं होने से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 (2) के अंतर्गत एकपक्षीय पारित किया जाता है।

उक्त आदेश 04 नवंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रभावशील रहेगा तथा उक्त प्रभावशील अवधि में आदेश का उल्लघंन भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 अन्तर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आएगा।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP

कलेक्टर डॉ. भरसट ने  #जनसुनवाई में सुनी नागरिकों की समस्याएं, प्राप्त हुए 62 आवेदनप्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता एवं समय...
03/11/2026

कलेक्टर डॉ. भरसट ने #जनसुनवाई में सुनी नागरिकों की समस्याएं, प्राप्त हुए 62 आवेदन

प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के दिए निर्देश

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ. भरसट ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्राम कुशलपुरा, तहसील झाबुआ निवासी श्री भूरा पिता रंगा भूरिया ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि ग्राम कुशलपुरा के बारी फलिये में नवीन आंगनवाड़ी भवन का निर्माण नाले में किया जा रहा है, जबकि शाला के समीप शासकीय भूमि उपलब्ध है। उन्होंने पटवारी से स्थल की जांच करवाकर आंगनवाड़ी भवन का निर्माण उपयुक्त शासकीय भूमि पर कराए जाने का अनुरोध किया।

इसी प्रकार ग्राम खामड़ीपाड़ा (टेमरिया), तहसील पेटलावद निवासी श्रीमती मीरा पति बद्री गरवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवास की शेष किस्तों एवं मजदूरी की राशि प्राप्त नहीं होने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पेटलावद को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम कुंभाखेड़ी, तहसील पेटलावद निवासी श्री भमर सिंह पारगी ने अपनी स्वामित्व की भूमि पर अन्य व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत करते हुए भूमि का सीमांकन करवाकर अतिक्रमण हटाने की मांग की। इस संबंध में कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम सजेली, तहसील मेघनगर निवासी श्री थावरिया पिता सुरपाल डामोर ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी कृषि भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा करने के उद्देश्य से कुछ व्यक्तियों द्वारा विवाद, मारपीट, गाली-गलौज, पत्थरबाजी एवं जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा स्वयं एवं परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

इसी प्रकार तहसील मेघनगर के ग्राम गोपालपुरा, राजपुरा एवं खालखण्डी के ग्रामीणों ने रतलाम-बड़ौदा रेलवे लाइन विस्तार के लिए किए गए ड्रोन सर्वे एवं प्रस्तावित रेलवे लाइन के मार्ग पर आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने आवेदन के माध्यम से बताया कि प्रस्तावित रेलवे लाइन उनकी निजी भूमि से होकर निकाली जा रही है, जबकि पुरानी रेलवे लाइन के समीप से मार्ग निर्धारित किया जा सकता है। उन्होंने सर्वे के आधार पर जारी नक्शे पर आपत्ति दर्ज करते हुए प्रकरण की जांच कर उचित निराकरण करने का अनुरोध किया।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता, गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। संबंधित अधिकारी शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा कर प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP

कलेक्टर डॉ. भरसट ने दीप प्रज्ज्वलित कर  #दीपोत्सव_2026 का किया शुभारंभकलेक्टर ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय एव...
03/11/2026

कलेक्टर डॉ. भरसट ने दीप प्रज्ज्वलित कर #दीपोत्सव_2026 का किया शुभारंभ

कलेक्टर ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की

वोकल फॉर लोकल के तहत आजीविका दीदियों, दिव्यांगजनों एवं ग्रामीण कारीगरों के उत्पादों को मिल रहा प्रोत्साहन

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को आजीविका कला दीर्घा भवन, झाबुआ में दीप प्रज्ज्वलित कर दो दिवसीय दीपोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन द्वारा "वोकल फॉर लोकल" अभियान के अंतर्गत आयोजित दीपोत्सव का उद्देश्य स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना, ग्रामीण कारीगरों के कौशल को बढ़ावा देना तथा स्वरोजगार एवं आजीविका के अवसरों को सशक्त बनाना है।

शुभारंभ के उपरांत कलेक्टर डॉ. भरसट ने दीपोत्सव में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की आजीविका दीदियों, दिव्यांगजनों एवं ग्रामीण कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों की जानकारी प्राप्त की तथा उनके कौशल एवं रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने उत्पादों के निर्माण, गुणवत्ता एवं विक्रय संबंधी जानकारी लेते हुए स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने की बात कही।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे आयोजनों से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं ग्रामीण कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होता है। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे दीपोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करें तथा "वोकल फॉर लोकल" अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

दीपोत्सव-2026 में स्वयं सहायता समूहों की आजीविका दीदियों, दिव्यांगजनों, बाल संप्रेक्षण गृह के बच्चों एवं ग्रामीण कारीगरों द्वारा निर्मित विभिन्न आकर्षक सामग्रियों की प्रदर्शनी एवं विक्रय किया जा रहा है। आयोजन में गलसन माला, बांस से निर्मित सामग्री, मिठाई, नमकीन, चिप्स, सेव, टमाटर केचप, टोस्ट, खारी, सोयाबीन तेल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ, मिट्टी के घोड़े, दीपक, कुल्हड़, गोबर से निर्मित गणेश प्रतिमाएं, टेराकोटा मूर्तियां, पिथौरा पेंटिंग, रंगोली के रंग, मोरपंख, तोरण, गुड़िया, डिजाइनर दीपक, लाइटिंग सामग्री, सजावटी उत्पाद, जैविक सामग्री एवं दालों सहित अन्य स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।

यह दो दिवसीय दीपोत्सव 03 एवं 04 नवम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक आजीविका कला दीर्घा भवन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय के सामने, झाबुआ में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से स्थानीय कारीगरों एवं स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध होने के साथ ही उनकी आजीविका एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

जिला प्रशासन ने समस्त जिलेवासियों से दीपोत्सव-2026 में सहभागिता कर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने एवं ग्रामीण कारीगरों तथा आजीविका दीदियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की है।

इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP

स्वरोजगार दिवस पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने हितग्राहियों को वितरित किए ऋण स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेकशासन की स्वरोजगारमूलक योजन...
03/11/2026

स्वरोजगार दिवस पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने हितग्राहियों को वितरित किए ऋण स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक

शासन की स्वरोजगारमूलक योजनाओं से हितग्राहियों को मिल रहा आर्थिक आत्मनिर्भरता का अवसर

जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने, उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने एवं हितग्राहियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को स्वरोजगार दिवस का आयोजन किया गया। साप्ताहिक जनसुनवाई के साथ आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शासन की विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक वितरित किए।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने हितग्राहियों से संवाद कर उनकी स्वरोजगार गतिविधियों एवं व्यवसाय संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपने व्यवसायों का विस्तार करने, आय के स्थायी स्रोत विकसित करने तथा आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) द्वारा राधा महिला बचत समूह (नाड़) एवं भक्ति महिला बचत समूह (नाड़) को आजीविका गतिविधियों के संचालन हेतु 6-6 लाख रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए।

इसी क्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत श्री भाविन जैन को बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई व्यवसाय हेतु 7 लाख 50 हजार रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त विकास निगम द्वारा भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत श्री निलेश डावर को निर्माण सामग्री व्यवसाय हेतु 8 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया।

नगर पालिका द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत डोली डामोर को सिलाई कार्य हेतु 15 हजार रुपये का स्वीकृति पत्र, आयशा कुरैशी को सिलाई कार्य हेतु 15 हजार रुपये का वितरण पत्र तथा श्री दीपक राव को फेरी व्यवसाय हेतु 25 हजार रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सुश्री पिंकी डिंडोर, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री गणेश कुमार सोनी, एनआरएलएम से श्रीमती कृष्णा रावत, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP

03/11/2026
कलेक्टर डॉ. भरसट की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा एवं अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजितसीएम हेल्पलाइन शिकायतों क...
02/11/2026

कलेक्टर डॉ. भरसट की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा एवं अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं स्वामित्व योजना अंतर्गत रजिस्ट्री कार्य में गति लाने के दिए निर्देश

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा एवं अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं संचालित अभियानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर डॉ. भरसट ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी शुक्रवार को विकासखंड राणापुर के ग्राम अंधारवाड़ में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविर की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्वामित्व योजना अंतर्गत रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 7,566 रजिस्ट्रियां पूर्ण की गई हैं तथा जिला प्रदेश में 26वें स्थान पर है। कलेक्टर ने रजिस्ट्री कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। साथ ही शासन के निर्देशानुसार मंत्रीगण, सांसद एवं विधायकों से समन्वय कर उनके पैतृक अथवा पसंद के ग्राम का चयन करने तथा 06 नवम्बर तक चयनित ग्रामों में शत-प्रतिशत स्वामित्व रजिस्ट्री पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस उपलब्धि पर ग्राम स्तर पर स्थानीय कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मिशन ममता मंदिर अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत अब तक 8 प्रमाणन पूर्ण होने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने शेष आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के NQAS प्रमाणन कार्य में गति लाने तथा ग्राम स्तर पर गठित ममता दलों की क्षमता संवर्धन के लिए आवश्यक प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विगत शुक्रवार को 15 ग्राम पंचायतों में आयोजित जल चौपालों की समीक्षा की। उन्होंने जल चौपाल के आधार पर तैयार प्रत्येक ग्राम की प्रोफाइल के अनुसार पेयजल व्यवस्था हेतु कार्ययोजना बनाने तथा आवश्यकतानुसार ग्रामों में पानी के टैंकरों की संख्या निर्धारित कर उनका चिन्हांकन करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने महिलाओं की आजीविका संवर्धन के लिए गलसन माला निर्माण से संबंधित महिला समूहों के क्लस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बच्चों की कम उपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उपस्थिति में सुधार नहीं होने पर संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, समस्त एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP

कलेक्टर डॉ. भरसट के निर्देशन में 03 एवं 04 नवंबर को दीपोत्सव-2026 का होगा आयोजनवोकल फॉर लोकल के तहत स्थानीय एवं स्वदेशी ...
02/11/2026

कलेक्टर डॉ. भरसट के निर्देशन में 03 एवं 04 नवंबर को दीपोत्सव-2026 का होगा आयोजन

वोकल फॉर लोकल के तहत स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को मिलेगा प्रोत्साहन

आजीविका दीदियों, दिव्यांगजनों एवं बाल संप्रेक्षण गृह के बच्चों द्वारा निर्मित सामग्रियों का होगा प्रदर्शन एवं विक्रय

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में जिला प्रशासन झाबुआ द्वारा "वोकल फॉर लोकल" अभियान के अंतर्गत दीपोत्सव-2026 का आयोजन 03 एवं 04 नवंबर 2026 को किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना, ग्रामीण कारीगरों के कौशल को बढ़ावा देना तथा स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसरों को सशक्त बनाना है।

दीपोत्सव-2026 के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की आजीविका दीदियों, दिव्यांगजनों, बाल संप्रेक्षण गृह के बच्चों एवं ग्रामीण कारीगरों द्वारा निर्मित विभिन्न आकर्षक सामग्रियों की प्रदर्शनी एवं विक्रय किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला एवं कौशल प्रदर्शित करने के साथ ही उनके द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का अवसर प्राप्त होगा।

आयोजन में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण कारीगरों द्वारा निर्मित विविध उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से गलसन माला, बांस से निर्मित सामग्री, मिठाई, नमकीन, चिप्स, सेव, टमाटर केचप, टोस्ट, खारी, सोयाबीन तेल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ, मिट्टी के घोड़े, दीपक, कुल्हड़, गोबर से निर्मित गणेश प्रतिमाएं, टेराकोटा मूर्तियां, पिथौरा पेंटिंग, रंगोली के रंग, मोरपंख, तोरण, गुड़िया, डिजाइनर दीपक, लाइटिंग सामग्री, सजावट के विविध उत्पाद, जैविक सामग्री एवं दालें सहित अन्य स्थानीय उत्पाद प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए उपलब्ध रहेंगे।

कलेक्टर डॉ. भरसट के निर्देशन में आयोजित इस दीपोत्सव के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, दिव्यांगजनों, बाल संप्रेक्षण गृह के बच्चों एवं ग्रामीण कारीगरों की रचनात्मक प्रतिभा तथा पारंपरिक कला को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही स्थानीय उत्पादों की बिक्री से उनकी आजीविका को सुदृढ़ करने एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।

दीपोत्सव-2026 का आयोजन 03 एवं 04 नवंबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक आजीविका कला दीर्घा भवन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय के सामने, झाबुआ में किया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे दीपोत्सव-2026 में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करें तथा स्वयं सहायता समूहों की आजीविका दीदियों, दिव्यांगजनों, बाल संप्रेक्षण गृह के बच्चों एवं ग्रामीण कारीगरों के प्रयासों को प्रोत्साहित करते हुए "वोकल फॉर लोकल" अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP

कलेक्टर कार्यालय परिसर में हुआ राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायनकेशव विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं...
02/11/2026

कलेक्टर कार्यालय परिसर में हुआ राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन

केशव विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं ने दी सुमधुर प्रस्तुति, कलेक्टर डॉ. भरसट ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन

मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार माह के प्रथम कार्य दिवस पर सोमवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम में केशव विद्यापीठ स्कूल के छात्र-छात्राओं ने वाद्य यंत्रों की मधुर संगत के साथ राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान की आकर्षक प्रस्तुति दी। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति एवं प्रदेश के प्रति गौरव की भावना से गूंज उठा।

सामूहिक गायन कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। छात्र-छात्राओं की सुमधुर प्रस्तुति ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रप्रेम, एकता एवं कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया।

कार्यक्रम के पश्चात कलेक्टर डॉ. भरसट ने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनका परिचय प्राप्त किया एवं उनकी प्रस्तुति की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार एवं निरंतर परिश्रम जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक हैं। विद्यार्थी अपने लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तथा अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं का विकास कर समाज और राष्ट्र की प्रगति में योगदान दें।

इस दौरान कलेक्टर डॉ. भरसट ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP

Address

कलेक्टर कार्यालय, झाबुआ
Jhabua
457661

Opening Hours

Monday 10am - 6pm
Tuesday 10am - 6pm
Wednesday 10am - 6pm
Thursday 10am - 6pm
Friday 10am - 6pm

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Collector Office Jhabua posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to Collector Office Jhabua:

Shortcuts

Share

Nearby government services