Municipal Corporation Dehradun

Call Directions Website Contact the organization

Municipal Corporation Dehradun Hello Everyone we Welcome you to the Official Page of Municipal Corporation, Dehradun. Let's work together to make "Swachh Doon Sundar Doon" a success.

Welcome to the official page of the Municipal Corporation of Dehradun City! Our page is dedicated to keeping our citizens informed about the latest updates, events, and initiatives taken by us to make Dehradun "Swachh Doon, Sundar Doon". Our mission is to make Dehradun a clean and beautiful city for its residents and visitors and we are committed to ensure that. We believe that "Swachh Doon Sundar Doon" is not just a slogan, but it is a responsibility to make Dehradun cleaner and more eco-friendly city for everyone. We encourage everyone to join us in keeping our streets, parks, and public areas clean and litter-free. Join us in this noble cause and help us to maintain the beauty and cleanliness of Dehradun.

नगर निगम, देहरादून शहर के फेसबुक पेज पर आपका स्वागत है!
हमारा पेज देहरादून को "स्वच्छ दून, सुंदर दून" बनाने के लिए हमारे द्वारा की गई पहल के बारे में सभी नागरिकों को सूचित करता है।

हमारा मिशन देहरादून को एक स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना है,
"स्वच्छ दून, सुंदर दून" सिर्फ एक नारा ही नहीं बल्कि देहरादून के निवासियों के लिए स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त शहर बनाने की जिम्मेदारी भी है।

हम सभी को उनके आस पास के सड़कों, पार्कों और सार्वजनिक क्षेत्रों को साफ और कूड़े से मुक्त रखने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

आइए मिलकर "स्वच्छ दून, सुंदर दून" को सफल बनाने के लिए इस मुहीम में हमारे साथ जुड़ें और देहरादून की सुंदरता और स्वच्छता को बनाए रखने में अपना सहयोग दे।

नगर निगम देहरादून द्वारा शहर के सुनियोजित विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं शहरी आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने के उ...
31/10/2026

नगर निगम देहरादून द्वारा शहर के सुनियोजित विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं शहरी आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से Urban Challenge Fund (अर्बन चैलेंज फंड) के अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पार्कों के विकास एवं सौन्दर्यीकरण, व्यावसायिक दुकानों के निर्माण तथा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने हेतु ट्रैफिक डी-कंजेशन (यातायात जाम निवारण) से संबंधित प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण किया गया।

प्रस्तुतीकरण के दौरान शहर में उपलब्ध भूमि एवं नगर निगम की परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग करते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त पार्कों के विकास, हरित क्षेत्रों के विस्तार, नागरिकों के लिए बेहतर मनोरंजन एवं सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही नगर निगम की भूमि पर व्यावसायिक दुकानों के निर्माण के प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ नगर निगम के राजस्व में भी वृद्धि हो सके।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ट्रैफिक डी-कंजेशन के अंतर्गत प्रमुख चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात दबाव कम करने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था विकसित करने, सड़क किनारे अव्यवस्थित गतिविधियों को नियंत्रित करने तथा यातायात के सुचारु संचालन हेतु विभिन्न तकनीकी एवं आधारभूत संरचनात्मक उपायों पर प्रस्तुतीकरण दिया गया।

नगर आयुक्त द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी प्रस्तावों को तकनीकी, वित्तीय एवं व्यवहारिक दृष्टिकोण से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रस्तावों से शहर के नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त हो तथा देहरादून को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने में सहायता मिले।

नगर निगम का उद्देश्य अर्बन चैलेंज फंड के माध्यम से शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना, सार्वजनिक स्थलों का बेहतर विकास करना, राजस्व के नवीन स्रोत विकसित करना तथा नागरिकों को सुगम एवं बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

नगर निगम द्वारा माननीय महापौर महोदय एवं नगर आयुक्त महोदय के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में वायु प्रदूषण की रोकथाम, स्व...
31/10/2026

नगर निगम द्वारा माननीय महापौर महोदय एवं नगर आयुक्त महोदय के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में वायु प्रदूषण की रोकथाम, स्वच्छता तथा कचरे के स्रोत पर पृथक्करण (Source Segregation) के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के अंतर्गत नागरिकों को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही, अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, खुले में कूड़ा न फेंकने, कूड़ा न जलाने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान नागरिकों को स्रोत पर कचरा पृथक्करण (Source Segregation) के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें समझाया गया कि घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित करना आवश्यक है।

गीला कचरा: रसोई से निकलने वाला जैविक कचरा, फल-सब्जियों के छिलके एवं बचा हुआ भोजन।
सूखा कचरा: कागज, प्लास्टिक, धातु, कांच एवं अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री।
घरेलू हानिकारक कचरा: बैटरी, बल्ब, पेंट के डिब्बे, एक्सपायर्ड दवाइयां एवं अन्य हानिकारक घरेलू अपशिष्ट।
नागरिकों से अपील की गई कि वे कचरे को घर से ही अलग-अलग करके नगर निगम के कूड़ा संग्रहण वाहनों को सौंपें, जिससे कचरे का उचित निस्तारण एवं पुनर्चक्रण सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अतिरिक्त, वायु प्रदूषण को कम करने के लिए अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने, कूड़ा एवं पत्तियां खुले में न जलाने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर छेत्र के सम्मानित परसादगण एवं चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर भी उपस्थित रहे ।

अभियान के माध्यम से आमजन को संदेश दिया गया कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रादेशिक कार्यालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा नगर निगम देहरादून क...
30/10/2026

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रादेशिक कार्यालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा नगर निगम देहरादून के प्रेक्षागृह में देशव्यापी 'स्वच्छता अभियान 6.0' के अंतर्गत विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं स्वच्छ कार्य वातावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त श्री आलोक कुमार पांडेय ने की। इस अवसर पर मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष श्री सुनील कुमार खैरवाल एवं सचिव श्री धीरज भारती विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त केंद्रीय संचार ब्यूरो एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीआईबी देहरादून के मीडिया संचार अधिकारी एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने स्वच्छता अभियान 6.0 के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित कार्य वातावरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग अथवा संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ और स्वच्छ समाज का निर्माण संभव है।

संयुक्त नागरिक संगठन, देहरादून के पदाधिकारियों द्वारा नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त श्री आलोक कुमार पांडेय से भेंट कर ...
29/10/2026

संयुक्त नागरिक संगठन, देहरादून के पदाधिकारियों द्वारा नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त श्री आलोक कुमार पांडेय से भेंट कर शहरहित एवं जनहित में उनके द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों के लिए पुष्प भेंट कर धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने देहरादून शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, शहर के विकास कार्यों को गति देने तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर के सुव्यवस्थित विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्य महत्वपूर्ण हैं।

नगर आयुक्त श्री आलोक कुमार पांडेय ने संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देहरादून को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इस दिशा में नगर निगम प्रशासन निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने शहर के विकास एवं स्वच्छता के लिए नागरिकों और सामाजिक संगठनों से सहयोग बनाए रखने की अपील भी की।

इस अवसर पर संयुक्त नागरिक संगठन के श्री सुशील त्यागी, श्री गिरीश भट्ट, श्री अवधेश शर्मा, श्री उमेश सक्सेना, श्री नवीन सदाना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

28/10/2026

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, बैठक के बीच जमा कराए इंस्पेक्टरों के फोन

फिर सफाई निरीक्षकों सहित अधिकारियों को लेकर निकल पड़े सड़कों पर

राजपुर रोड समेत कई इलाकों में सफाई कर्मचारियों की गैरमौजूदगी पर जवाब तलब, मौके पर ही सुपरवाइजर पर कार्रवाई के निर्देश; दोपहर की शिफ्ट में भी सफाई दुरुस्त रखने की हिदायत

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने बुधवार को ऐसा औचक निरीक्षण किया कि नगर निगम के सफाई महकमे म...
28/10/2026

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने बुधवार को ऐसा औचक निरीक्षण किया कि नगर निगम के सफाई महकमे में हड़कंप मच गया। नगर आयुक्त ने पहले सभी सफाई निरीक्षकों को बैठक के लिए नगर निगम बुलाया। बैठक के दौरान ही सभी के मोबाइल फोन जमा करा लिए और इसके तुरंत बाद अधिकारियों को साथ लेकर सीधे सड़कों पर उतर गए। इस अचानक हुई कार्रवाई से सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत सामने आई। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सफाई कर्मचारियों की गैरमौजूदगी और कूड़ा मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई तथा संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय का बुधवार को औचक निरीक्षण आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से किया गया। बैठक के बीच ही सफाई निरीक्षकों को साथ लेकर फील्ड में पहुंचने का मकसद साफ था, सफाई व्यवस्था की समीक्षा केवल बैठकों और रिपोर्टों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखी जाए। मोबाइल फोन जमा कराने के बाद अधिकारियों को सीधे उनके कार्यक्षेत्रों में ले जाकर नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही को लेकर सख्त संदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान राजपुर रोड समेत विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। कई स्थानों पर सफाई कर्मचारी मौजूद नहीं मिलने पर नगर आयुक्त ने संबंधित सफाई निरीक्षकों और सुपरवाइजर से जवाब तलब किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करना और निर्धारित समय पर सफाई कार्य कराना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

निरीक्षण की शुरुआत डोभालवाला वार्ड से की गई। यहां विभिन्न स्थानों पर कूड़ा पड़ा मिलने और सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आने पर नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। सफाई व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी को क्षेत्रीय सफाई सुपरवाइजर मुकुल को वर्तमान दायित्व से मुक्त कर उनके मूल पद सफाई कर्मचारी पर तैनात करने के निर्देश दिए।

इसके बाद नगर आयुक्त ने कैनाल रोड, सहस्त्रधारा रोड, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर रोड सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया। विभिन्न स्थानों पर कूड़ा पाए जाने पर संबंधित सफाई निरीक्षकों को तत्काल व्यवस्था सुधारने और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को लेकर सफाई निरीक्षक पुष्पा रौथाण, राखी एवं विपेंद्र से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने, सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी करने और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने देने को कहा।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था केवल सुबह की शिफ्ट तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। दोपहर की शिफ्ट में भी नियमित सफाई और समयबद्ध कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए। प्रमुख मार्गों, आंतरिक सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने दुकानदारों को भी अपने प्रतिष्ठानों के आसपास गंदगी नहीं फैलाने और कूड़े का उचित निस्तारण करने की हिदायत दी। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना नगर निगम के साथ-साथ व्यापारियों और नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने साफ किया कि आगामी त्योहारों के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वह स्वयं नियमित रूप से विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे और सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे। जहां भी कमियां मिलेंगी, वहां तत्काल सुधार के साथ जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के बीच मोबाइल फोन जमा कराकर सफाई निरीक्षकों को सीधे उनके क्षेत्रों में ले जाने की इस कार्रवाई से नगर निगम के सफाई अमले को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अब सफाई व्यवस्था की निगरानी केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर होगी और लापरवाही मिलने पर जवाबदेही भी तय की जाएगी।

नगर आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार नगर निगम देहरादून द्वारा राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (National Clean Air Programme...
28/10/2026

नगर आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार नगर निगम देहरादून द्वारा राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (National Clean Air Programme–NCAP) के अंतर्गत वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालयों में विशेष जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विशेष रूप से त्योहारों के दौरान वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों तथा इसके नियंत्रण के उपायों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल त्योहार मनाने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को दीपावली एवं अन्य त्योहारों के समय पटाखों के अत्यधिक उपयोग, कूड़ा-कचरा एवं पत्तियाँ जलाने, वाहनों से निकलने वाले धुएँ तथा धूल के कारण वायु गुणवत्ता पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, PM10 एवं PM2.5 जैसे सूक्ष्म कणों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों तथा बच्चों, बुजुर्गों और श्वसन संबंधी समस्याओं से ग्रसित व्यक्तियों पर इनके दुष्प्रभावों के विषय में भी जागरूक किया गया।

विद्यार्थियों को त्योहारों के दौरान वायु प्रदूषण कम करने के लिए निम्नलिखित उपाय अपनाने हेतु प्रेरित किया गया—

पटाखों के उपयोग से बचते हुए पर्यावरण-अनुकूल एवं हरित दीपावली मनाना।

कूड़ा-कचरा, सूखी पत्तियाँ एवं अन्य अपशिष्ट खुले में न जलाना।

सजावट में मिट्टी के दीये एवं ऊर्जा-कुशल प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता देना।

घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना तथा कचरे का उचित निस्तारण करना।

परिवार, मित्रों एवं समुदाय के अन्य सदस्यों को वायु प्रदूषण की रोकथाम के प्रति जागरूक करना।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए चित्रकला, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी एवं शपथ ग्रहण जैसी गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण संभव है।

नगर निगम देहरादून में भगवान महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित...
26/10/2026

नगर निगम देहरादून में भगवान महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। माननीय मुख्यमंत्री जी ने हरी झंडी दिखाकर भगवान महर्षि वाल्मीकि जी की भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान माननीय महापौर श्री सौरभ थपलियाल जी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

शोभायात्रा के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित लोगों ने भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के जयकारों के साथ श्रद्धा एवं उत्साह व्यक्त किया। शोभायात्रा के माध्यम से भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, उनके महान कृतित्व, आध्यात्मिक विचारों तथा सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने वातावरण को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बनाया।

इस अवसर पर भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

माननीय मुख्यमंत्री जी ने भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों को आत्मसात करने का किया आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, उनके महान कृतित्व और भारतीय संस्कृति में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार सत्य, धर्म, कर्तव्यनिष्ठा, करुणा, न्याय और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

माननीय मुख्यमंत्री जी ने भगवान महर्षि वाल्मीकि जी की महान रचना रामायण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ग्रंथ भारतीय संस्कृति और सभ्यता का महत्वपूर्ण आधार है। रामायण में वर्णित आदर्श जीवन, पारिवारिक संबंध, सामाजिक उत्तरदायित्व, कर्तव्यपरायणता तथा मर्यादा के मूल्य आज भी प्रासंगिक हैं। महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाएं समाज में नैतिक चेतना जागृत करने के साथ ही लोगों को एक-दूसरे के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती हैं।

उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और स्वच्छता के संदेश को एक मंच पर लाते हुए नगर निगम देहरादून ने जन-जागरूकता की अनूठी पह...
24/10/2026

उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और स्वच्छता के संदेश को एक मंच पर लाते हुए नगर निगम देहरादून ने जन-जागरूकता की अनूठी पहल की। शनिवार को परेड ग्राउंड में आयोजित स्वच्छता रैली एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से गढ़वाली, कुमाऊँनी और जौनसारी लोक संस्कृति के रंगों में स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। नगर आयुक्त ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता रैली को रवाना किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों, संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के प्रति जागरूक किया। लोक संस्कृति की जीवंत प्रस्तुतियों के साथ आयोजित इस पहल ने यह संदेश दिया कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ अपने शहर, सार्वजनिक स्थलों और प्राकृतिक परिवेश को स्वच्छ रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य लोक संस्कृति को जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाते हुए स्वच्छता अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ना रहा। रैली के माध्यम से नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

उत्तराखंड की गढ़वाली, कुमाऊँनी एवं जौनसारी लोक परंपराएँ अपनी विशिष्ट पहचान, लोकगीतों, संगीत, नृत्य और सामुदायिक सहभागिता के लिए जानी जाती हैं। इन्हीं सांस्कृतिक परंपराओं को स्वच्छता अभियान से जोड़कर नगर निगम ने स्थानीय संस्कृति के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया। कार्यक्रम में लोक कलाकारों की सहभागिता ने स्वच्छता के संदेश को सांस्कृतिक जुड़ाव के साथ आमजन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर नागरिकों से अपील की गई कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों एवं कूड़ा संग्रहण वाहनों में ही डालें, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएँ तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचें। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहते हुए शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएँ।

Address

Nagar Nigam
Dehra Dun
248001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Municipal Corporation Dehradun posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to Municipal Corporation Dehradun:

Shortcuts

Share

Nearby government services