27/10/2026
प्रिय मुंबई यूथ कांग्रेस के सभी साथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, 🙏✋
Better Cities – Mumbai Cha Haq हमारे संगठन के लिए एक बहुत बड़ा अवसर है। यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मुंबई के आम नागरिकों की समस्याओं को समझने, उनकी आवाज़ उठाने और जमीनी स्तर पर समाधान के लिए काम करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
जिस उद्देश्य और सोच के साथ हमने इस अभियान की शुरुआत की थी, उस स्तर पर अभी हमारा काम नहीं पहुँच पाया है। इसलिए आप सभी से मेरी विनम्र अपील है कि इस कार्यक्रम को गंभीरता से लें और पूरी जिम्मेदारी के साथ इस पर काम करें।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम पर हमारे राष्ट्रीय प्रभारी श्री मनीष शर्मा जी, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदय भानु चिब जी एवं अर्बन पॉलिटिक्स प्रोग्राम की इंचार्ज सुश्री खुशबू शर्मा जी का विशेष ध्यान है।
हम सभी के लिए यह अपनी कार्यक्षमता साबित करने, जनता के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाने और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने का एक बेहतरीन अवसर है।
मेरी सभी जिला अध्यक्षों, विधानसभा एवं वार्ड स्तर के पदाधिकारियों और प्रत्येक कार्यकर्ता से विशेष अपील है कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर Task Force Team बनाएं, नागरिकों की समस्याओं को पहचानें, उनका डॉक्यूमेंटेशन करें और संबंधित अधिकारियों तक पहुँचाकर समाधान के लिए निरंतर प्रयास करें।
याद रखिए, हमारी ताकत सिर्फ संगठन में नहीं, बल्कि जनता के बीच हमारे काम में है। हमें इस अभियान को केवल पोस्टर और सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि इसे हर वार्ड और हर नागरिक तक पहुँचाना है।
आइए, हम सब मिलकर इस अभियान को सफल बनाएं और साबित करें कि युवा कांग्रेस सिर्फ आवाज़ नहीं उठाती, बल्कि बदलाव लाने के लिए जमीन पर काम भी करती है।
आप सभी से सहयोग, सक्रिय भागीदारी और पूरी प्रतिबद्धता की अपेक्षा है।
मजबूत युवा | बेहतर शहर | हमारी मुंबई! ✋🇮🇳