01/06/2026
सुप्रीम कोर्ट ने नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा को मौजूदा पेन और पेपर प्रारूप के स्थान पर कंप्यूटर-आधारित परीक्षा आयोजित करने की मांग वाली याचिका को खारिज किया ।
जस्टिस पी. एस. नरसिम्हा और अरविंद कुमार की पीठ ने कहा कि कंम्पयूटर आधारित पुनर्परीक्षा आयोजित करने का कोई सवाल ही नहीं उठता, क्योंकि परीक्षा रद्द होने के बाद से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी पहले से ही चुनौतियों का सामना कर रही है।
न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को तय की है।
01/06/2026
सीमांत चमोली जिले की सुरम्य और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में आयोजित #नीति_एक्सट्रीम_अल्ट्रा_रन की विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को आज सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा।
‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के अंतर्गत 5, 10, 21, 42 और 75 किलोमीटर की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वहीं, कार्यक्रम के तहत कल गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर की माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी) चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 100 से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे।
तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में देश के 27 राज्यों से आए 1,200 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
01/06/2026
वस्तु और सेवा कर - #जीएसटी का सकल संग्रह पिछले महीने 3.2% बढ़कर एक लाख 94 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया। पिछले वर्ष मई में ये एक लाख 88 हजार करोड़ रुपये था।
01/06/2026
चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान (Valley of Flowers National Park) आज से पर्यटकों के दीदार के लिए खोल दिया गया है।
यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल में शामिल इस घाटी के खुलने से स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को भी नई ऊर्जा मिली है।
प्रत्येक वर्ष की तरह, इस वर्ष भी घाटी को जून महीने के शुरुआती सप्ताह में पर्यटकों के लिए खोला गया है। यह घाटी आमतौर पर अक्टूबर के अंत तक या बर्फबारी शुरू होने तक पर्यटकों के लिए खुली रहती है।
मानसून के आगमन के साथ ही घाटी में फूलों की बहार आने लगती है, जो सितंबर तक अपने चरम पर होती है। इस दौरान यहां ब्रह्म कमल, ब्लू पोस्ता (Blue Poppy), कोबरा लिली जैसे सैकड़ों प्रजातियों के फूल खिलते हैं, जिससे पूरी घाटी एक रंगीन कालीन का रूप ले लेती है।
गोविंदघाट से लगभग 13 किलोमीटर की पैदल चढ़ाई (ट्रेक) करके बेस कैंप घांघरिया तक पहुंचते हैं, और फिर घांघरिया से फूलों की घाटी का प्रवेश द्वार लगभग 3 किलोमीटर दूर है। घाटी के अंदर केवल दिन के समय ही रहने की अनुमति होती है, और सूर्यास्त से पहले वापस आना होता है।
01/06/2026
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरा #आईपीएल खिताब जीता।
फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने अहमदाबाद स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 156 रन का लक्ष्य दिया जवाब में विराट कोहली की नाबाद 75 रन की पारी की बदौलत बेंगलुरु ने 2 ओवर शेष रहते मैच जीत लिया।